Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

राम मंदिर की नींव पर जलाए जाएंगे 51 हजार दीये

राम मंदिर परिसर में दीपोत्सव की हो रही व्यापक तैयारी दर्शन मार्ग पर सज गए दीप

By JagranEdited By: Updated: Wed, 03 Nov 2021 12:26 AM (IST)
Hero Image
राम मंदिर की नींव पर जलाए जाएंगे 51 हजार दीये

अयोध्या(प्रवीण तिवारी): इस बार के दीपोत्सव में राम की पैड़ी पर दस लाख दो हजार दीप जलाए जाएंगे। साथ ही रामनगरी एक और विश्व कीर्तिमान सृजित करने को तैयार हो रही है। राम की पैड़ी के अलावा राम मंदिर परिसर में भी ऐतिहासिक दीपोत्सव मनाने की तैयारी चल रही है। रामलला के वैकल्पिक गर्भगृह के अलावा निर्माणाधीन राम मंदिर परिसर का कोना-कोना दीपों के प्रकाश से आलोकित किया जाएगा। निर्माणाधीन राम मंदिर की नींव पर कतारबद्ध दीप सजाए जा रहे हैं। कुल एक लाख 22 हजार वर्ग फीट क्षेत्रफल में पंक्तिबद्ध दीप रखे जा रहे हैं। यहां जीरा गिट्टी को रंग कर विशेष रंगोली को आकार दिया जा रहा है। बुधवार को शाम होते ही पूरा मंदिर परिसर दीपों की रोशनी में नहा उठेगा।

राम मंदिर में अब तक 30 हजार दीपों को जलाने का लक्ष्य था, लेकिन सूबे के मुखिया योगी आदित्यनाथ के सुझाव पर इनकी संख्या 51 हजार कर दी गई है। नींव के अतिरिक्त रामलला के वैकल्पिक गर्भगृह, दर्शन मार्ग, क्रासिग दो व तीन पर मिट्टी के दीयों को रखा जा रहा है। क्षीरेश्वरनाथ मंदिर के सामने स्थित राम जन्म भूमि परिसर के गेट को सजाया जा रहा है, जहां से श्रद्धालु रामलला का दर्शन करने को प्रवेश करते हैं, उस मार्ग पर भी दीप रखे गए हैं।

-------

फूल व रंगोली से बढ़ रही मंदिर की भव्यता

अयोध्या: दीपोत्सव पर रामजन्मभूमि परिसर को रंगोली से सजाया गया है। जगह-जगह रामायणकालीन प्रतीक व प्रसंगों की आकृतियों के साथ फूलपत्ती बनाई जा रही है। इसे रंगों से सज्जित किया जा रहा है। रामजन्मभूमि परिसर की ओर जाने वाले समस्त मार्गों पर दीप रखे जा रहे हैं। अविवि के फाइन आ‌र्ट्स विभाग के विद्यार्थी राम मंदिर परिसर में रंगोली बना रहे हैं। मंगलवार शाम तक रंगोली को उकेरने का कार्य हुआ।

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें