Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

राजधानी एक्सप्रेस सेवा की जल्द मिलेगी सौगात, कम समय में पूरा होगा गोरखपुर से लखनऊ का सफर, मिलेगी ये खास सुविधा

गोरखपुर से लखनऊ जाने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। राजधानी एक्सप्रेस सेवा शुरू होने के बाद यात्री सुबह लखनऊ जाकर शाम को वापस लौट सकेंगे। लखनऊ से 300 किमी व उससे अधिक दूरी पर स्थित सभी जिला मुख्यालयों से यह सेवा शुरू की जाएगी।

By Jagran NewsEdited By: Pragati ChandUpdated: Sat, 25 Feb 2023 11:40 AM (IST)
Hero Image
राजधानी एक्सप्रेस सेवा से आसान होगी लखनऊ की राह। (प्रतीकात्मक तस्वीर)

गोरखपुर, जागरण संवाददाता। गोरखपुर को जल्द राजधानी एक्सप्रेस सेवा की सौगात मिलेगी। यात्री आधे घंटे कम समय में ही राजधानी लखनऊ पहुंच जाएंगे। सुबह चलकर रात तक वापस भी हो जाएंगे। शासन के दिशा-निर्देश पर परिवहन निगम ने राजधानी एक्सप्रेस सेवा शुरू करने की तैयारी तेज कर दी है।

इन जिलों से शुरू की जाएगी सेवा

गोरखपुर ही नहीं लखनऊ से 300 किमी व उससे अधिक दूरी पर स्थित सभी जिला मुख्यालयों से राजधानी एक्सप्रेस सेवा शुरू की जाएगी, जिसमें देवरिया, कुशीनगर, महराजगंज और सिद्धार्थनगर शामिल हैं। सभी जिला मुख्यालय से बाइपास सेवा के आधार पर प्रतिदिन एक बस चलाई जाएगी, जो शहर में प्रवेश न कर सीधे लखनऊ पहुंचेगी, जिससे सामान्य से राजधानी एक्सप्रेस बस सेवा का 20 प्रतिशत समय कम हो जाएगा। इस सेवा के लिए दोनों तरफ से फूड प्लाजा निर्धारित किया गया है, जहां बसों का रुकना अनिवार्य होगा।

फूड प्लाजा पर नाश्ते और खाने का आर्डर कर सकेंगे यात्री

प्लाजा में यात्रियों को अतिरिक्त सुविधाएं मिलेंगी। यात्री रास्ते में नाश्ता और खाने का आर्डर कर सकेंगे। इसके लिए बस के अंदर फूड प्लाजा का मोबाइल फोन नंबर अंकित रहेगा। बसें अलग-अलग कलेवर में होगी। उन्हें देखकर ही जिले की पहचान हो जाएंगी। जैसे गोरखपुर से चलने वाली बस पर गुरु गोरक्षनाथ और कुशीनगर से चलने वाली बस पर भगवान बुद्ध से संबंधित चित्र लोगों को अपनी तरफ आकर्षित करेंगे। बसें सुविधा संपन्न और सीटें आरामदायक होंगी। यात्री काउंटर के अलावा आनलाइन भी टिकट बुक कर सकेंगे।

गोरखपुर से सुबह 05:30 बजे होगी रवाना

गोरखपुर डिपो ने लखनऊ राजधानी एक्सप्रेस बस सेवा की संभावित समय सारिणी निर्धारित कर ली है। बस सुबह 05:30 बजे रवाना होकर 11 बजे लखनऊ पहुंचेगी। लखनऊ से शाम 04:00 बजे रवाना होकर रात 09:30 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। लोग राजधानी में दिन भर में अपना कार्य निपटाकर रात तक इसी बस से वापस आ सकेंगे।

क्या कहते हैं अधिकारी

गोरखपुर डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक महेश चंद्र ने बताया कि राजधानी एक्सप्रेस बस सेवा के संचालन को लेकर तैयारी चल रही है। गोरखपुर से जल्द ही शुरुआत हो जाएगी। यह बस सामान्य से आधा घंटे पहले लखनऊ पहुंचेगी। लखनऊ आवागमन करने वाले लोगों को सहूलियत मिलेगी।

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें