Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

'चुनाव में अधिकारियों ने सपा के एजेंट के रूप में किया काम, CM योगी से करेंगे शिकायत'; भाजपा नेता का बड़ा आरोप

लोनी से भाजपा विधायक नंद किशोर गुर्जर ने प्रदेश के अधिकारियों पर लोकसभा चुनाव में सपा के एजेंट के रूप में काम करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि षड्यंत्र के तहत चुनाव के समय पुलिस अंबेडकर नगर में सपा प्रत्याशी लालजी वर्मा के घर गई ताकि कुर्मी समाज के लोग भाजपा के खिलाफ जाएं। जिस पुलिस अधिकारी ने ऐसा किया उसके खिलाफ कार्रवाई हो।

By Avaneesh kumar Mishra Edited By: Abhishek Tiwari Updated: Thu, 06 Jun 2024 04:29 PM (IST)
Hero Image
'चुनाव में अधिकारियों ने सपा के एजेंट के रूप में किया काम', भाजपा नेता का बड़ा आरोप

जागरण संवाददाता, साहिबाबाद। लोनी से भाजपा विधायक नंद किशोर गुर्जर ने प्रदेश के अधिकारियों पर लोकसभा चुनाव में सपा के एजेंट के रूप में काम करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि षड्यंत्र के तहत चुनाव के समय पुलिस अंबेडकर नगर में सपा प्रत्याशी लालजी वर्मा के घर गई, ताकि कुर्मी समाज के लोग भाजपा के खिलाफ जाएं।

आचार संहिता के दौरान अपराध बढ़ा

जिस पुलिस अधिकारी ने ऐसा किया उसके खिलाफ कार्रवाई हो। उन्होंने कहा कि क्षत्रियों को भाजपा के खिलाफ करने के लिए मोटा पैसा खर्च किया गया। आचार संहिता के दौरान 90 के दशक के तरह अपराध बढ़ा।

इसमें भी अधिकारियों का हाथ रहा। गाजियाबाद में अधिकारियों की साजिश की वजह से भाजपा के डेढ़ लाख वोट नहीं पड़े। प्रधानमंत्री की वाहवाही न हो जाए इस वजह से किसान आंदोलन को हवा दिया गया।

इस संबंध में उनके पास भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत और एक बड़े नेता की रिकॉर्डिंग उनके पास है। वह इन सभी पहलुओं से मुख्यमंत्री को अवगत कराएंगे।

महेश शर्मा की हैट-ट्रिक, अतुल गर्ग भी जीते

उत्तर प्रदेश के महासमर में एनसीआर से जुड़ी सभी छह सीटों पर भाजपा ने जीत दर्ज की है। इसमें गौतमबुद्ध नगर, गाजियाबाद, बागपत व बुलंदशहर सीट पर भाजपा ने शुरू से दबदबा बना रखा। जबकि, अमरोहा व मेरठ संसदीय सीट पर पूरे दिन उठापटक चलती रही। देर शाम आए परिणाम में भाजपा ने दोनों सीटों पर जीत दर्ज की।

गौतमबुद्ध नगर सीट से भाजपा प्रत्याशी डॉ. महेश शर्मा ने हैट-ट्रिक लगाते हुए 8,57,829 मत प्राप्त किए हैं। उन्होंने सपा के डॉ. महेंद्र नागर को 5,59,472 मतों से हराया। उन्हें 59.69 फीसदी मत मिले, जबकि 2019 लोकसभा चुनाव में उन्हें 59.64 प्रतिशत मत मिले थे। डॉ. महेश शर्मा की यूपी में यह सबसे बड़ी जीत है।

गाजियाबाद सीट से भाजपा प्रत्याशी अतुल गर्ग ने 3,36,965 मतों से जीत हासिल की है। गर्ग ने 8,54,170 मत प्राप्त कर कांग्रेस प्रत्याशी डॉली शर्मा को शिकस्त दी। अतुल गर्ग को कुल 58.09 प्रतिशत मत मिले हैं। वहीं दूसरे स्थान पर रहीं कांग्रेस की प्रत्याशी डॉली शर्मा ने कुल 5,17,205 मत प्राप्त किए हैं।