Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

मित्रता और नारी सम्मान गिद्धराज जटायु से सीखने की जरूरत: सीएम योगी

गोरखपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जटायु संरक्षण एवं प्रजनन केंद्र का लोकार्पण किया और गिद्धराज जटायु की वीरता को याद किया। उन्होंने कहा कि जटायु ने नारी सम्मान की रक्षा के लिए रावण से भिड़ गए थे और उनकी वीरता से हमें मित्रता और नारी सम्मान की सीख मिलती है। उन्होंने क्षेत्र में फॉरेस्ट्री कॉलेज खोलने की घोषणा भी की।

By Jagran News Edited By: Shivam Yadav Updated: Sat, 07 Sep 2024 01:52 AM (IST)
Hero Image
जटायु संरक्षण एवं प्रजनन केंद्र में बने प्रतीकात्मक राजगिद्ध जटायु के साथ सेल्फी लेते मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ। जागरण

जागरण संवाददाता, गोरखपुर। रामायण के कालजयी पात्र गिद्धराज जटायु की चर्चा कर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सरोकार और संस्कार समझाए। धर्म की रक्षा व नारी सम्मान के लिए उनके सर्वोच्च बलिदान को याद कर उनकी वीरता का बखान किया। बोले- गिद्धराज नारी सम्मान को बचाने के लिए लंकापति रावण से भिड़ गए। मित्रता व नारी सम्मान कैसे किया जाता है, यह जटायु से सीखने की जरूरत है। 

मुख्यमंत्री शुक्रवार को कैंपियरगंज में जटायु संरक्षण एवं प्रजनन केंद्र के लोकार्पण समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने क्षेत्र में फॉरेस्ट्री कॉलेज खोलने की घोषणा भी की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि रामयुग के पहले बलिदानी गिद्धराज जटायु थे। गोस्वामी तुलसीदास व महर्षि वाल्मीकि ने भी गिद्धराज की वीरता का प्रमुखता से उल्लेख किया है। मित्रता कैसी होनी चाहिए और वचन कैसे निभाया जाता है, इसकी सीख हमें रामायण से मिलती है। 

हरतालिका तीज पर गिद्धराज जटायु व उनकी वर्तमान पीढ़ी के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित करने के लिए जटायु संरक्षण एवं प्रजनन केंद्र का लोकार्पण किया गया है। इनके पूर्वजों ने हमारी परंपरा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान किया है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने जटायु संरक्षण एवं प्रजनन केंद्र का पोस्टर भी जारी किया।

प्रकृति को साथ लेकर हुआ विकास स्थायी 

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में 2017 के पहले सिर्फ पेड़ काटे जाते थे, लेकिन अब रिकार्ड पौधारोपण किया जा रहा है। उत्तर प्रदेश देश का पहला राज्य है, जहां सात वर्षों में दो सौ करोड़ से अधिक पौधे लगाए गए हैं। पेड़ न कटे, इसके लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में 12 करोड़ से अधिक उज्ज्वला योजना के कनेक्शन उपलब्ध कराए गए हैं। सौ वर्ष से ऊपर के वृक्षों को बचाने के लिए हेरिटेज वृक्ष घोषित कर उनका संरक्षण किया जा रहा है। लुप्तप्राय नदियों को पुनर्जीवित किया जा रहा है। 

वन संरक्षण का बड़ा माध्यम बनेगा फॉरेस्ट्री कॉलेज

योगी आदित्यनाथ ने वन विभाग को निर्देशित करते हुए कहा कि क्षेत्र में एक फॉरेस्ट्री (वानिकी) कॉलेज बनाएं, जिसमें वानिकी से संबंधित डिग्री और डिप्लोमा के पाठ्यक्रम चलाए जाएं। इससे वन विभाग की आवश्यकता के अनुरूप विभिन्न पदों पर युवाओं को नौकरी भी मिल सकेगी। 

यह कॉलेज फॉरेस्ट्री को विकसित करने और वन संरक्षण का बड़ा माध्यम बनेगा। मुख्यमंत्री ने जटायु संरक्षण एवं प्रजनन केंद्र के निर्माण में योगदान देने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया।

635 करोड़ की परियोजनाओं का किया लोकार्पण व शिलान्यास

योगी ने एक अन्य कार्यक्रम में पिपराइच विधानसभा क्षेत्र के सोनबरसा में 635 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया। इसमें 88 करोड़ 46 लाख 98 हजार की लागत से बने ओवरब्रिज, स्मार्ट स्कूल और स्मार्ट पंचायत भवन का लोकार्पण व 546 करोड़ 19 लाख 11 हजार रुपये की लागत से बनने वाले सिक्टौर सोनबरसा थाना और फोरलेन बनने जा रहे बालापार-टिकरिया-गांगी बाजार मार्ग का शिलान्यास शामिल है।

यह भी पढ़ें: UP News: तीन सालों के भीतर 57 जिलों में बनेंगे मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट स्कूल, सीएम योगी ने दिए निर्देश

यह भी पढ़ें: PM Awas Yojana Rules Revised: बाइक, फोन और फ्रिज है, फिर भी मिलेगा पीएम आवास; अधिकतम आयु सीमा भी बढ़ी

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर