Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Ghaziabad Crime: पत्नी को बाल पकड़कर गली में घसीटा, फिर चाकू घोंपकर की हत्या; चंद घंटों में आरोपी गिरफ्तार

गाजियाबाद के खोड़ा इलाके में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। एक पति ने अपनी पत्नी की बेरहमी से चाकू मारकर हत्या कर दी। आरोपी ने पहले पत्नी को फोन करके बाहर बुलाया और फिर उसे बालों से पकड़कर घसीटा। इसके बाद चाकू से उसके पेट चेहरे और गर्दन पर ताबड़तोड़ वार किए। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

By prabhat pandey Edited By: Abhishek Tiwari Updated: Sun, 08 Sep 2024 08:54 AM (IST)
Hero Image
गिरफ्तार हत्यारोपित और पूजा की फाइल फोटो। सौ. स्वजन

जागरण संवाददाता, खोड़ा। थाना क्षेत्र के प्रेम विहार में नानक की पुलिया के पास शुक्रवार को गली में पत्नी को पति ने बाल पकड़कर घसीटा और चाकू से वार कर हत्या कर दी। आरोपित ने पहले कॉल कर पत्नी को बाहर बुलाया था। शोर सुनकर आसपास के लोगों को आता देखकर आरोपित मौके से फरार हो गया।

पुलिस ने महिला के भाई की तहरीर पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर आरोपित पति को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया है। एक लाख रुपये के लेनदेन और घरेलू कलह में हत्या की बात सामने आ रही है।

जानकारी के मुताबिक, बरेली के थाना क्योलडिया के ग्राम अमीरनगर की रहने वाली पूजा क्षेत्र के खोड़ा थानाक्षेत्र के प्रेम विहार में नानक की पुलिया के पास सनी यादव के मकान में किराये पर डेढ़ साल से रह रही थी।

साल 2022 में हुई थी कोर्ट मैरिज

इसी मकान में पूजा की मां सावित्री, बहन आरती, भाई दीपक और सूरज भी रहते हैं। पूजा की डडिया फैजुल्ला थाना नवाबगंज जिला बरेली के लोकेश गंगवार से 31 अक्तूबर 2022 को लखनऊ में कोर्ट मैरिज हुई थी। पूजा नोएडा सेक्टर-63 में सिलाई कंपनी में काम करती थी। लोकेश मजदूरी करता था। शादी के कुछ दिनों बाद से ही दोनों के बीच विवाद होने लगा।

लोकेश काफी समय पूजा से अलग बरेली में रहता था। दो दिन पहले वह बरेली से आया और कमरे से सामान निकालकर अपने रिश्तेदार के पास ले गया। पूजा ने रोकने का प्रयास किया तो वह नहीं माना। शुक्रवार को पूजा खाना बना रही थीं। लोकेश ने पूजा को कॉल करके मिलने के लिए बाहर गली में बुलाया।

खून से लथपथ पड़ी थीं पूजा

आरोप है कि वह पूजा के बाल पकड़कर घसीटकर उसे ले गया। चाकू से पेट, चेहरे और गर्दन पर वार कर लहुलूहान कर दिया। तभी बाहर शोर मचने लगा। सभी लोग निकलकर बाहर की ओर भागे तो देखा कि लोकेश मौके से भाग गया। पूजा खून से लथपथ पड़ी थीं।

उसको गौतमबुद्ध नगर के अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। भाई की शिकायत पर पुलिस ने पति लोकेश के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर तलाश शुरू की। उसे गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया।

विवाद के बाद चाकू से वार कर पति ने पत्नी की हत्या कर दी। मृतका के भाई की तहरीर पर हत्या की धारा में रिपोर्ट दर्ज कर आरोपित पति लोकेश को बरेली से गिरफ्तार किया गया है। उसके पास से घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया गया है। वह दूसरे राज्य में भागने की फिराक में था। 

- स्वतंत्र कुमार सिंह, सहायक पुलिस आयुक्त, इंदिरापुरम।