Move to Jagran APP

Gorakhpur News: सीएम योगी ने आयुष विश्वविद्यालय के निर्माण कार्य का लिया जायजा, बोले- 30 नवंबर तक पूरा करें काम

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में बन रहे प्रदेश के पहले महायोगी गुरु गोरखनाथ आयुष विश्वविद्यालय के निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यदायी संस्था को 30 नवंबर तक निर्माण कार्य पूरा करने का निर्देश दिया। सीएम योगी ने कहा कि आयुष विश्वविद्यालय का उद्घाटन दिसंबर में कराने की योजना है इसलिए सभी काम समय पर पूरे होने चाहिए।

By Gajadhar Dwivedi Edited By: Vivek Shukla Updated: Sat, 26 Oct 2024 09:13 AM (IST)
Hero Image
भटहट में स्थित आयुष विश्वविद्यालय का निरीक्षण करते मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ। सौ, सूचना विभाग
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को भटहट के पिपरी में बन रहे प्रदेश के पहले महायोगी गुरु गोरखनाथ आयुष विश्वविद्यालय के निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को निर्देश दिया कि 30 नवंबर तक हर हाल में निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाए। समय सीमा के अंदर निर्माण पूरा नहीं हुआ तो कार्यदायी संस्था पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सबसे पहले आयुष विश्वविद्यालय के निर्माण की भौतिक प्रगति की जानकारी ली। कुलपति प्रो. एके सिंह और कार्यदायी संस्था के अधिकारियों से बातचीत करते हुए वह प्रशासनिक भवन पहुंचे।

कुलपति ने बताया कि प्रशासनिक भवन में हास्पिटल भी अवस्थित है। मुख्यमंत्री ने जब इस भवन की पूर्णता को लेकर सवाल किया तो उन्हें बताया गया कि अभी इसमें लिफ्ट लगने और कुछ हद तक फाइनल फिनिशिंग का काम शेष है।

भटहट में स्थित आयुष विश्वविद्यालय का निरीक्षण करते मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ। सौ, सूचना विभाग


इस पर सीएम योगी ने कहा कि आयुष विश्वविद्यालय का उद्घाटन दिसंबर में कराने की योजना है। इसलिए 30 नवंबर तक निर्माण और फिनिशिंग से बचे सभी काम खत्म हो जाने चाहिए।

इसे भी पढ़ें-त्योहारों के सीजन में CM योगी ने UP वालों को दिया एक और तोहफा, 19 दिनों तक नहीं होगी बिजली कटौती; पहली बार होगा ऐसा

सीएम योगी ने प्रशासनिक भवन के हाल और कमरों का अवलोकन किया और उसके बाद खुले परिसर में आ गए। उन्होंने परिसर में खाली पड़े हिस्सों में पौधारोपण कर इसे ग्रीन कैंपस के रूप में विकसित करने और लैंड स्केपिंग का निर्देश दिया।

यह हिदायत भी दी कि अभी से ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित करें जिससे भविष्य में कभी परिसर में जल भराव की समस्या न हो। उन्होंने आयुष विश्वविद्यालय के गेस्ट हाउस में विश्वविद्यालय के निर्माण की प्रगति और संचालन को लेकर भावी कार्ययोजना की समीक्षा की। उन्होंने निर्माण की पूर्णता में विलंब को लेकर सवाल पूछा तो निर्माण एजेंसी से जुड़े लोगों के पसीने छूटने लगे।

इसे भी पढ़ें-यूपी में चक्रवाती तूफान 'दाना' के प्रभाव से छाए बादल, गिरा तापमान; पढ़‍िए IMD का ताजा अलर्ट

10 दिन में पूरा करें पद सृजन की प्रक्रिया

आयुष विश्वविद्यालय के संचालन के संबंध में मुख्यमंत्री ने कुलपति और आयुष विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से पूछा कि इसे लेकर उनकी क्या तैयारी है। जानकारी लेने के बाद सीएम योगी ने कहा कि विश्वविद्यालय के पूर्णतः संचालन के लिए जितने भी पदों के सृजन की आवश्यकता है, उसकी प्रक्रिया अगले 10 दिन में जरूर पूरी कर लें। साथ ही परिनियमावली बनाने का काम भी जल्द से जल्द फाइनल कर लिया जाए।

भटहट में स्थित आयुष विश्वविद्यालय का निरीक्षण करते मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ। सौ. सूचना विभाग


दक्षिण भारत के प्रमुख आयुष संस्थानों के पाठ्यक्रम के बारे में भी जानकारी जुटाएं। यूपी के पहले आयुष विश्वविद्यालय में परंपरागत के साथ यूनिक पाठ्यक्रम भी शुरू होने चाहिए। कुलपति ने बताया कि विश्वविद्यालय की आगामी योजना में आयुर्वेद, होम्योपैथ, यूनानी, योग और नेचुरोपैथी के 12 पाठ्यक्रमों को शामिल किया गया है।

इस दौरान आयुष विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. एके सिंह, पिपराइच के विधायक महेंद्रपाल सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष युधिष्ठिर सिंह, आनंद शाही, आयुष, लोक निर्माण विभाग के अधिकारी, जिलाधिकारी, एसएसपी उपस्थित रहे।

भटहट में स्थित आयुष विश्वविद्यालय का निरीक्षण करने के जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों के साथ बैठक करते मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ। सौ, सूचना विभाग


31 मार्च तक पूरा करें भटहट-बांसस्थान फोरलेन का निर्माण

आयुष विश्वविद्यालय में हुई समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भटहट-बांसस्थान फोरलेन निर्माण कार्य की भी जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि निर्माण कार्य तेजी से पूरा किया जा रहा है। इस पर सीएम ने निर्देशित किया कि फोरलेन का निर्माण 31 मार्च 2025 तक हर हाल में पूरा हो जाना चाहिए।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।