Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

गोरखपुर में अब गति पकड़ेंगे 4000 हजार करोड़ के प्रोजेक्‍ट, चुनाव के वजह से बाधित था काम

जीडीए उपाध्यक्ष आनंद वर्द्धन के मुताबिक चंपा देवी पार्क में प्रस्तावित कन्वेंशन सेंटर और राप्तीनगर टाउनशिप परियोजना के टेंडर की प्रक्रिया चुनाव पहले ही पूरी हो गई थी। अब जल्द ही निर्माण भी शुरू होगा। 6000 एकड़ में बसाए जाने वाली नया गोरखपुर परियोजना को भी अब गति मिलेगी। 15 करोड़ से राप्ती रिवर फ्रंट विकसित करने के कार्य का टेंडर भी निकाला जा सकेगा जिसके निर्माण की राह खुलेगी।

By Vivek Shukla Edited By: Vivek Shukla Updated: Thu, 06 Jun 2024 07:55 AM (IST)
Hero Image
राजघाट पुल पर बनेगा फोरलेन पुल। जागरण

अरुण चन्द, जागरण गोरखपुर। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर जारी हुई अधिसूचना के गुरुवार को समाप्त हो जाने के बाद करीब ढाई महीने से लटकी सड़क, पुल, आवासीय परियोजनाओं समेत चार हजार करोड़ से अधिक के विकास कार्यों को अब गति मिलेगी।

इनमें से कई ऐसी परियोजनाएं हैं जिनका शिलान्यास हो गया था, लेकिन टेंडर प्रक्रिया फाइनल नहीं हो पाने की वजह से काम नहीं शुरु हो सका था। 16 मार्च को जारी हुई आदर्श आचार संहिता में सर्वाधिक लोक निर्माण विभाग, सेतु निगम, गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) और नगर निगम की परियोजनाएं प्रभावित हुई थीं। अब इन सभी का निर्माण शुरू हो सकेगा।

फरवरी, मार्च में शासन से स्वीकृत हुई लोक निर्माण विभाग की 942.44 करोड़ की लागत से पिपराइच फोरलेन, 216.19 करोड़ की लागत से हर्बर्ट बांध फोरलेन किए जाने समेत, डोमिनगढ़ से महेसरा फोरलेन, 555 करोड़ की लागत वाली परियोजना विरासत गलियारा के तहत धर्मशाला से लेकर बक्शीपुर, अलीनगर, घंटाघर होते हुए पांडेयहाता मार्ग के चौड़ीकरण आदि की परियोजनाओं का टेंडर नहीं जारी हो पाने की वजह से इनका निर्माण नहीं शुरु हो सका था। अब इन्हें गति मिलेगी।

इसे भी पढ़ें-गोरक्षनगरी में फिर भाजपा की तारणहार बनी गोरक्षपीठ, यहां कम नहीं हुई जनता की निष्ठा

इसी तरह सेतु निगम की ओर से 221.92 करोड़ की लागत से राजघाट पुल पर दो लेन के दो पुलों का निर्माण भी अब शुरु हो सकेगा। जीडीए अपनी आवासीय योजना ग्रीन वुड और राप्तीनगर विस्तार टाउनशिप का निर्माण कार्य शुरू करने के साथ ही अब पंजीकरण की भी प्रक्रिया शुरु कर सकेगा।

जीडीए उपाध्यक्ष आनंद वर्द्धन के मुताबिक चंपा देवी पार्क में प्रस्तावित कन्वेंशन सेंटर और राप्तीनगर टाउनशिप परियोजना के टेंडर की प्रक्रिया चुनाव पहले ही पूरी हो गई थी। अब जल्द ही निर्माण भी शुरू होगा। छह हजार एकड़ में बसाए जाने वाली नया गोरखपुर परियोजना को भी अब गति मिलेगी। इसी तरह नगर निगम की एकला बांध के पास 15 करोड़ से राप्ती रिवर फ्रंट विकसित करने के कार्य का टेंडर भी निकाला जा सकेगा जिसके बाद निर्माण की राह खुलेगी।

45 करोड़ से पहले स्मार्ट रोड का काम शुरु होगा

मुख्यमंत्री-ग्रीन रोड इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट स्कीम (अर्बन) अंतर्गत 45 करोड़ से बनने वाली 03 सड़कों का काम भी अब शुरू हो सकेगा। निगम के मुख्य अभियंता संजय चौहान के मुताबिक परियोजना के अंतर्गत मेडिकल कालेज रोड से शाहपुर थाना होते हुए रिद्धि अस्पताल तक 510 मीटर 24 मीटर चौड़ी सड़क निर्माण पर 8.01 करोड़, मेडिकल कालेज रोड दूरदर्शन आवास होते हुए ब्रदर्श बेकरी तक 471 मीटर लम्बी और 18 मीटर चौड़ी सड़क पर 5.99 करोड़ एवं राजीव नगर कुंआ से राप्तीनगर विद्युत कार्यालय तक 1417 मीटर लम्बी और 18 मीटर चौड़ी सड़क निर्माण पर 12.60 करोड़ खर्च होंगे। ये तीनों मार्ग एक दूसरे से जुड़े हैं। शहर की पांच और सड़कों को स्मार्ट रोड के तौर पर विकसित किया जाएगा। इसकी प्रक्रिया भी शुरु हो गई है।

इसे भी पढ़ें-गोरखपुर में धूल भरी आंधी के साथ बारिश, आगरा में गर्मी को लेकर ऑरेज जोन घोषित, जानिए आज कैसा रहेगा यूपी का मौसम

चटोरी गली भी लेगा आकार

गोलघर इंदिरा बाल विहार को नगर निगम चटोरी गली के रुप में विकसित करेगा। इसके लिए 12 करोड़ रुपये का बजट भी स्वीकृत हो गया है। पार्क के सामने की सड़क चौड़ी की जाएगी। साथ ही फूड प्लाजा और वेंडिंग जोन बनाए जाएंगे। यह कार्य भी अब शुरु होगा। इसके अलावा नगर निगम परिसर में डिजिटल लाइब्रेरी, पुरानी बिल्डिंग का जीर्णोद्धार और ताल नदौर में कान्हा उपवन के निर्माण के लिए टेंडर की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। जल्द ही इसका काम शुरू हो जाएगा। जलनिकासी योजना के तहत 26 नालों का कार्य, त्वरित आर्थिक विकास योजना के तहत 24 सड़कों का निमार्ण भी अब शुरु हो सकेगा।

इन कामों को भी मिलेगी गति

चारफाटक-असुरन चौक फोरलेन मार्ग: 278 करोड़

एचएन सिंह चौराह- हड़हवा फाटक-गोरखनाथ फोरलेन/टू लेन मार्ग: 245 करोड़

मानीराम बालापार टिकरिया गांगी बाजार फोरलेन मार्ग: 838 करोड़

गोरखपुर-खजनी-सिकरीगंज मार्ग का चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण: 60.58 करोड़

पीएसी महिला बटालियन के आवासीय भवन का निर्माण: 224.66 करोड़

कलेक्ट्रेट भवन का निर्माण: 283 करोड़

पुलिस प्रशिक्षण विद्यालय के आवासीय भवनों का निर्माण: 41.28 करोड़

पुलिस प्रशिक्षण विद्यालय के अनावासीय भवनों का निर्माण: 125.16 करोड़

2वीं वाहिनी विशेष सुरक्षा बल के अनावासीय भवनों का निर्माण कार्य: 156.39 करोड़

2वीं वाहिनी विशेष सुरक्षा बल के आवासीय भवनों का निर्माण कार्य: 186.33 करोड़

पीएसी महिला बटालियन के अनावासीय भवन का निर्माण: 119.13 करोड़

गुरुवार को अधिसूचना की अवधि समाप्त हो जाएगी। इसके बाद आचार संहिता की वजह से ठप पड़ी सभी विकास परियोजनाओं को प्राथमिकता के साथ शुरु कराया जाएगा। इनकी समीक्षा की जाएगी। जिन परियोजनाओं के लिए टेंडर जारी किए जाने हैं, उसे जारी कराया जाएगा और जो टेंडर के बाद भी रुके हैं, उन्हें शुरु कराया जाएगा। - कृष्णा करूणेश, डीएम।

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें