Move to Jagran APP

गाजियाबाद में सूखा-गीला कचरा अलग एकत्र न करने पर 'गब्बर' ले लेगा दोनों हाथ, लोगों को दी गई चेतावनी

फिल्मी अंदाज में नगर निगम ने जारी किए गए पोस्टर में खुद को गब्बर और शहर के लोगों को ठाकुर के किरदार में दर्शाया है जिसमें पूछा जाता है कि अरे ओ ठाकुर क्या तुम घर से निकलने वाले कचरे को अलग करके देते हो तो जवाब मिलता है कि नहीं मैं अपने हाथों को गंदा क्यों करूं। इसके बाद गब्बर कहता है कि ये हाथ हमको दे दे ठाकुर।

By tripathi aditya Edited By: Abhishek Tiwari Updated: Thu, 25 Jul 2024 11:07 AM (IST)
Hero Image
नगर निगम ने अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट किया शोले फिल्म का पोस्टर। फोटो सौं.- नगर निगम

आदित्य त्रिपाठी, गाजियाबाद। आपने शोले फिल्म तो जरूर देखी होगी और उसमें गब्बर सिंह और ठाकुर का किरदार भी आपको बखूबी याद होगा। अब अपने शहर में गब्बर के किरदार पर नगर निगम उतर आया है और यहां की जनता ठाकुर के किरदार में आ गई है।

नगर निगम ने पोस्ट किया शोले फिल्म का पोस्टर

फिल्म में गब्बर की बात नहीं मानने पर ठाकुर के दोनों हाथ तन से जुदा कर दिए जाते हैं। अब नगर निगम ने फिल्मी स्टाइल में ही घरों में गीला और सूखा कूड़ा अलग- अलग एकत्र न करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी है, इसके लिए एक पोस्टर बनाकर भी नगर निगम के आधिकारिक एक्स अकाउंट से पोस्ट किया गया है।

नगर निगम के द्वारा तैयार कराया गया पोस्टर शोले फिल्म के उस सीन को देखकर तैयार कराया गया है, जिसमें ठाकुर से बदला लेने के लिए गब्बर उसके दोनों हाथ काटकर सजा देता है।

शहर के लोगों को ठाकुर के किरदार में दर्शाया

फिल्मी अंदाज में शहर में सफाई व्यवस्था को बेहतर करने के लिए नगर निगम की ओर से तैयार कराए गए पोस्टर की चर्चा शहर में तेज हो गई है। गाजियाबाद में रोजाना 1,500 टन कचरा उत्सर्जित होता है।

गीला - सूखा कचरा अलग - अलग एकत्र न किए जाने के कारण कचरे का निस्तारण करने में परेशानी होती है, शहर में कूड़े का पहाड़ बनता है। जिससे परेशानी का सामना करना पड़ता है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2024 में नगर निगम की रैंकिंग में सुधार हो, इसके लिए अब नगर निगम का जोर प्रत्येक घर से गीला - सूखा कचरा अलग - अलग एकत्र करने को लेकर है, जिसके लिए अलग - अलग माध्यमों से लोगाें को जागरू किया जा रहा है।

नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने बताया कि लोगों को जागरूक करने के लिए पोस्टर तैयार कराया गया है, ज्यादा से ज्यादा लोग घराें में कचरे को अलग- अलग एकत्र करें।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।