Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Ghaziabad News: फंदे पर लटका मिला महिला का शव, पति पर दहेज हत्या का आरोप

गाजियाबाद के टीला मोड़ थाना क्षेत्र में एक महिला का शव शनिवार को फंदे से लटका मिला। मृतका के भाई ने दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपित को हिरासत में ले लिया है। महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। चार दिन पहले पति-पत्नी के बीच झगड़ा हुआ था।

By prabhat pandey Edited By: Abhishek Tiwari Updated: Mon, 23 Sep 2024 11:01 AM (IST)
Hero Image
टीला मोड़ थाना क्षेत्र में महिला का शव फंदे से लटका मिला। फोटो- जागरण ग्राफिक्स

जागरण संवाददाता, साहिबाबाद। टीला मोड़ थाना क्षेत्र में एक महिला का शव शनिवार को फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के भाई ने दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपित को हिरासत में ले लिया है।

फंदे से लटका महिला का शव

पुलिस के मुताबिक, टीला मोड़ थाना क्षेत्र में आनंदेश्वर शिव मंदिर के पास एक कमरे में शनिवार को आत्महत्या करने की सूचना मिली। सूचना पाकर टीला मोड़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। महिला का शव फंदे से लटका हुआ था। फोरेंसिक टीम को साक्ष्य एकत्र करने के लिए मौके पर बुलाया गया।

मृतका की पहचान नेपाल की रहने वाली रेखा के रूप में हुई। वह यहां पर पिछले 10 माह से पति सुनील और चार साल की बेटी के साथ रह रही थी। पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मायके वालों को मामले की जानकारी दी।

दोनों में हुआ था झगड़ा

मृतका रेखा के भाई गणेशपुरी शालीमार गार्डन के टेकेंद्र की ओर से टीला मोड़ पुलिस को शिकायत की गई। जिसमें आरोप लगाया कि सुनील आए दिन रेखा से मारपीट करता था। दहेज की मांग करता था। चार दिन पूर्व दोनों में झगड़ा हुआ था।

आसपास के लोगों ने समझौता कराया था। शाम पांच बजे सुनील ने काल करके बताया कि रेखा ने रस्सी के सहारे फंदा लगा लिया।उनकी शिकायत पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

बेटी दूसरे कमरे में थी, घर खुला था

पुलिस जांच में सामने मृतका रेखा घरों में काम करती थी और मंदिर की साफ सफाई भी करती थी। जबकि सुनील कार साफ करने का काम करता था। शनिवार को जब रेखा का शव फंदे से लटका मिला तो चार साल की बेटी दूसरे कमरे में थी। पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।

महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतका के भाई की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर पति को हिरासत में ले लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर मौत के सही कारण का पता चलेगा।

-सलोनी अग्रवाल, सहायक पुलिस आयुक्त, शालीमार गार्डन।