Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

रामगोपाल यादव ने भाजपा को घेरा, कहा- जनता के मौलिक अधिकार छीनने का काम कर रही सरकार

सपा के राज्यसभा सांसद रामगोपाल यादव ने फिरोजाबाद में पार्टी के एक कार्यक्रम के दौरान बीजेपी की सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि भाजपा जनता के मौलिक अधिकारों को छीनने का काम कर रही है जिसका जवाब जनता उन्हें आने वाले चुनावों में देगी। इस मौके पर सपा के मुख्य राष्ट्रीय महासचिव ने केशव प्रसाद मौर्य के दिल्ली जाने पर भी चुटकी ली।

By Nitesh Srivastava Edited By: Nitesh Srivastava Updated: Fri, 26 Jul 2024 07:47 PM (IST)
Hero Image
भाजपा सरकार में कानून को खत्म किया जा रहा है- रामगोपाल यादव (फाइल फोटो)

जागरण संवाददाता, फिरोजाबाद। सपा के मुख्य राष्ट्रीय महासचिव एवं राज्यसभा सदस्य रामगोपाल यादव ने शुक्रवार को जिला मुख्यालय स्थित सपा जिला कार्यालय पर संविधान आरक्षण मान स्तंभ की स्थापना की। उन्होंने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार आरक्षण विरोधी है।जनता के मौलिक अधिकारों को छीनने का काम कर रही है। सरकारी संस्थानों का निजी हाथों में सौंप कर आरक्षण को खत्म करने की साजिश रच रही है। जनता इसका जवाब आने वाले 2027 के चुनाव में देगी।

राष्ट्रीय महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव ने वार्ता के दौरान कहा कि कि 26 जुलाई 1902 को छत्रपति शाहूजी महाराज द्वारा अपनी रियासत की राजधानी कोल्हापुर में नौकरियों में दलितों, आदिवासियों व पिछड़ों के लिए 50 प्रतिशत आरक्षण की व्यवस्था की गई थी। इसीलिए सपा ने प्रदेश के अपने सभी कार्यालयों पर संविधान आरक्षण मान स्तंभ की स्थापना कराई है।

उन्होंने कहा, ज्योतिबा राव फुले ने आरक्षण को आगे बढ़ाने का काम किया था। बाबा साहब डा. भीमराव आंबेडकर द्वारा संविधान में आरक्षण की व्यवस्था की गई थी। डॉ. राममनोहर लोहिया ने भी गरीबों, पिछड़़ों एवं दलितों को आगे बढ़ाने का काम किया। भाजपा सरकार में कानून को खत्म किया जा रहा है।

सपा नेता के अनुसार, भाजपा सरकार मौलिक अधिकारों को छीनने का काम कर रही है। सभी नौकरियां आउट सोर्सिंग से की जा रही है। इसमें सबसे अधिक नौकरी रेलवे, एयर इंडिया एवं रक्षा मंत्रालय ओडीएफ में नौकरी मिलती थी। उसे भी प्राइवेट में ले गए। भाजपा ने तो सीआरपीसी को खत्म कर दिया। देश की आजादी के लिए जिन्होंने अपनी जान दी, वह आज क्या सोच रहे होंगे।

मौके पर सपा जिलाध्यक्ष शिवराज सिंह यादव, महानगर अध्यक्ष जर्रार अहमद राजू, शिकोहाबाद विधायक डा. मुकेश वर्मा, जसराना विधायक इंजीनियर सचिन यादव, सिरसागंज के सर्वेश यादव, पूर्व विधायक रामवीर सिंह यादव आदि उपस्थित रहे।

कब बाबा हटे और मैं मुख्यमंत्री बनूं

भाजपा में अंदरखाने चल रही अंतरकलह पर सपा के राष्ट्रीय महासचिव ने कहा कि एक मंत्री तो दिल्ली में पड़े रहते हैं कि कब बाबा हटे और मैं मुख्यमंत्री बनूं। खैर यह भाजपा का अंदरूनी मामला है। उन्होंने कहा कि भाजपा के शासन में भ्रष्टाचार बढ़ा है। पहले तो काम 50 रुपया में होता था वह 50 हजार और सौ रुपया का काम एक लाख में होता है। पुलिस फर्जी एनकाउंटर कर रही है भाजपा सरकार में थानों के साथ जेल तक में लोग मारे जा रहे है। जनता इसका हिसाब 2027 में पूरा करने को तैयार बैठी है।

यह भी पढ़ें: Hathras Stampede: साजिश नहीं हादसा है… हादसे होते रहते हैं, हाथरस की घटना पर रामगोपाल यादव ने दिया बयान

यह भी पढ़ें: 'उपचुनाव के नतीजों ने भाजपा के धर्म के ढोल को फाड़ दिया है', सपा नेता रामगोपाल यादव ने बीजेपी की हार पर कसा तंज