Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

छात्राओं से छेड़खानी करने वाला प्रधानाचार्य गिरफ्तार, पीड़िताओं ने खून से CM योगी को लिखा था पत्र

गाजियाबाद के एक विद्यालय में छात्राओं से छेड़छाड़ के मामले में पुलिस ने आरोपित प्रधानाचार्य डॉ. राजीव पांडेय को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़ित छात्राओं ने न्याय की मांग को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को खून से पत्र लिखा था। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने ट्विट कर प्रधानाचार्य की गिरफ्तारी न होने पर सवाल खड़ा किया था।

By Edited By: Shyamji TiwariUpdated: Tue, 29 Aug 2023 09:58 PM (IST)
Hero Image
छात्राओं से छेड़खानी करने वाला प्रधानाचार्य गिरफ्तार

गाजियाबाद, जागरण संवाददाता। वेव सिटी क्षेत्र के एक विद्यालय में छात्राओं से छेड़छाड़ के मामले में पुलिस ने आरोपित प्रधानाचार्य डॉ. राजीव पांडेय को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले को लेकर पीड़ित छात्राओं ने सोमवार को खून से पत्र लिखकर सीएम योगी आदित्यनाथ से न्याय की गुहार लगाई थी।

अश्लील हरकत करने का लगाया आरोप

पुलिस ने मामले में पहले छेड़छाड़ और धमकी देने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की थी। अब जांच के बाद पुलिस ने मामले में पॉक्सो की धारा बढ़ाकर यह कार्रवाई की है। प्रधानाचार्य पर छात्राओं ने छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया था। उनका कहना था कि प्रधानाचार्य विभिन्न बहानों से छात्राओं को कार्यालय में बुलाता है और अश्लील हरकतें करता है।

मामले में पीड़ित छात्राओं ने स्वजन से शिकायत की थी। इस पर उन्होंने 22 अगस्त को विद्यालय पहुंचकर प्रधानाचार्य की पिटाई कर दी थी। छात्राओं से छेड़छाड़ के मामले में सुशील यादव ने प्रधानाचार्य के खिलाफ केस दर्ज कराया था जबकि प्रधानाचार्य ने स्थानीय पार्षद प्रमोश यादव, अनिल यादव, सुनील यादव, दो गार्ड समेत 60 अज्ञात के केस दर्ज कराया था।

एसीपी वेव सिटी सलोनी अग्रवाल का कहना है कि तहरीर के आधार पर दोनों पक्षों की ओर मिली तहरीर के आधार पर केस दर्ज किया गया था। जांच के आधार पर धारा बढ़ाकर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने किया ट्विट

छात्राओं के साथ प्रधानाचार्य द्वारा छेड़छाड़ करने के बाद छात्राओं द्वारा मुख्यमंत्री को खून से लिखे पत्र के बाद पूर्व मुख्यमंत्री एवं सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने ट्विट कर प्रधानाचार्य की गिरफ्तारी न होने पर सवाल खड़ा किया है। उन्होंने आरोप लगाया है कि पुलिस अफसर ने छात्राओं को डांटा और चार घंटे तक थाने पर बैठाए रखा। उन्होंने मामले में तत्काल जांच की मांग कर बहन बेटियों की रक्षा सुनिश्चित करने की बात कही है।

छात्राओं ने मामले में पुलिस पर भी धमकाने का आरोप लगाया था। छात्राओं के मुताबिक, पुलिस रोज हमारे घर आकर हमारे माता-पिता को डराती और धमकाती है।

हमारा घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है और स्कूल के प्रबंधक ने हमें स्कूल आने से मना कर दिया है। हमारे माता-पिता और गांववालों का कहना है कि प्रधानाचार्य संघ के अधिकारी है इसलिए उन्हें कोई भी दंड नहीं मिलेगा और हमारी जिंदगी बिल्कुल खराब हो जायेगी।