Move to Jagran APP

UP: पत‍ि ने पत्‍नी, 3 बच्‍चों और बहन पर गड़ासे से क‍िया हमला फ‍िर खुद फांसी झूला, 5 साल के घायल बेटे की मौत

उत्‍तर प्रदेश के फर्रूखाबाद में आर्थिक तंगी से जूझ रहे युवक ने पत्नी के साथ तीन बच्चों व बहन पर गड़ासे से हमला क‍िया। इसके बाद युवक ने खुद भी फांसी लगाकर जान दे दी। हमले में पांच वर्षीय पुत्र ने मौके पर ही दम तोड़ा द‍िया। जबक‍ि दो बेटियां पत्‍नीऔर बहन गंभीर रुप से घायल हैं। सभी घायलों को लोह‍िया अस्‍पताल में भर्ती कराया गया है

By Jagran NewsEdited By: Prabhapunj MishraUpdated: Sun, 02 Jul 2023 08:17 AM (IST)
Hero Image
Farrukhabad News: घटना के बाद रो ब‍िलखते स्‍वजन

फर्रुखाबाद, जेएनएन। आर्थिक तंगी से जूझ रहे युवक ने रात तड़के करीब चार बजे अपनी पत्नी, बच्चों पर गड़ासे से हमलाकर घायल कर दिया। उनकी चीखपुकार सुनकर अन्य स्वजन व पड़ोसी जाग गए तो वह घर से भाग गया। सुबह गांव के बाहर नलकूप पर लगे जामुन के पेड़ पर बने फंदे से युवक का शव लटका हुआ पाया गया। जब तक लोग कुछ समझ पाते तब तक युवक के पांच वर्षीय पुत्र ने दम तोड़ दिया।

घायल पत्नी को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया। अन्य को मामूली चोटें हैं। जहानगंज थाना क्षेत्र के गांव रतनपुर निवासी 35 वर्षीय दिनेश यादव मक्का का व्यापार करता था। व्यापार में उसे घाटा पड़ गया था। शनिवार रात वह अपने परिवार के साथ घर में था।

रविवार तड़के करीब चार बजे किसी बात पर वह भड़क गया और गड़ासे से पत्नी मीना और पास में सो रहे पांच वर्षीय पुत्र ओसिएन पर हमला कर दिया। उनकी चीख-पुकार सुनकर उसकी तीन बेटियां दिव्या (11), अंशी (10) और प्रांशी (8) के अलावा 22 वर्षीय बहन शीतला भी जाग गई और उन्होंने बीचबचाव किया तो उसने उन पर भी हमला कर दिया। इससे वह चुटहिल हो गईं।

चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग भी जाग गए और उस ओर भागे। इस दौरान दिनेश यादव मौके से भाग गया। सुबह करीब छह बजे गांव के बाहर रामनरेश यादव के नलकूप पर लगे जामुन के पेड़ पर दिनेश का शव फंदे पर लटका पाया गया। गांव की प्रधान सुनीता के पति सतीश यादव ने पुलिस को सूचना दी।

थानाध्यक्ष मनोज भाटी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने गंभीर रूप से घायल मीना को डा. राममनोहर लोहिया अस्पताल भेजा। कुछ ही देर में क्षेत्राधिकारी मोहम्मदाबाद अरुण कुमार फारेंसिंक टीम के साथ आए और उन्होंने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने भी घटनास्थल का जायजा लेकर स्वजन से पूछताछ की।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।