Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

यूपी विधानसभा उपचुनाव: गाजियाबाद सीट से किसे मिलेगा भाजपा का टिकट? चर्चा में छह नाम आगे

गाजियाबाद शहर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव में भाजपा में टिकट के दावेदारों की संख्या बढ़ती जा रही है। अशोक मोंगा मयंक गोयल संजीव शर्मा अजय शर्मा ललित जायसवाल और मुकुल उपाध्याय जैसे नेता प्रमुख रूप से चर्चा में हैं। ऐसे में इस सीट पर प्रत्याशी घोषित किए जाने को लेकर विपक्ष की भी निगाहें हैं। वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी 14 सितंबर को गाजियाबाद आ सकते हैं।

By Abhishek Singh Edited By: Abhishek Tiwari Updated: Sun, 08 Sep 2024 09:22 AM (IST)
Hero Image
प्रत्याशी घोषित किए जाने को लेकर विपक्ष की भी निगाहें। फाइल फोटो।

अभिषेक सिंह, गाजियाबाद। गाजियाबाद शहर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव में भाजपा में लगातार दावेदारों की संख्या बढ़ रही है। ऐसे में टिकट हासिल करने की लड़ाई कड़ी होती जा रही है।

टिकट के दावेदारों में गाजियाबाद शहर विधानसभा क्षेत्र में रहने वाले भाजपा नेता ही नहीं बल्कि जिले और जिले के बाहर रहने वाले भाजपा नेता भी शामिल हैं, अब देखना यह है कि पार्टी किस पर भरोसा जताती है।

भाजपा द्वारा इस सीट पर प्रत्याशी घोषित किए जाने को लेकर विपक्ष की भी निगाहें हैं। गाजियाबाद शहर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए भाजपा में अशोक मोंगा, मयंक गोयल, संजीव शर्मा, अजय शर्मा के साथ ही ललित जायसवाल और मुकुल उपाध्याय का नाम खुले तौर पर प्रमुख रूप से चर्चा में है।

अतुल गर्ग के सांसद बनने से खाली हुई सीट

पिछले दो बार हुए विधानसभा चुनाव में इस सीट पर वैश्य समाज से आने वाले अतुल गर्ग को पार्टी ने टिकट दिया था, उन्होंने इस सीट पर विजय हासिल की थी। हाल ही में लोकसभा चुनाव में पार्टी ने अतुल गर्ग को गाजियाबाद से सांसद प्रत्याशी बनाया, जिसमें उनको जीत हासिल हुई।

इस वजह से यह सीट खाली है और वैश्य समाज के मतदाताओं की संख्या निर्णायक होने के कारण वैश्य समाज से मयंक गोयल दावेदारी ठोक रहे हैं। गाजियाबाद में पंजाबी समाज के लोग भी बड़ी संख्या में रहते हैं, ऐसे में अशोक मोंगा का नाम भी चर्चा में है।

ये भी पढ़ें-

Ghaziabad By-Election: 20 साल बाद होंगे उपचुनाव, BJP के लिए जीत की हैट-ट्रिक लगाना चुनौती

ब्राह्मण समाज से आने वाले भाजपा के प्रदेश संयोजक अजय शर्मा और गाजियाबाद के महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा का नाम भी मजबूती से चर्चा में है।

मुकुल उपाध्याय ने बढ़ाई अपनी सक्रियता

दोनों नेता पार्टी से लंबे समय से जुड़े हैं। इसके अलावा ब्राह्मण समाज के मुकुल उपाध्याय ने भी गाजियाबाद में अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। वह हाथरस के रहने वाले हैं, 2014 के लोकसभा चुनाव में उनको गाजियाबाद लोकसभा क्षेत्र से बसपा ने अपना प्रत्याशी बनाया था, चुनाव में भाजपा प्रत्याशी सेवानिवृत्त जनरल वीके सिंह ने उनको करारी शिकस्त दी थी।

वर्ष 2019 में मुकुल उपाध्याय बसपा छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे। सिविल डिफेंस के चीफ वार्डन ललित जायसवाल का नाम भी अब टिकट की रेस में शामिल हो गया है। उन्होंने अपना बायोडाटा सौंप दिया है। इन नामों के अलावा भी कई नेता भाजपा से टिकट के लिए दावेदारी कर रहे हैं।

मतदाताओं को साधने आ सकते हैं सीएम योगी

गाजियाबाद शहर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव को लेकर मतदाताओं को साधने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 14 सितंबर को गाजियाबाद आ सकते हैं। इसको लेकर तैयारी तेज कर दी गई है।

भाजपा एक परिवार है, इसमें टिकट के लिए दावेदारी कोई भी पार्टी कार्यकर्ता कर सकता है। दावेदारी करने का सभी को अधिकार है, टिकट पर शीर्ष नेतृत्व निर्णय लेगा। मैं इतना जरूर कह सकता हूं कि पार्टी जिसको भी टिकट देगी, उसे मजबूती से संगठन द्वारा चुनाव लड़वाया जाएगा। जिससे प्रत्याशी की रिकार्ड मतों से जीत हो। - सतेंद्र सिसोदिया, क्षेत्रीय अध्यक्ष, पश्चिमी क्षेत्र, भाजपा