Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

गाजियाबाद में भाजपा की लगातार चौथी जीत, अतुल के आगे कहीं न टिक पाईं डॉली शर्मा; जानिए कैसा रहा है BJP का इतिहास

गाजियाबाद लोकसभा सीट पर एक बार फिर से कमल खिला है। भाजपा प्रत्याशी एवं शहर सीट से विधायक अतुल गर्ग ने सवा तीन लाख से अधिक मतों से जीत दर्ज की। वहीं कांग्रेस की डॉली शर्मा ने पांच लाख से अधिक मत प्राप्त किए। भाजपा मतगणना आरंभ होने के साथ ही भाजपा प्रत्याशी अतुल गर्ग शुरुआती चक्र से ही बढ़त बनाए रहे।

By Shahnawaz Ali Edited By: Geetarjun Updated: Tue, 04 Jun 2024 11:16 PM (IST)
Hero Image
गाजियाबाद में भाजपा की लगातार चौथी जीत, अतुल के आगे कहीं न टिक पाईं डॉली शर्मा।

शाहनवाज अली, गाजियाबाद। Ghaziabad Lok Sabha Seat Result 2024: गाजियाबाद लोकसभा सीट पर एक बार फिर से कमल खिला है। भाजपा प्रत्याशी एवं शहर सीट से विधायक अतुल गर्ग ने सवा तीन लाख से अधिक मतों से जीत दर्ज की। वहीं, कांग्रेस की डॉली शर्मा ने पांच लाख से अधिक मत प्राप्त किए।

भाजपा मतगणना आरंभ होने के साथ ही भाजपा प्रत्याशी अतुल गर्ग शुरुआती चक्र से ही बढ़त बनाए रहे। पहले चक्र में उन्हें 21,376 मत मिले, जबकि कांग्रेस की डॉली शर्मा को 12,192 और बसपा के नंदकिशोर पुंडीर को 3397 मत मिले। दूसरे चक्र में अतुल गर्ग को 24907, डॉली शर्मा को 9963 और बसपा के नंदकिशोर को 4418 वोट मिले थे।

गोविंदपुरम अनाज मंडी स्थित मतगणना स्थल से लौटतीं कांग्रेस प्रत्याशी डॉली शर्मा।

करीब 61 चक्र में हुई मतगणना में भाजपा प्रत्याशी कांग्रेस प्रत्याशी से सिर्फ सातवें और आठवें राउंड में ही पिछड़े। सातवें राउंड में कांग्रेस की डॉली शर्मा को 21,326 ओर भाजपा के अतुल गर्ग को 17,492 मत मिले। आठवें राउंड में डाली को 20,683 और अतुल गर्ग को 18426 वोट मिले। इसके बाद मतों का अंतर प्रतिद्वंद्वी प्रत्याशी डाली शर्मा से अजेय जीत की ओर बढ़ता चला गया। अंतिम चक्र में जीत का आंकड़ा 3,36,965 तक पहुंचा। जीत के बाद देर शाम जिला निर्वाचन अधिकारी इन्द्र विक्रम सिंह ने भाजपा के विजयी प्रत्याशी अतुल गर्ग को जीत का प्रमाण पत्र सौंपा।

डॉली को छोड़ सभी की जमानत जब्त

गाजियाबाद सीट पर भाजपा, कांग्रेस और बसपा प्रत्याशी समेत कुल 14 उम्मीदवार मैदान में थे। भाजपा प्रत्याशी अतुल गर्ग ने चुनाव सवा तीन लाख से अधिक मतों से जीता। दूसरे स्थान पर रहीं कांग्रेस प्रत्याशी डॉली शर्मा ने पांच लाख से अधिक मत प्राप्त किए। कांग्रेस को छोड़ बाकी सभी 11 प्रत्याशी जमानत भी नहीं बचा पाए।

प्रत्याशियों को मिले मतों का विवरण

पार्टी                      प्रत्याशी                  कुल मत        मत प्रतिशत

भाजपा                 अतुल गर्ग               8,54,170         58.09

कांग्रेस                 डॉली शर्मा              5,17,205          35.17

बसपा               नंदकिशोर पुंडीर          79,525             5.41

रानिपा               आनंद कुमार               1178               0.08

सविकपा                 नमहा                   1080               0.07

राइट टू रिकाल     पूजा सक्सेना              878                0.06

राजपा                अंशुल गुप्ता               764                 0.05

सुभासपा         धीरेंद्र सिंह भदौरिया        700                 0.05

निर्दलीय              नत्थू सिंह                1162                 0.08

निर्दलीय             औरंगजेब                1120                 0.08

निर्दलीय       रवि कुमार पांचाल          1966                 0.13

निर्दलीय        अवधेश कुमार              1043                 0.07

निर्दलीय            कविता                     775                  0.05

निर्दलीय       अभिषेक पुंडीर               653                  0.04

नोटा :            किसी को नहीं             8211                 0.56

पोस्टल मतों में भी भाजपा विजयी

सुबह आठ बजे सबसे पहले पोस्टल मतों की गिनती आरंभ हुई। कुल 1822 मतों में भाजपा प्रत्याशी को 1134, कांग्रेस प्रत्याशी को 506 और बसपा प्रत्याशी को 138 मत मिले। ईवीएम से मिले मतों से पहले भाजपा ने पोस्टल बैलेट के जरिये मिलने वाले मतों के आधार पर कांग्रेस प्रत्याशी पर 628 मतों से जीत दर्ज की।

भाजपा ने साल 2009 से दर्ज की जीत दर जीत

गाजियाबाद लोकसभा सीट पर भाजपा ने वर्ष 2009 से लगातार जीत दर्ज करने का रिकॉर्ड अपने नाम बरकरार रखा है। लोकसभा चुनाव 2009 में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कांग्रेस प्रत्याशी सुरेंद्र गोयल को हराया था। वर्ष 2014 में केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. वीके सिंह को चुनाव में 56.50 प्रतिशत वोट मिले थे और उन्होंने जीत हासिल की थी।

वर्ष 2019 में उन्हें 61.93 प्रतिशत मत मिले थे और उन्होंने सपा-बसपा गठबंधन प्रत्याशी सुरेश बंसल को पांच लाख से अधिक मतों के अंतर से हराया था। इस बार भाजपा ने प्रत्याशी बदला और अतुल गर्ग पर दांव लगाया और उन्होंने 58.09 प्रतिशत मत हासिल कर चुनाव जीत लिया। भाजपाइयों का कहना है कि पिछली बार से कम प्रतिशत रहने के पीछे का एक कारण यह भी है कि इस बार पिछले चुनाव की तुलना में छह प्रतिशत मतदान कम हुआ था।

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें