गोरखपुर जंक्शन पर बनेगा नया फुट ओवरब्रिज, यात्रियों को होगी सहूलियत; गति शक्ति यूनिट ने तैयार किया नक्शा
गोरखपुर जंक्शन पर यात्रियों की सुविधा के लिए नया फुट ओवरब्रिज बनेगा। रेलवे की गति शक्ति यूनिट ने नक्शा तैयार कर लिया है। छह माह में निर्माण पूरा करने का लक्ष्य है। नया एफओबी रेल लाइनों के बीच बिना पिलर के तैयार होगा। इससे ट्रेनों का परिचालन प्रभावित नहीं होगा। नक्शे का अनुमोदन मिलते ही निमार्ण कार्य की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। गोरखपुर जंक्शन के प्लेटफार्मों पर आवागमन आसान होगा। प्लेटफार्म नंबर एक पर बंद पड़े बीच वाले फुट ओवरब्रिज (एफओबी) की जगह अब नया बनेगा। रेलवे की गति शक्ति यूनिट ने नक्शा तैयार कर लिया है। नक्शे का अनुमोदन मिलते ही निमार्ण कार्य की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
छह माह में निर्माण पूरा करने का लक्ष्य
खास बात यह है कि नया वाला एफओबी रेल लाइनों के बीच बिना पिलर (खंभा) के तैयार होगा। यात्रियों की परेशानियों को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने प्राथमिकता के आधार पर छह मीटर चौड़ा एफओबी बनाने का निर्णय लिया है। छह माह में निर्माण कार्य पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित है।
दरअसल, रेलवे स्टेशन यार्ड में प्लेटफार्म नंबर 5/6 और 7/8 के बीच 56 मीटर का गैप (खाली जगह) है। इस गैप में रेल लाइनें हैं। रेल लाइनों के बीच एफओबी के लिए पिलर खड़ा करना रेलवे के लिए चुनौती बन गई थी।
पिलर बनने से ट्रेनों का संचालन प्रभावित होता।
नया एफओबी के निर्माण में विलंब
ऐसे में रेलवे के इंजीनियरों ने प्लेटफार्म नंबर 5/6 और 7/8 के बीच बिना पिलर के एफओबी बनाने का निर्णय लिया है।
इससे ट्रेनों का परिचालन प्रभावित नहीं होगा। हालांकि, नया वाला एफओबी के निर्माण में विलंब हो रहा है। मुख्य गेट पर स्थित बीच वाला एफओबी 16 सितंबर 2023 से ही बंद हैं। इसके चलते यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है।
139 साल बाद गोरखपुर जंक्शन का होगा पुनर्विकास
पूर्वी और पश्चिमी छोर पर स्थित एफओबी पर लोड के साथ दुर्घटना की आशंका भी बढ़ गई है। एक से दूसरे प्लेटफार्मों पर आवागमन मुश्किल हो गया है।
बुजुर्ग, महिला, मरीज और बच्चे परेशान हैं। 139 वर्ष बाद 498 करोड़ रुपये की लागत से सीटी सेंटर के रूप में गोरखपुर जंक्शन का पुनर्विकास हो रहा है। सात जुलाई, 2023 को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पुनर्विकास की आधारशिला रखी थी।
गोरखपुर जंक्शन का पुनर्विकास हो रहा है। नव निर्माण आरंभ है। नए एफओबी का डिजाइन तैयार कर लिया गया है। अनुमोदन के बाद एफओबी का निर्माण शुरू हो जाएगा। जल्द ही यात्रियों का आवागमन सुगम हो जाएगा।
- पंकज कुमार सिंह, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी- पूर्वोत्तर रेलवे