Move to Jagran APP

Guru Purnima: गोरक्षपीठाधीश्वर ने की गुरु पूजा, बाबा गोरक्षनाथ को लगाया रोट का भोग, शिष्यों को दिया आशीष

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बाबा गोरखनाथ व नाथ परंपरा के अन्य गुरुओं सहित अपने गुरु ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की पूजा-अर्चना कर अपनी आस्था व श्रद्धा निवेदित की। साथ ही उन्होंने महायोगी गुरु गोरक्षनाथ को रोट अर्पित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।

By Pragati ChandEdited By: Updated: Wed, 13 Jul 2022 08:07 PM (IST)
Hero Image
गोरक्षपीठाधीश्वर व सीएम योगी ने की गुरु पूजा। जागरण-

गोरखपुर, जागरण संवाददाता। गुरु पूर्णिमा पर बुधवार को गोरक्षपीठाधीश्वर व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शिवावतार महायोगी गुरु गोरखनाथ व नाथ परंपरा के अन्य गुरुओं समेत अपने गुरु ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की पूजा-अर्चना कर अपनी आस्था व श्रद्धा निवेदित की। इसके बाद अनेक प्रांतों से आए व गोरक्षपीठ के योगी, महात्माओं ने गोरक्षपीठाधीश्वर की गुरु के रूप में पूजा की। मुख्यमंत्री ने देशवासियों को गुरु पूर्णिमा की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हमें गुरु का पूजन पूरी आस्था और श्रद्धाभाव से करके उनका आशीर्वाद लेना चाहिए।

मंत्रोच्चार के बीच परंपरागत पूजन कर लिया आशीर्वाद : मुख्यमंत्री ने सबसे पहले महायोगी गुरु गोरक्षनाथ को रोट अर्पित कर विधि-विधान से मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना की। उसके बाद वह परिसर में मौजूद सभी देव-विग्रहों के पास पहुंचे और उनका पूजन किया। वह बारी-बारी से बाबा गंभीरनाथ, ब्रह्मलीन महंत दिग्विजयनाथ और ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ समेत ब्रह्मलीन गुरुओं की समाधि पर गए। सभी का मंत्रोच्चार के बीच परंपरागत पूजन कर आशीर्वाद लिया।

महाआरती का हुआ आयोजन: पूजा-अर्चना की आनुष्ठानिक प्रक्रिया सम्पन्न होने के बाद मुख्यमंत्री की अगुवाई में गुरु पूर्णिमा पर होने वाली परंपरागत महाआरती हुई। सभी गुरुओं के प्रति आस्था निवेदित की गई। सभी नाथ योगियों ने भी गोरक्षपीठाधीश्वर का नाथ परंपरानुसार आशीर्वाद लिया। उसके बाद प्रसाद का वितरण किया गया।

चार स्थानों पर आयोजित हुआ सहभोज: दोपहर में गोरक्षपीठाधीश्वर के निर्देशन में मुख्य भंडारा अन्न क्षेत्र, तिलक हाल, मठ के प्रथम तल के हाल एवं हिंदू सेवाश्रम में भंडरा आयोजित हुआ। बड़ी संख्या में जन प्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, शहर के नागरिक समेत विभिन्न संस्थाओं के लोग सहभोज में शामिल हुए। मुख्यमंत्री स्वयं भ्रमण कर सभी जगह इंतजाम का जायजा लेते हुए लोगों का कुशलक्षेम पूछ रहे थे।

क्या कहते हैं योगी

  • नेपाल के काठमांडू के मां पूजा ने कहा कि अनाथ तो नाथ के ही दरबार में आएंगे। गुरु गोरखनाथ हमारे नाथ हैं। अपने भगवान के घर में आकर बहुत शांति व आनंद का अनुभव होता है।
  • राजस्थान के योगी शंभूनाथ ने कहा कि गुरु का दर्शन-पूजन कर आत्मा धन्य हो गई। नेपाल के रुरू क्षेत्र में श्रीराम चित्र महायज्ञ आयोजित किया जाएगा। उसके लिए महाराज जी को निमंत्रित भी किया है।
  • सौनौली के योगी शिव नारायणनाथ ने कहा कि मैं हर साल गुरु पूर्णिमा पर यहां आता हूं। बाबा के चरणों में श्रद्धा अर्पित कर मन को बहुत शांति मिलती है। गुरु पूर्णिमा पर गुरु दरबार में पहुंचना सौभाग्य है।
आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।