Move to Jagran APP

बैग में मिले महिला के शव की शिनाख्त में लगे 10 दारोगा

अर्थला स्थित दशमेश वाटिका के पास खाली मैदान में 27 जुलाई की सुबह ट्रॉली बैग में मिला था शव नवविवाहिता का शव।

By JagranEdited By: Updated: Tue, 04 Aug 2020 06:48 PM (IST)
Hero Image
बैग में मिले महिला के शव की शिनाख्त में लगे 10 दारोगा

जागरण संवाददाता, साहिबाबाद : अर्थला स्थित दशमेश वाटिका के पास खाली मैदान में 27 जुलाई की सुबह ट्रॉली बैग में मिले महिला के शव की अब तक सही शिनाख्त नहीं हो सकी है। शिनाख्त के लिए पुलिस ने 10 दारोगा की टीम लगाई है। शव की फोटो आसपास के जिलों व प्रदेशों में भेजी गई है।

पुलिस ने नए सिरे से शुरू किया काम : शव का अलीगढ़ में रहने वाले परिवार ने गलत शिनाख्त की थी। सोमवार को इसका पर्दाफाश हुआ। उसके बाद साहिबाबाद थाना पुलिस ने नए सिरे से मामले की जांच शुरू की। अज्ञात के खिलाफ हत्या व अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की। शव की शिनाख्त के लिए 10 दारोगा की टीम लगाई गई। सभी टीमें काम कर रही हैं।

साधा संपर्क : पुलिस ने दोबारा आसपास के जिलों, दिल्ली, हरियाणा व उत्तराखंड पुलिस से संपर्क साधा है। शव की फोटो व अन्य विवरण भेजा। उसके बारे में छोटी सी छोटी जानकारी साझा करने की अपील की। वहीं शव की फोटो व अन्य विवरण सहित पर्चे छपवाकर जगह-जगह चस्पा कराए। सोशल मीडिया पर शव की फोटो व विवरण डालकर शिनाख्त की अपील की, लेकिन अब तक कहीं से कोई जानकारी नहीं हासिल हुई। पारिवारिक विवाद हुई है हत्या : परिस्थितिजन्य साक्ष्य इस ओर इशारा कर रहे हैं कि बैग में मिला शव किसी नवविवाहित का ही है। दहेज या पारिवारिक विवाद के कारण उसकी हत्या की गई है। अब इस गुत्थी को सुलझना पुलिस के लिए चुनौती है। यह है पूरा मामला : 27 जुलाई की सुबह दशमेश वाटिका के पास खाली मैदान में एक ट्रॉली बैग में महिला का शव मिला। रात में ही कस्बा जलाली, थाना हरदुआगंज जिला अलीगढ़ निवासी इस्माइल ने शव की शिनाख्त अपनी नवविवाहित बहन वरीशा के रुप में किया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर इस्माइल व स्वजनों को सौंप दिया। इस्माइल ने शिकायत किया कि वरीशा की उसके पति आमिर, ससुर मुस्लिम व सास आमिर निवासीगण इस्लामाबाद थाना कोतवाली नगर जिला बुलंदशहर ने दहेज के लिए हत्या की है। उनकी शिकायत पर बुलंदशहर में तीनों आरोपितों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई। तीनों गिरफ्तार कर जेल भेज दिए गए। सोमवार को बुलंदशहर पुलिस को वरीशा जीवित मिल गई। इससे साफ हो गया कि यहां बैग में मिला महिला का शव वरीशा का नहीं था। बैग में मिले महिला के शव की शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस की टीमें लगी हैं। उम्मीद है कि जल्द ही सफलता मिलेगी।

- डॉ. मनीष मिश्र, पुलिस अधीक्षक नगर, गाजियाबाद।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।