Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

लोगों ने राष्ट्रगान देश का मान कार्यक्रम को सराहा

जागरण संवाददाता साहिबाबाद दैनिक जागरण की ओर से आयोजित राष्ट्रगान देश का मान कार्यक्रम

By JagranEdited By: Updated: Tue, 26 Jan 2021 07:59 PM (IST)
Hero Image
लोगों ने राष्ट्रगान देश का मान कार्यक्रम को सराहा

जागरण संवाददाता, साहिबाबाद : दैनिक जागरण की ओर से आयोजित राष्ट्रगान देश का मान कार्यक्रम में लोगों ने बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया। इसकी जमकर सराहना की।

दुनिया का सबसे मजबूत लोकतांत्रिक देश है भारत :

दैनिक जागरण के कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत कर रहे साहिबाबाद विधायक सुनील शर्मा ने कहा कि दुनिया में भारत का लोकतंत्र सबसे मजबूत है। अमेरिका जैसे बड़े राष्ट्र में में आजतक कोई महिला राष्ट्रपति नहीं बन पाई। उपराष्ट्रपति अब कमला हेरी बनी हैं। वहां के लोगों को लगता है कि महिला देश कैसे संभाल सकती हैं। भारत के लोकतंत्र ने साबित किया है कि महिलाएं देश चला सकती हैं। आज लोकतंत्र की ही वजह से दिल्ली को घेरे हुए लोग गणतंत्र दिवस में व्यवधान डालने का प्रयास कर रहे हैं। इन कानूनों में ऐसा कुछ भी नहीं हैं, जिससे पुराने कानून हटते हों। किसानों को तीनों नए कानून में स्वतंत्रता व छूट दी गई है। जब सरकार पूछ रही है कि कानून में कमी क्या है और संशोधन क्या करना है। ये बताओ तो किसान संगठन कह रहे हैं कमी कोई नहीं है बस तीनों कानून वापस करो। जहां राष्ट्र हित व समाज हित की बात हो वहां पर राजनीति नहीं करनी चाहिए। बार्डर पर बहुत थोड़े किसान हैं। बाकी सरकार के विरोधी लोग हैं, जो किसानों को गुमराह कर रहे हैं।

---------

अब जनता के लिए मुसीबत बन गया है किसान आंदोलन :

राष्ट्रगान देश का मान कार्यक्रम में ईस्ट इंडिया उद्योग लिमिटेड कंपनी के निदेशक डॉ. पी कुमार ने कहा कि पहले तो किसानों का आंदोलन शुरू हुआ और उनकी मांगे जायज लगी। लेकिन अब किसान आंदोलन जनता के लिए मुसीबत बन गया है। गणतंत्र दिवस पर ही जगह-जगह बैरिकेडिग के कारण रास्ते बंद थे। इससे लोगों को गलत दिशा में चलना पड़ा या कई किमी लंबा चक्कर काटकर गंतव्य तक पहुंचे। यदि किसान कम पढ़े लिखे हैं कानूनों की समझ नहीं है तो अपने बच्चों को बोलें कि वह सरकार से बात करें। आखिर आइएस, पीसीएस व अन्य अधिकारी किसानों के ही बच्चे हैं। अब तो सरकार ने डेढ़ साल का वक्त भी दे दिया है। साथ ही किसान कानूनों में संशोधन के लिए भी तैयार हैं। अब किसानों का न मानना और इस तरह आंदोलन करना जनता के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। दैनिक जागरण का आभार जताया :

हर व्यक्ति को देश के प्रति इमानदारी से अपना फर्ज निभाना चाहिए। जो जिस जगह काम कर रहा है उस काम को अच्छे से करके देश के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभा सकता है। दैनिक जागरण अपनी जिम्मेदारी बखूबी निभा रहा है। इस तरह के कार्यक्रम आयोजित कराने के लिए दैनिक जागरण का आभार जताया। - डॉ. सुनील डागर, मुख्य कार्यकारी अधिकारी यशोदा अस्पताल, कौशांबी दैनिक जागरण का राष्ट्रगान देश का मान कार्यक्रम सराहनीय है। खुशी है कि मुझे कार्यक्रम का हिस्सा बनने का मौका दिया गया। कार्यक्रम में शरीक होकर नए अनुभव मिले। - अनन्या सिंह कार्यक्रम में शामिल होकर हमारे भीतर देशभक्ति का जज्बा पैदा हुआ। जाति, धर्म या अन्य किसी भेदभाव से परे इस कार्यक्रम में पहुंचकर अच्छा लगा। राष्ट्रहित के लिए काम करने की प्रेरणा मिली। - भावना राजपूत

राष्ट्रगान वाकई में देश का मान है। बड़ी संख्या में लोगों के साथ राष्ट्रगान से देशभक्ति की भावना जगी। कार्यक्रम में हमने पूरे तन मन से नृत्य प्रस्तुत किया। दैनिक जागरण का बहुत-बहुत आभार। - युक्ति दमन दैनिक जागरण ने देशभक्ति के इस कार्यक्रम से जुड़ने का मौका दिया। कार्यक्रम बेहद अच्छा था। ऐसे कार्यक्रम समाज को नई ऊर्जा देते हैं। साथ ही सकारात्मक सोच पैदा होती है। - सैवी त्यागी इस तरीके के कार्यक्रम से लोगों को एक प्लेटफार्म मिलता है, जिसमें कोई भी शरीक होकर देशभक्ति से जुड़ सकता है। दैनिक जागरण को इस तरह के कार्यक्रम आयोजित कराते रहना चाहिए। - चारिका जोशी