Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Women's U19 Cricket World Cup: भारतीय अंडर-19 महिला क्रिकेट टीम में गाजियाबाद की शिखा का चयन

Womens U19 Cricket World Cup क्रिकेट के मैदान पर रनों की बौछार करने वालीं गाजियाबाद की शिखा बतौर बल्लेबाज भारतीय अंडर-19 महिला क्रिकेट टीम में शामिल की गई है। शिखा 2021 में चैलेंजर ट्राफी के लिए भी बतौर बल्लेबाज खेल चुकी हैं।

By Deepa SharmaEdited By: JP YadavUpdated: Mon, 21 Nov 2022 07:44 AM (IST)
Hero Image
भारतीय अंडर-19 महिला क्रिकेट टीम में चयनित शिखा।

गाजियाबाद, जागरण संवाददाता। Women's U19 Cricket World Cup अटौर नंगला गांव की रहने वाली शिखा सहलोत का भारतीय अंडर-19 महिला क्रिकेट टीम में वर्ल्ड कप के लिए चयन हुआ है। शिखा ने एक से सात नवंबर तक हुए महिला अंडर-19 चैलेंजर ट्राफी में शानदार प्रदर्शन किया। इसके बाद वूमंस टी-20 क्वाड्रेंगुलर सीरीज में ट्राफी जीतने के बाद विश्वकप के लिए चयन होने पर रविवार को गाजियाबाद लौटीं शिखा का राजनगर एक्सटेंशन स्थित देविका स्काईपर्स सोसायटी और उसके बाद उनके गांव अटौर में जोरदार स्वागत हुआ। वह जनवरी (2023) में दक्षिण अफ्रीका में होने वाले महिला अंडर-19 टी-20 विश्व कप में खेलेंगी।

7 मैच में बनाए 123 रन

आल इंडिया वूमन अंडर-19 की टी-20 नेशनल प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन महिला अंडर-19 चैलेंजर ट्राफी इंडिया टीम ए में हुआ था। यह प्रतियोगिता अहमदाबाद में तीन से लेकर 17 अक्टूबर के बीच आयोजित की गई थी। इसमें शिखा सहलोत ने सात मैच खेले थे। उन्होंने कुल 123 रन बनाकर शानदार प्रदर्शन किया। चैलेंजर ट्राफी में उन्होंने चार मैच खेलकर 113 रन बनाए, जिसमें वह आल इंडिया तीसरे स्थान पर रही थीं।

2021 में चैलेंजर ट्राफी के लिए खेल चुकी हैं

श्रीलंका, वेस्टनडीज, इंडिया ए और इंडिया बी के बीच वूमंस टी-20 क्वाड्रेंगुलर सिरीज में शानदार प्रदर्शन के आधार पर उनका विश्वकप के लिए चयन हुआ। दाएं हाथ की बल्लेबाज के रूप में खेलने वाली शिखा एमएसटी क्रिकेट ग्राउंड दुहाई में अभ्यास करती हैं। वह उत्तर प्रदेश की अंडर-19 महिला क्रिकेट टीम में भी रह चुकी हैं। 2021 में चैलेंजर ट्राफी के लिए खेल चुकी हैं।

बच्चों को चुनने दें अपना करियर : शिखा

शिखा का कहना है कि अभिभावक अपने बच्चों को उनकी प्रतिभा के हिसाब से करियर चुनने दें। लड़कियों को बाहर जाने की खेलने की आजादी दें। आज उन्हें जो सफलता मिली है वह अभिभावकों के सपोर्ट से ही मिली है।

6 साल पहले क्रिकेट खेलना शुरू किया था

 अटौर नंगला गांव की रहने वाली शिखा के पिता योगेश कुमार किसान है और मां अंजू देवी गृहणी हैं। एक भाई और चार बहनों में शिखा तीसरे नंबर पर हैं। नवजीवन इंटर कालेज फर्रुखनगर में 12वीं की छात्रा हैं। उनके चाचा आदेश ने बताया कि उन्होंने पहले गांव अटौर नंगला और मोरटी के खेल मैदान में करीब छह साल पहले बच्चों के साथ क्रिकेट खेलना शुरू किया।

कोच ने की शिखा की तारीफ

शिक्षा की क्रिकेट में प्रतिभा देखकर कोच राहुल चौधरी ने उन्हें प्रशिक्षण देना शुरू किया। कोच राहुल चौधरी ने बताया कि शिखा सहलोत का क्रिकेट के प्रति काफी लगाव रहा है। उनकी कड़ी मेहनत का परिणाम है कि यहां तक पहुंची हैं।