Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Ghaziabad Bulldozer: मोहल्ले में बुलडोजर पहुंचते ही मचा हड़कंप, लोगों ने चालक को बंधक बनाकर छीनी चाबी

गाजियाबाद के शालीमार गार्डन में लोगों ने नगर निगम के खिलाफ प्रदर्शन किया। इलाके में पहुंची बुलडोजर की चाबी छीन चालक को बंधक बना लिया। अधिकारियों के आश्वासन के बाद चाबी दी गई और बुलडोजर को जाने दिया गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि कूड़े को पूरी तरह से उठाया जाए केवल एक तरफ करने से समस्या का समाधान नहीं होगा।

By Rahul Kumar Edited By: Sonu Suman Updated: Fri, 27 Sep 2024 06:18 PM (IST)
Hero Image
गाजियाबाद के मोहल्ले में बुलडोजर पहुंचते ही मचा हड़कंप।

जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। शालीमार गार्डन में विक्रम एन्क्लेव के 80 फूटा रोड पर कूड़ा डाले जाने से स्थानीय लोग परेशान हैं। इससे नाराज लोगों ने शुक्रवार को नगर निगम के खिलाफ प्रदर्शन किया। साथ ही कूड़े को हटाने पहुंची बुलडोजर की चाबी छीन चालक को भी बंधक बना लिया। अधिकारियों के आश्वासन के बाद चाबी दी व बुलडोजर को ले जाने दिया गया। लोगों का कहना है कि कूड़े को यहां से पूरी तरह उठाया जाए। केवल एक साइड में करने से समाधान नहीं होगा।

प्रदर्शन करने वाले लोगों ने बताया कि बीते कई वर्ष से यहां कूड़ा डाला जा रहा है। इसकी दुर्गंध से यहां रहना भी दूभर हो गया है। घर से निकलते ही कूड़े के ढ़ेर का सामना करना पड़ता है। बीते करीब 15 दिन से कूड़े का उठान नहीं कराया गया है। करीब आठ से 10 फीट ऊंचा कूड़े का ढ़ेर लग गया है। इससे स्थिति और ज्यादा खराब हो गई है।

लोगों का निकलना हो गया था मुश्किल

इस मार्ग से कई कॉलोनी के लोग गुजरते हैं। लोगों का यहां से निकलना मुश्किल हो गया है। नाक पर कपड़ा लगाकर आना जाना पड़ता है। गंदगी से संक्रामक रोग फैलने का खतरा भी बना हुआ है। कूड़े को लेकर नगर निगम में लगातार शिकायत कर रहे हैं इसके बाद भी समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा है। यह समस्या लगातार बढ़ती जा रही है। प्रदर्शन में मनोज, संतोष, मनोहर, शिव गुप्ता, रघुवर, देवेंद्र, दीपक मिश्रा, हमीद आदि मौजूद रहे।

आश्वासन के बाद चालक को छोड़ा

प्रदर्शन करीब 11 बजे शुरू हुआ। चालक को बंधक बनाने की जानकारी नगर निगम के अधिकारियों को दी गई। इसके बाद सफाई एवं खाद्य निरीक्षक नरेश कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों को जल्द कूड़े का उठान कराने का आश्वासन दिया। करीब एक घंटे बाद लोगों ने चालक व बुलडोजर को जाने दिया।

प्रवेश द्वार पर करोड़ों किए जा रहे खर्च

लोगों का कहना है कि प्रदेश सरकार एक तरफ प्रवेश द्वार बनाने पर करोड़ों का बजट खर्च कर रही है। दूसरी ओर नगर निगम के अधिकारी सरकार की योजनाओं को कचरा कर रहे हैं। जहां प्रवेश द्वार बनाया जा रहा है उससे कुछ दूरी पर ही कूड़ा डाला जा रहा है।

कूड़ा नहीं उठने का मामला संज्ञान में है। वर्षा होने के कारण डंपिंग ग्राउंड में कूड़ा उठाने वाली गाड़ी फंसने से उठान नहीं हो सका था। जल्द ही कूड़े का उठान कराया जाएगा। - आरपी सिंह, जोनल प्रभारी, मोहन नगर।

यह भी पढ़ेंः Ghaziabad Fire: गर्म पट्टी की फैक्ट्री में लगी भीषण आग, 14 घंटे में पाया जा सका काबू

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें