Move to Jagran APP

Dangerous Breed Dogs: इन जानलेवा हमलों के कारण गाजियाबाद में बैन हुए खतरनाक नस्ल के कुत्ते, जानलेवा है अटैक

Ghaziabad Dogs Ban दिल्ली से सटे उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले में बढ़ते खतरनाक नस्लों के कुत्तों के हमलों को लेकर नगर निगम ने अहम फैसला लिया है और पिटबुल राटवेलर और डोगो अर्जेंटीनो प्रजाति के कुत्तों के पालने पर बैन लगा दिया है।

By GeetarjunEdited By: Updated: Sun, 16 Oct 2022 04:21 PM (IST)
Hero Image
पिटबुल, राटवेलर और डोगो अर्जेंटीनो (इन कुत्तों को किया बैन)।

गाजियाबाद, जागरण डिजिटल डेस्क। दिल्ली से सटे उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले में बढ़ते खतरनाक नस्लों के कुत्तों के हमलों को लेकर नगर निगम ने अहम फैसला लिया है और पिटबुल, राटवेलर और डोगो अर्जेंटीनो प्रजाति के कुत्तों के पालने पर बैन लगा दिया है। पिछले कुछ महीनों से इन कुत्तों के हमले तेज हो गए। जिन्होंने बच्चे बुजुर्गों को कई बार नोच दिया था।

पिटबुल के हमले

  • गाजियाबाद जिले की रामप्रस्थ ग्रीन सोसायटी में बृहस्पतिवार (13 अक्टूबर) को पिटबुल कुत्ते ने एक 11 साल की बच्ची पर हमला कर दिया था। जिससे वह लहूलुहान हो गई और गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।
  • 3 सितंबर को गाजियाबाद के संजय नगर इलाके में 11 वर्षीय लड़के पर पिटबुल कुत्ते ने हमला कर दिया। कुत्ते के हमले में बालक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। उसके चेहरे पर 150 से ज्यादा टांके आए थे।
  • इसी साल जुलाई में ही लखनऊ में एक सेवानिवृत्त शिक्षिका को पिटबुल ने नोच-नोचकर मार डाला था। वहीं, कानपुर में भी सितंबर में घर आए चाचा को पिटबुल ने काट लिया था।
  • रेवाड़ी (हरियाणा) जिले के गांव बालियर खुर्द में 15 अक्टूबर को पालतू पिटबुल कुत्ते ने परिवार की ही एक महिला व दो बच्चों पर हमला कर दिया। पिटबुल के काटने से महिला व बच्चे बुरी तरह घायल हो गए। तीनों को उपचार के लिए शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
  • 22 सितंबर को कानपुर में गंगा नदी किनारे सरसैया घाट पर पिटबुल कुत्ते ने गाय का मुंह जकड़ लिया। गाय दर्द से छटपटाती रही और लोगों की डंडे की मार के बावूजद पिटबुल अपनी जकड़ को ढीली नहीं कर रहा था। काफी मशक्कत के बाद कुत्ते ने गाय के जबड़े को छोड़ा।

इन देशों में बैन है ये कुत्ता

पिटबुल (Pitbull) विदेश नस्‍ल का कुत्ता है। यह चार नस्ल के होते हैं- अमेरिकन पिटबुल टेरियर, अमेरिकन बुली, अमेरिकन स्टैनफोर्डशायर टेरियर, और स्टैफोर्डशायर बुल टेरियर। यह खतरनाक, गुस्सैल और आक्रामक होता है। ये बेहद बुद्धिमान भी होते हैं। आस्ट्रेलिया, चीन, अर्जेंटीना, कनाडा, जर्मनी, इटली, जापान, डेनमार्क, फ्रांस, न्यूजीलैंड सहित 41 देशों में पिटबुल पालने पर बैन है।

कानपुर में रोटवीलर का हमला

  • 7 अक्टूबर को नजीराबाद थाना क्षेत्र के लाजपत नगर सोसाइटी में स्कूल बस के इंतजार में खड़े तिरपाल कारखाना संचालक के बेटे पर सोसाइटी में रहने वाले इलेक्ट्रानिक्स उत्पादों के कारोबारी के प्रतिबंधित प्रजाति के रोटवीलर कुत्ते ने हमला कर उसका दाहिना पैर चबा लिया
  • गाजियाबाद जिले में कविनगर थाना क्षेत्र की आदित्य वर्ल्ड सिटी की लक्जुरिया स्टेट सोसायटी में 13 अगस्त की शाम एक पालतू रोटवीलर कुत्ते ने युवक का पैर पकड़ लिया। कुत्ते ने युवक को करीब दो सौ मीटर तक घसीटा। पीड़ित ने कुत्ते के मुंह पर घूंसे मारकर पैर छुड़वाया। पीड़ित के पैर में इतने गहरे घाव आए कि उन्हें अस्पताल जाकर सर्जरी करानी पड़ी। जिले में आवारा कुत्तों के भी हमले खूब हुए हैं। स्कूल जाते बच्चों, सोसायटी में भी लोगों को इन कुत्तों ने खूब लहूलुहान किया है।
  • उत्तर प्रदश के बागपत जिले में 22 सितंबर को राटवीलर नस्ल के पालतू कुत्ते ने बड़ौत नगर के अर्जुनपुरम कालोनी में एक युवक पर हमला कर उसे नौ जगह से जख्मी कर दिया। चिंताजनक हालत में युवक ने अपना उपचार दिल्ली में कराया।

राटवीलर (Rottweiler) बेहद ताकतवर प्रजाति का कुत्‍ता होता है। यह अजनबी लोगों और दूसरे कुत्ते को देखकर आक्रामक हो जाते हैं। दुनिया के 10 देशों में इसे खतरनाक माना गया है। इन देशों में रोमानिया, पुर्तगाल, आयरलैंड और सिंगापुर का नाम शामिल है।

गुरुग्राम में डोगो अर्जेंटीनो का महला

11 अगस्त को सिविल लाइंस क्षेत्र में एक घरेलू सहायिका मुन्नी को माउजर नाम के एक डोगो अर्जेंटीनो नस्ल के कुत्ते ने काट लिया था। मामले ने तूल पकड़ लिया और विवाद पहले थाने तथा बाद में कोर्ट तक पहुंच गया।

ये भी पढ़ें- Noida Dog Attack: गाजियाबाद के बाद नोएडा में कुत्ते का आतंक: लिफ्ट में डिलीवरी ब्वॉय को काटा; वीडियो हुआ वायरल

डोगो अर्जेंटीनो (Dogo Argentino) वफादार, प्यार करने वाले और निडर होते हैं। यह बेहद आक्रामक होते है। दुनिया के 18 देशों में इसे पालना प्रतिबंधित है। डेनमार्क, हांगकांग, आस्ट्रेलिया, इजराइल, सिंगापुर, न्यूजीलैंड, यूएई और यूके में इसे पालना प्रतिबंधित हैं।

आवारा कुत्तों के भी हमले बढ़े

सात सितंबर को नोएडा के सेक्टर-75 स्थित एथेना वेलफेयर सोसायटी (AWS) की अध्यक्ष संगीता ने बताया कि डिलीवरी ब्वॉय मेडिकल स्टोर से दवाइयां पहुंचाने के लिए आया था। सोसाइटी की लिफ्ट में जर्मन शेफर्ड नस्ल के कुत्ते ने काट लिया था।

ये भी पढ़ें- Most Dangerous Dogs : न्यूजीलैंड सहित 41 देशों में पिटबुल बैन, यह आठ डाग ब्रीड दुनियाभर में मानी जाती हैं खूंखार

गाजियाबाद की एसडीएम को एक कुत्ते ने काटा

नोएडा के सेक्टर-137 स्थित पारस टीएरा सोसायटी में सोमवार को आवारा आक्रामक कुत्तों ने हमला कर गाजियाबाद में तैनात एसडीएम गुंजा सिंह को काट लिया। मामले में कुत्तों के आक्रामक होने की सूचना मिलते ही सोसायटी में हंगामा मच गया।

कुत्तों के बढ़ते हमलों पर NCPCR ने गाजियाबाद के डीएम-SSP से मांगा था जवाब

शिकायतकर्ता के पत्र पर बाल अधिकार संरक्षण आयोग के प्रधान निजी सचिव धर्मेद्र भंडारी ने 26 सितंबर को पत्र लिखा था। इसमें उन्होंने जिलधिकारी, एसएसपी और नगर आयुक्त को इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए प्रभावी कदम उठाने को कहा था। साथ ही इस पर 20 दिन में कार्रवाई की विस्तृत रिपोर्ट भी मांगी।

राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग द्वारा दिए गए सुझाव

नगर निगम गाजियाबाद द्वारा पालतू कुत्तों का पंजीकरण और वैक्सीनेशन करवाया जाए।

कुत्ते को घर से बाहर ले जाने पर उसके मुंह पर जालीदार मास्क पहनाया जाए।

नगर निगम द्वारा एक प्रभावी नीति बनाई जाए, जिससे कुत्तों के काटने की घटनाएं न हों।

सोसाइटी के निराश्रित कुत्तों का बधियाकरण कराया जाए और उनको शेल्टर होम में रखा जाए।

उत्तर प्रदेश के स्वास्थ्य विभाग की डराने वाली रिपोर्ट

उत्तर प्रदेश में जनवरी से अगस्त 2022 तक 14 लाख 50 हजार 158 लोगों को कुत्तों ने काटा। उत्तर प्रदेश स्वास्थ्य विभाग के संचारी रोग विभाग के संयुक्त निदेशक डा. पंकज सक्सेना ने बताया कि सिर्फ अगस्त भर में प्रदेश में दो लाख 16 हजार 791 लोगों को अलग-अलग जानवरों ने काटा है। इनमें से एक लाख 81 हजार 468 लोगों को कुत्तों ने काटा है।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।