Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Gorakhpur: कार की टक्कर से ओवरब्रिज से नीचे गिरे बाइक सवार LIC एजेंट की मौत, पेड़ पर जा लटका बेटा; हालत गंभीर

दुर्घटना रविवार की देर रात धर्मशाला ओवरब्रिज पर हुई। मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रहे बाइक सवार एलआइसी एजेंट व उनके बेटे को कार ने टक्कर मार दिया। जिससे बाइक ओवरब्रिज से नीचे गिर गई। बेटा पेड़ पर जा लटका। हाजसे में एजेंट की मौत हो गई।

By Jagran NewsEdited By: Pragati ChandUpdated: Mon, 15 May 2023 01:19 PM (IST)
Hero Image
मृत राजेश मिश्रा की फाइल फोटो। - स्वजन

गोरखपुर, जागरण संवाददाता। गोरखपुर शहर के धर्मशाला ओवरब्रिज पर रविवार की रात दर्दनाक हादसा हो गया। कार की टक्कर से ओवरब्रिज से नीचे गिरे बाइक सवार एलआइसी एजेंट की मौत हो गई, बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होकर दोनों लोग एचएन सिंह चौराहे से अपने घर दाउदपुर लौट रहे थे। पुलिस बाइक में टक्कर मारने वाली कार के बारे में जानकारी जुटा रही है।

मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रहे थे बाइक सवार

दाउदपुर निवासी राजेश मिश्रा अपने पुत्र रित्विक के साथ रविवार की रात रिश्तेदार के घर जनऊ में शामिल होने गए थे। रात 11 बजे दोनों लोग घर लौट रहे थे। रित्विक बाइक चला रहा था जबकि राजेश पीछे बैठे थे। धर्मशाला ओवरब्रिज पर पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने बाइक में ठोकर मार दिया। झटका लगने से राजेश व रित्विक ओवरब्रिज से नीचे गिर गए। सिर में चोट लगने से राजेश गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि रित्विक सड़क किनारे पेड़ पर जा गिरा।

पेड़ से नीचे गिरने के बाद बेटे ने दी सूचना

नीचे उतरने के बाद उसने हादसे की सूचना आसपास के लोगों को दी। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस दोनों को जिला अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टर ने राजेश को मृत घोषित कर दिया। रित्विक की स्थिति खतरे से बाहर है। एसपी सिटी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने बताया कि बाइक में ठोकर मारने वाले वाहन के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल

राजेश की मौत से परिवार में कोहराम मचा है। हादसे की खबर सुनकर परिवार के साथ ही रिश्तेदार व शुभचिंतक जिला अस्पताल पहुंच गए। तब तक पुलिस ने मोर्चरी में राजेश का शव रखवा दिया था। घरवालों का रो- रोकर बुरा हाल है। उधर, रिश्तेदार घरवालों को ढ़ांढ़स बंधाने में लगे हैं।