Ghaziabad News: छत पर गिरी पड़ोसी के मकान की दीवार, दंपती और बच्चा घायल
सादुल्लाबाद गांव में छत पर पड़ोसी के मकान की दीवार गिरने से दंपती और बच्चा घायल हो गया। मकान का नक्शा पास नहीं था। पिलर तो बने थे लेकिन दीवार की मोटाई चार इंच थी। कुछ दिन पहले एक दीवार पहले भी गिर चुकी थी। इसके बाद भी इस दीवार को नहीं हटाया गया था। जब दीवार गिरी तो निर्माण का काम नहीं चल रहा था।
संवाद सहयोगी, लोनी। अंकुर विहार थाना के सादुल्लाबाद गांव में निर्माणाधीन दीवार पड़ोसी के मकान की छत पर गिर गई। इससे गर्डर सिल्ली से बनी छत टूट गई। छत के मलबे में दबकर दंपती और उनकी नाती घायल हो गए। घायलों को दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
अंकुर विहार थाना के सादुल्लाबाद गांव में 50 वर्षीय राकेश कुमार परिवार के साथ दीपक के मकान में किराये पर रहते हैं। परिवार में 48 वर्षीय पत्नी मीरा, बेटी अंगूरी, ईवा, बेटा सुखवीर, पुत्रवधू रोली हैं। अंगूरी शादीशुदा है। वह दो माह से अपनी नौ वर्षीय बेटी वंशिका, सोनिया व मायर के साथ अपने माता-पिता के पास रह रही है।
मकान की ऊपरी मंजिल पर चल रहा था निर्माण
पड़ोस में रहने वाले अमरीश अपने मकान की ऊपरी मंजिल का निर्माण करा रहे हैं। रविवार शाम निर्माणाधीन दीवार अचानक दीपक के मकान की छत गिर गई। इससे मकान की गर्डर पटिया से बनी छत भरभराकर गिर पड़ी।
मलबे में दबकर राकेश कुमार, उनकी पत्नी मीरा व नाती वंशिका बुरी तरह से घायल हो गए। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। जिन्होंने मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला। पड़ोसियों ने घायलों को दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां मीरा की हालत गंभीर बताई जा रही है।
सहायक पुलिस आयुक्त भास्कर वर्मा ने बताया कि घायलों को दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उनका उपचार चल रहा है। मीरा की हालत गंभीर बताई जा रही है।