Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

गाजियाबाद में 50 हजार मकानों से वसूला जाएगा यूजर चार्ज, नगर पालिका परिषद ने शुरू की तैयारी

गाजियाबाद के खोड़ा के लोगों को अब भवन कर के साथ यूजर चार्ज भी देना होगा। नगर पालिका परिषद ने पहली बार यूजर चार्ज वसूलने की तैयारी शुरू कर दी है। खोड़ा में लगभग 50 हजार मकान हैं और सभी से यूजर चार्ज वसूला जाएगा। यूजर चार्ज वसूलने से नगर पालिका की आय बढ़ने के साथ ही लोगों पर टैक्स का बोझ भी बढ़ जाएगा।

By Hasin Shahjama Edited By: Abhishek Tiwari Updated: Sun, 06 Oct 2024 09:45 AM (IST)
Hero Image
लोगों को यूजर चार्ज देने के लिए जेब ढीली करनी पड़ेगी।

हसीन शाह, खोड़ा। नगर पालिका परिषद द्वारा खोड़ा के लोगों से पहली बार यूजर चार्ज वसूला जाएगा। पालिका ने यूजर चार्ज वसूलने की तैयारी शुरू कर दी है। ऐसे में अब खोड़ा के लोगों को भवन कर के साथ यूजर चार्ज देने के लिए जेब अधिक ढीली करनी पड़ेगी।

खोड़ा में 10 लाख की आबादी है। वर्ष 2017 में खोड़ा नगर पालिका परिषद का बोर्ड बना था। इसके बाद भवन कर लेने की कवायद शुरू की गई थी। 21 अक्टूबर वर्ष 2021 से नगर पालिका परिषद द्वारा खोड़ा के लोगों से भवन कर लेना शुरू किया गया था।

खोड़ा में हैं लगभग 50 हजार मकान

कर लेने से पहले नगर पालिका की ओर से निजी एजेंसी से भवनों का सर्वे कराया था। जिससे यह पता चल सके कि कितने लोगों पर भवन कर लगना है। खोड़ा में लगभग 50 हजार मकान हैं। वहीं यूजर चार्ज पहले से ही कागजों में लगा हुआ था लेकिन लोगों से वसूला नहीं जा रहा था।

पहली बार यूजर चार्ज लेने की तैयारी की जा रही है। यदि यूजर चार्ज वसूला जाता है तो इससे नगर पालिका की आय बढ़ने के साथ ही लोगों पर टैक्स का बोझ बढ़ जाएगा। पालिका के अधिकारियों का तर्क कि यूजर चार्ज लेने के बाद लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए यूजर चार्ज लेना जरूरी है।

भवन कर जमा करने में लोग कर रहे है लापरवाही

पालिका के अधिकारियों का कहना है कि खोड़ा में सीवर लाइन और गंगाजल लाइन नहीं है। जिस वजह से दोनों सुविधाओं का टैक्स नहीं लिया जाता है। वहीं भवन कर को जमा करने में लोग लापरवाही कर रहे है।

ऐसे में यूजर वसूलने में भी पालिका के स्टाफ को जद्दोजहद करनी पड़ेगी। नगर पालिका परिषद की ओर से 22 हजार लोगों को भवन कर का बिल भेजा जा चुका है। इनमें से अभी तक महज 10 हजार लाेगों ने कर जमा किया है।

यूजर चार्ज पहले से ही कागजों में लगा हुआ था, लेकिन लोगों से लिया नहीं जा रहा था। अब यूजर चार्ज लेने की तैयारी की जा रही है। जिससे पालिका की आय बढ़ सके। - अभिषेक कुमार, अधिशासी अधिकारी।

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें