Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

देवरिया में दहेज के लिए नवविवाहिता को मार डाला, देवर व ससुर गिरफ्तार

रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम फतेहपुर के लेहड़ा टोला की रहने वाली 25 वर्षीय नवविवाहिता की देर रात दहेज के लिए हत्या कर दी गई। पुलिस ने मृतका के भाई उपेंद्र साहनी की तहरीर पर पति समेत चार लोगों पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया।

By Rahul SrivastavaEdited By: Updated: Fri, 08 Oct 2021 06:45 AM (IST)
Hero Image
घटनास्थल पर जांच करती पुलिस । जागरण

गोरखपुर, जागरण संवाददाता : देवरिया जिले के रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम फतेहपुर के लेहड़ा टोला की रहने वाली 25 वर्षीय नवविवाहिता की देर रात दहेज के लिए हत्या कर दी गई। मृतका के गले पर चोट के निशान पाए गए। पुलिस ने मृतका के भाई उपेंद्र साहनी की तहरीर पर पति समेत चार लोगों पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया। आरोपित ससुर रघुनाथ साहनी व देवर अनिल साहनी को गिरफ्तार कर लिया।

30 मई को सुनील से हुई थी साधना साहनी की शादी

गोरखपुर के चौरीचौरा थाना क्षेत्र के भरकछा गांव के रहने वाले शंकर साहनी की पुत्री साधना साहनी की शादी 30 मई, 2021 को फतेहपुर के लेहड़ा टोला के रहने वाले सुनील साहनी के साथ हुई थी। मृतका के भाई ने तहरीर में कहा है कि विदाई के बाद उनकी बहन ससुराल में ही रह रही थी। शादी के एक सप्ताह बाद दहेज के नाम तीन लाख रुपये की मांग ससुराल वाले कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर बहन को जान से मारने की धमकी दे रहे थे। सुबह फोन गया कि बहन की तबीयत खराब हो गई है। आकर देख लो। जब हमने कहा कि बात करा दो तो आनाकानी करने लगे। मौके पर पहुंचने पर बहन की हत्या की जानकारी हुई। गला दबाकर हत्या की गई है।

पुलिस ने तहरीर के आधार पर दर्ज किया मुकदमा

पुलिस ने मृतका के भाई की तहरीर के आधार पर पति सुनील साहनी, ससुर रघुनाथ साहनी, देवर अनिल साहनी व ननद प्रियंका साहनी के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। कोतवाल बृजेश कुमार मिश्र ने बताया कि चार लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।