Move to Jagran APP

Gorakhpur Festival: दिग्विजयनाथ, चंपा देवी पार्क व रामगढ़ताल किनारे होगा गोरखपुर महोत्सव

Gorakhpur Festival गोरखपुर में अधिकारियों ने गोरखपुर महोत्सव की तैयारी शुरू कर दी है। इस बार महोत्सव का आयोजन चंपा देवी पार्क महंत दिग्विजयनाथ पार्क एवं रामगढ़ताल के किनारे किया जाएगा। इसके लिए संचालन समिति बनाई गई है।

By Pradeep SrivastavaEdited By: Updated: Wed, 16 Nov 2022 05:10 PM (IST)
Hero Image
Gorakhpur Festival: गोरखपुर महोत्सव की तैयारी शुरू हो गई है। - प्रतीकात्मक तस्वीर

गोरखपुर, जागरण संवाददाता। पर्यटन, संस्कृति एवं इको टूूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए जनवरी 2023 में प्रस्तावित गोरखपुर महोत्सव के आयोजन को भव्य बनाने की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इस संबंध में मंडलायुक्त रवि कुमार एनजी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में यह तय किया गया कि महोत्सव का आयोजन चंपा देवी पार्क, महंत दिग्विजयनाथ पार्क एवं रामगढ़ताल के किनारे किया जाएगा। सफल आयोजन के लिए मंडलायुक्त की अध्यक्षता में एक प्रमुख समिति जबकि अन्य कार्यों के लिए कई उप समितियों का गठन किया गया है। प्रमुख समिति में जिलाधिकारी कृष्णा करुणेश उपाध्यक्ष होंगे। समिति में एसएसपी डा. गौरव ग्रोवर, नगर आयुक्त अविनाश सिंह एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल रहेंगे।

कलाकारों को मिलेगा बेहतर मंच

मंडलायुक्त ने कहा कि गोरखपुर महोत्सव में जनपद की लोक कलाओं एवं अन्य विधाओं के कलाकारों को एक मंच प्रदान किया जाएगा। पारंपरिक खेलकूद एवं अन्य प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। बेसिक, माध्यमिक एवं उच्च शिक्षा के छात्र-छात्राओं द्वारा विभिन्न कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे और उनके बीच कई प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी। शिल्प मेला में विभिन्न जिलों के शिल्पकारों के स्टाल लगेंगे। लोगों को उनके हुनर को समझने का मौका मिलेगा। बालीवुड नाइट में बालीवुड के अच्छे कलाकारों के कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। कलाकारों के नाम तय किए जा रहे हैं।

पुरस्कृत होंगे विभिन्न क्षेत्रों में अच्छा काम करने वाले लोग

महोत्सव में लोगों को सम्मानित भी किया जाएगा। साहित्य, कला, अध्ययन, पत्रकारिता, लेखन, लोक कला एवं सामाजिक कार्य से जुड़े हुए व्यक्तियों को महोत्सव में सम्मानित किया जाएगा।

वृद्ध आश्रम, अनाथ आश्रम के वासी भी बनेंगे सहभागी

मंडलायुक्त ने कहा कि वृद्ध आश्रम में रहने वाले बुजुर्गों एवं अनाथ आश्रम में रहने वाले बच्चों को भी गोरखपुर महोत्सव की भव्यता का भागीदार बनाया जाए। उन्हें महोत्सव में लाने का प्रबंध किया जाए और महोत्सव देखने के बाद उन्हें उनके आश्रमों तक पहुंचाया जाए।

सभी विभागों की लगेगी प्रदर्शनी

महोत्सव में सभी विभागों का प्रदर्शनी एवं स्टाल लगाए जाएंगे। मंडलायुक्त ने कहा कि सभी अधिकारी अपने विभाग से संबंधित प्रदर्शनी एवं स्टाल लगाने की तैयारी पूरी कर लें। महोत्सव स्थल के पास पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था की जाए। सुरक्षा, अनवरत बिजली आपूर्ति, साफ-सफाई, शुद्ध पेयजल, शौचालय आदि की व्यवस्था की जाए। मंडलायुक्त ने कहा कि महोत्सव में कार्यक्रम स्थल पर महत्वपूर्ण जीवन रक्षक औषधि की व्यवस्था की जाए।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।