Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Gorakhpur News: सीएम योगी ने किया गोरखपुर के मलौनी तटबंध का निरीक्षण, बाढ़ से बचाव की परखीं तैयारियां

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर के मलौनी तटबंध का निरीक्षण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी ने आश्वस्त किया कि प्रदेश के सभी तटबंध पूरी तरह सुरक्षित हैं। बाढ़ से बचाव की समय पूर्व तैयार कार्ययोजना और उस पर अमल का परिणाम है कि जनता सुकून महसूस कर रही है। उन्होंने यहां दो विद्यालयों का किया लोकार्पण भी किया।

By Jagran News Edited By: Shivam Yadav Updated: Sat, 06 Jul 2024 10:55 PM (IST)
Hero Image
राप्ती तट स्थित लहसड़ी के डूहिया में बने तटबंध का निरीक्षण करते मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ। जागरण

जागरण टीम, गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आश्वस्त किया कि प्रदेश के सभी तटबंध पूरी तरह सुरक्षित हैं। बाढ़ से बचाव की समय पूर्व तैयार कार्ययोजना और उस पर अमल का परिणाम है कि जनता सुकून महसूस कर रही है। 

गोरखपुर के मलौनी तटबंध का निरीक्षण करने के बाद उपस्थित जनसमूह को संबोधित कर रहे सीएम योगी ने एक बार पुन: दोहराया कि भाजपा जाति के नाम पर नहीं बल्कि देश की सुरक्षा के नाम पर काम करती है। 

उन्होंने कहा कि हमारी सरकार की कार्ययोजना के समयबद्ध क्रियान्वयन को लेकर किसी को फिक्र करने की आवश्यकता नहीं है। वर्तमान में जो कार्य हो रहे हैं उसका लाभ भविष्य की कई पीढ़ियां उठाएंगी। 

जनता दर्शन के बाद परखीं तैयारियां

गोरखनाथ मंदिर में शनिवार सुबह जनता दर्शन के बाद मुख्यमंत्री बाढ़ से बचाव की तैयारियां परखने निकले। इससे पहले उन्होंने निर्माणाधीन ट्रांसपोर्टनगर/ दाउदपुर फ्लाईओवर और सिक्सलेन मार्ग का निरीक्षण किया। अफसरों को निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ युद्धस्तर पर करने की हिदायत देते हुए दो टूक चेतावनी दी। 

कहा कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता और समयबद्धता को लेकर किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मलौनी तटबंध के डुहिया गांव के पास बाढ़ से बचाव के लिए कराए गए सुरक्षा कार्यों का निरीक्षण करने के बाद सीएम योगी ने जनसभा को भी संबोधित किया। 

कहा, बाढ़ से बचाव के कार्य 15 जून तक पूर्ण करने के निर्देश दिए गए थे। चुनाव के कारण कुछ देर हुई, फिर भी आमजन आश्वस्त रहें कि बाढ़ से जन-धन की हानि शून्य करने का प्रयास करेंगे। वर्ष 1998 में यह बांध टूट गया था, जिससे शहर में बाढ़ आ गई थी। तब एयरफोर्स स्टेशन में भी पानी घुस गया था। लोगों को घर छोड़कर जाना पड़ा था लेकिन अब ऐसी स्थिति नहीं है। तटबंध को मजबूत कर दिया गया है। 

जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि ग्रामीण बाढ़ की चिंता छोड़ दें। इसकी चिंता खुद महाराज जी (मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ) कर रहे हैं। मंत्री और अधिकारी सड़क पर रहकर सारे कार्यों को पूरा करा रहे हैं। कहा कि राप्ती नदी में पानी बढ़ रहा है लेकिन चिंता की कोई बात नहीं है।

सीएम ने दो विद्यालयों का किया लोकार्पण

मुख्यमंत्री ने सहजनवां में 56 करोड़ की लागत से बने जयप्रकाश नारायण सर्वोदय बालिका विद्यालय और हरदी में बने राजकीय पॉलिटेक्निक का लोकार्पण किया। सीएम योगी ने कहा कि यह दोनों विद्यालय इस क्षेत्र के लिए वरदान साबित होंगे। उन्होंने अभिभावकों और शिक्षकों से पाल्यों को समय-समय पर निगरानी करते रहने को भी कहा।

यह भी पढ़ें: हाथरस हादसा: पेशी के बाद न्यायिक हिरासत में भेजा गया देवप्रकाश मधुकर, जरूरत पड़ने पर सूरजपाल से भी होगी पूछताछ

यह भी पढ़ें: लालू के ‘सरकार गिरने’ वाले बयान पर अठावले ने दिया करारा जवाब, कहा- 20 से 30 साल तक सपना न देखें राहुल गांधी

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें