Move to Jagran APP

UP News: गोरखपुर में दीपावली से पहले गरजा बुलडोजर, नगर निगम के निशाने पर आया यह पॉश इलाका

गोरखपुर में दीपावली से पहले नगर निगम ने बुलडोजर गरजाया है। नौसढ़ बस स्टेशन के पास सरकारी जमीन पर कब्जा कर बनाई गईं तीन दुकानों को तोड़ दिया गया है। सीमांकन में पाया गया है कि कुल 47 दुकानों के तौर पर अवैध निर्माण कर जमीन कब्जा की गई है। निगम प्रशासन का कहना है कि बाकी दुकानों को भी जल्द ही तोड़ दिया जाएगा।

By Arun Chand Edited By: Vivek Shukla Updated: Thu, 17 Oct 2024 03:44 PM (IST)
Hero Image
नौसढ़ में कब्जा तोड़ता नगर निगम का बुलडोजर। जागरण

जागरण संवाददाता, गोरखपुर। नगर निगम के प्रवर्तन दल ने बुधवार की सुबह नौसढ़ बस स्टेशन के पास सरकारी जमीन कब्जा कर बनाई गईं तीन दुकानों को बुलडोजर की मदद से तोड़ दिया। सीमांकन में पाया गया है कि कुल 47 दुकानों के तौर पर अवैध निर्माण कर जमीन कब्जा की गई है। निगम प्रशासन का कहना है कि बाकी दुकानों को भी जल्द ही तोड़ दिया जाएगा। संबंधित को नोटिस जारी कर दिया गया है।

अपर नगर आयुक्त निरंकार सिंह ने बताया कि नौसढ़ स्थित रोडवेज बस स्टेशन के पास राजस्व अभिलेखों में बांध, रास्ता और नवीन परती के नाम दर्ज करीब 11, 300 वर्ग मीटर जमीन के काफी हिस्सों को कब्जा कर करीब 47 दुकानें बनाई गई हैं।

इनमें से तीन दुकानों का बुधवार को ध्वस्तीकरण करा दिया गया है। जल्द ही बाकी को भी ध्वस्त करा दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि इनमें से कुछ लोगों की बंधे के पीछे की ओर जमीन भी है लेकिन, उन्होंने आगे बढ़कर निर्माण करा लिया है और वहां दुकानें खोल व्यावसायिक गतिविधियां संचालित कर रहे हैं। निगम प्रशासन जमीन खाली कराकर, विभिन्न परियोजनाओं के लिए उसका इस्तेमाल करेगा।

इसे भी पढ़ें-यूपी में किसानों को एक पखवारे पहले मिलेगी मौसम की सटीक जानकारी, हर तहसील में बनेगा वेदर स्‍टेशन

खोराबार में निगम की जमीन पर कब्जा

खोराबार उर्फ सूबा बाजार में सात परिवारों ने नगर निगम की जमीन पर टिनशेड डाल कर कब्जा कर लिया है। नगर निगम और राजस्व विभाग की संयुक्त टीमों की पैमाइश के बाद सभी परिवारों को नगर निगम ने अतिक्रमण हटाने का नोटिस दिया है। चेतावनी दी है कि एक सप्ताह में जमीन से कब्जा नहीं हटाया तो ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी।

नगर निगम में शामिल ग्राम खोराबार उर्फ सूबा बाजार में विभिन्न गाटों में नगर निगम की जमीन है। 10 अक्टूबर को राजस्व लेखपाल एवं नगर निगम की संयुक्त टीम ने इन गाटों की पैमाइश की थी जिसमें पाया गया कि सात परिवारों ने गाटा संख्या 1415 के पूरे क्षेत्रफल और 1432 के आंशिक क्षेत्रफल पर अवैध ढंग से कब्जा कर लिया है।

इसे भी पढ़ें-नेपाल में मुस्लिम महिलाओं को कट्टरता का पाठ पढ़ा रहा दावत-ए-इस्लामी, खोला गया है 'इंस्टीट्यूट'

अपर नगर आयुक्त निरंकार सिंह ने बताया कि निगम की जमीन पर लौंगी देवी पत्नी राजकुमार, लाल बहादुर पुत्र महादेव ने पक्का मकान, कोईल पुत्र कांता, सनी पुत्र विश्वनाथ और राजजी पुत्र खुरपाती, जवाहर पुत्र महादेव ने टीनशेड और डा. रश्मि राय पत्नी डॉ. रवि नारायण राय ने दीवार और गेट बना रखा है।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।