Move to Jagran APP

Gorakhpur Railway Station: टिकट काउंटरों के सामने गर्मी से बेहाल रहे यात्री, महापंखा बंद होने से बढ़ी परेशानी

टिकट काउंटर पर खचाखच भीड़ के बीच महापंखा बंद होने से लोगों का हाल बेहाल हो गया। ऐसे में रेल यात्रियों का लंबी लाइन में खड़ा होना कठिन हुआ। सबसे अधिक परेशानी बुजुर्गों महिलाओं और मरीजों की बढ़ी।

By Jagran NewsEdited By: Pragati ChandUpdated: Thu, 01 Jun 2023 08:39 AM (IST)
Hero Image
टिकट काउंटरों के सामने गर्मी से बेहाल रहे यात्री। -जागरण

गोरखपुर, जागरण संवाददाता। रेल यात्रियों की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रहीं। जनरल टिकट लेने में भी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा। बुधवार को दोपहर बाद 03:00 बजे के आसपास गोरखपुर रेलवे स्टेशन के टिकट काउंटरों के सामने लंबी लाइन में लगे यात्री गर्मी से बेहाल थे। यात्रियों की सुविधा के लिए लगा महापंखा बंद था। काउंटरों के सामने भीड़ में खड़ा होना मुश्किल हो रहा था। टिकट के लिए मजबूरी में खड़े लोग परेशान थे।

क्या कहते हैं यात्री

दिल्ली का टिकट लेने के लिए लाइन में लगे चौरी चौरा के पारस गर्मी में परेशान थे। उनका कहना था कि परिवार के साथ यात्रा पर निकले हैं। गर्मी के मारे परिवार को बाहर बैठाकर लाइन में लगे हैं। ट्रेन में सीट मिलना तो दूर की बात, टिकट लेना ही पहाड़ चढ़ने जैसा हो गया है। उनके बगल में खड़े राम अवतार और शत्रुघ्न का कहना था कि ट्रेन की अपडेट जानकारी भी नहीं मिल पा रही। अवध एक्सप्रेस से मुंबई जाना है, लेकिन डिस्प्ले बार्ड भी बंद पड़ा है। पूछताछ काउंटर पर भीड़ के चलते जानकारी नहीं मिल पा रही। काउंटर पर बैठे लोग भी झिड़क दे रहे हैं। पता नहीं ट्रेन कब और किस प्लेटफार्म पर आएगी। पारस, राम अवता और शत्रुघ्न ही नहीं प्रतिदिन हजारों यात्री स्टेशन पर टिकट को लेकर परेशान हो रहे हैं।

इस वजह से हो रही परेशानी

स्टेशन प्रबंधन न काउंटर बढ़ा रहा, न सभी आटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन चला पा रहा है। यात्रियों को न्यूनतम सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं हो पा रहीं है। यह तब है जब एक से दो दिन में पैसेंजर एमिनिटीज कमेटी की टीम दो जून को गोरखपुर जंक्शन पर स्थित यात्री सुविधाओं का निरीक्षण करने आ रही है। रेलवे प्रशासन भी लगातार यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने का दावा करता रहता है। दोपहर बाद रेलवे स्टेशन पर दिल्ली और मुंबई जाने वाले यात्रियों की भीड़ बढ़ जाती है। टिकट काउंटरों के सामने तो अफरातफरी मच जाती है। इसके बाद भी स्टेशन प्रबंधन संज्ञान नहीं ले रहा। गोरखपुर जंक्शन से प्रतिदिन एक लाख लोग आवागमन करते हैं।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।