Move to Jagran APP

पेड़ों में मटके बांधकर उतारी जा रही थी ताड़ी, आबकारी टीम के पहुंचने पर पथराव; सिपाही घायल

अवैध रूप से पेड़ों से ताड़ी उतार कर बेचने वाले माफिया पर शिकंजा कसने गई आबकारी विभाग की टीम पर ताड़ी माफिया के गुर्गों ने पथराव कर दिया। हमले में एक कार क्षतिग्रस्त हो गई और सिपाही घायल हो गया। इससे वहां अफरा-तफरी मच गई। गांव भूलनपुर चिरपुरा में पेड़ों से ताड़ी उतारकर बेचने की शिकायत मंगलवार को एसपी व थानाध्यक्ष से की गई थी।

By paras dubey Edited By: Abhishek Pandey Updated: Thu, 23 May 2024 01:57 PM (IST)
Hero Image
पेड़ों में मटके बांधकर उतारी जा रही थी ताड़ी, आबकारी टीम के पहुंचने पर पथराव; सिपाही घायल

संवाद सूत्र, कमालगंज। अवैध रूप से पेड़ों से ताड़ी उतार कर बेचने वाले माफिया पर शिकंजा कसने गई आबकारी विभाग की टीम पर ताड़ी माफिया के गुर्गों ने पथराव कर दिया। हमले में एक कार क्षतिग्रस्त हो गई और सिपाही घायल हो गया। इससे वहां अफरा-तफरी मच गई।

आबकारी टीम मौके से दो युवकों को पकड़कर थाने ले आई। गांव भूलनपुर चिरपुरा में पेड़ों से ताड़ी उतारकर बेचने की शिकायत मंगलवार को एसपी व थानाध्यक्ष से की गई थी। इस पर बुधवार दोपहर करीब 11:30 बजे आबकारी निरीक्षक सचिन त्रिपाठी, राजेश कुमार चौबे व कुमार गौरव सिंह तीन वाहनों से पुलिस बल के साथ छापा मारने भूलनपुर पहुंचे।

पेड़ों पर मटके बांधकर उतारी जा रही थी ताड़ी

गांव से करीब आधा किमी पहले निर्माणाधीन पानी की टंकी के निकट स्थित पेड़ों से मटके बांधकर ताड़ी उतारी जा रही थी। इस पर टीम ने पेड़ों के हत्थे (ताड़ के पेड़ का वह हिस्सा जिससे ताड़ी टपकती है) कटवाना शुरू किया।

टीम के आने की भनक लगते ही ताड़ी माफिया के 12-13 गुर्गे मौके पर पहुंचे और गाली गलौज करने लगे। टीम ने जब इसका विरोध किया तो ग्रामीणों ने हमला कर ईंट-पत्थर चलाना शुरू कर दिया। हमले से एक कार का पीछे वाला शीशा क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के दौरान सिपाही विपिन कुमार भी घायल हो गया। टीम ने काफी मशक्कत के बाद घटनास्थल से गांव के सुखदेव व देवेंद्र को पकड़ लिया। दोनों को लेकर टीम थाने पहुंची।

पुलिस टीम पर हमला करने वाले आरोपितों की हो रही तलाश

आबकारी निरीक्षक सचिन त्रिपाठी ने घटना के बारे में वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी दी। पुलिस ने घायल सिपाही विपिन का सीएचसी में चिकित्सीय परीक्षण कराया। आबकारी निरीक्षक ने थानाध्यक्ष को तहरीर दी। थानाध्यक्ष राजेश राय ने घटना की जानकारी करने के बाद पुलिस बल एकत्र किया और टीम पर हमला करने वाले आरोपितों की तलाश में गांव में दबिश दी।

आबकारी अधिकारी जीपी गुप्ता ने बताया कि अवैध रूप से ताड़ी उतारने की सूचना प्राप्त हुई थी। इसी के आधार पर पुलिस के साथ संयुक्त रूप से आबकारी विभाग के अधिकारियों द्वारा छापेमारी की गयी। टीम को देखकर आरोपितों ने पथराव कर दिया। जिससे विभागीय वाहन क्षतिग्रस्त हुआ है। एक सिपाही को चोट भी लगी है। मौके से दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। एक आरोपित भागने में सफल रहा। उसकी तलाश की जा रही है।

इसे भी पढ़ें: 'जज बने रहने लायक नहीं', सीजेएम बांदा के आचरण पर इलाहाबाद हाई कोर्ट की तीखी टिप्पणी

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।