Move to Jagran APP

वंदे भारत से यात्रा के लिए आज से टिकटों की बुकिंग शुरू, किराया, टाइम टेबल सहित यहां है पूरी जानकारी

Vande Bharat Train Tickets Booking वंदे भारत ट्रेन से यात्रा करने के इच्छुक यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। रेलवे ने आज से इस ट्रेन के टिकटों की बुकिंग शुरू कर दी है। IRCTC वंदे भारत के यात्रियों को शताब्दी एक्सप्रेस की तरह रास्ते में आप्शनल कैटरिंग सर्विस के अंतर्गत चाय काफी नाश्ता लंच और डिनर की सुविधा भी उपलब्ध कराएगा।

By Jagran NewsEdited By: Pragati ChandPublished: Thu, 06 Jul 2023 08:37 AM (IST)Updated: Thu, 06 Jul 2023 08:37 AM (IST)
गोरखपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या-एक पर खड़ी वंदे भारत और तिरंगे के रंग में रंगा गया स्टेशन परिसर। -जागरण

गोरखपुर, जागरण संवाददाता। पूर्वोत्तर रेलवे ने वंदे भारत ट्रेन का मूल किराया (बेस फेयर) भी निर्धारित कर दिया है। यात्री को गोरखपुर से लखनऊ तक चेयर कार (सीसी) में यात्रा करने के लिए लगभग 724 रुपये तथा एग्जीक्यूटिव कार (ईसी) में यात्रा करने के लिए लगभग 1470 रुपये किराया देना होगा। गुरुवार यानी आज से टिकटों की बुकिंग शुरू हो जाएगी।

रेलवे बोर्ड सेंटर फार रेलवे इंफार्मेशन सिस्टम (क्रिस) के सहयोग से बुधवार की रात 12 बजे इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कारपोरेशन (आइआरसीटीसी) के सिस्टम में वंदे भारत ट्रेन को फीड कर दिया। उसके बाद टिकटों की बुकिंग शुरू हो गई। जानकारों का कहना है कि आज से रेलवे के आरक्षण काउंटरों व आइआरसीटीसी की वेबसाइट पर वंदे भारत के टिकट बिकने शुरू हो जाएंगे।

शताब्दी एक्सप्रेस की तरह रास्ते में मिलेगा चाय, काफी, नाश्ता...

आइआरसीटीसी वंदे भारत के यात्रियों को शताब्दी एक्सप्रेस की तरह रास्ते में आप्शनल कैटरिंग सर्विस के अंतर्गत चाय, काफी, नाश्ता, लंच और डिनर की सुविधा भी उपलब्ध कराएगा। रेलवे बोर्ड ने खानपान सुविधा का भी मूल्य निर्धारित कर दिया है। टिकट बुक करते समय यात्रियों के सामने चाय, काफी, नाश्ता, लंच और डिनर का भी विकल्प होगा। यात्री इनमें से कुछ लेना चाहते हैं तो उन्हें किराया के साथ खानपान की सामग्री का निर्धारित मूल्य भी देना होगा।

नौ से गोरखपुर से लखनऊ के बीच नियमित चलेगी वंदे भारत एक्स.

पूर्वोत्तर रेलवे की पहली वंदे भारत ट्रेन नौ जुलाई से गोरखपुर से लखनऊ (उत्तर रेलवे) के बीच नियमित चलने लगेगी। वातानुकूलित वंदे भारत ट्रेन में सात चेयर कार और एक एग्जीक्यूटिव सहित कुल आठ कोच लगेंगे। ट्रेन में कुल 556 लोग यात्रा कर सकेंगे। 22549/22559 नंबर की वंदे भारत ट्रेन सप्ताह में सिर्फ छह दिन ही चलाई जाएगी। शनिवार को गोरखपुर स्थित न्यू वाशिंग पिट में इस ट्रेन की सफाई-धुलाई और मरम्मत होगी।

रेलवे बोर्ड की अनुमति के बाद रेलवे प्रशासन ने ट्रेन के संचालन, रूट, ठहराव और समय सारिणी की अधिसूचना जारी कर दी है। सात जुलाई को प्रधानमंत्री के हाथों उद्घाटन के बाद नियमित वंदे भारत बस्ती और अयोध्या में ही रुकेगी। यात्री इन स्टेशनों के काउंटरों से टिकट बुक कर सकेंगे। मनकापुर के लेवल क्रासिंग पर ट्रेन का आपरेशनल ठहराव दिया गया है। यह ट्रेन लखनऊ तक की यात्रा सवा चार घंटे में पूरी कर लेगी।

गोरखपुर से वंदे भारत का किराया (रुपये में)

चेयर कार         बस्ती       अयोध्या     लखनऊ

मूल किराया        290           399          608

कुल किराया        390          504          724

एग्जीक्यूटिव कार

मूल किराया         608           844        1271    

कुल किराया        774           1022       1470

लखनऊ से वंदे भारत का किराया

चेयर कार     अयोध्या    बस्ती   गोरखपुर

मूल किराया     351        511      608

कुल किराया     454       622      724

एग्जीक्यूटिव कार

मूल किराया      745       1074     1271

कुल किराया      918      1263     1470

नोट: कुल किराए में आरक्षण चार्ज (40 व 60 रुपये) व सुपरफास्ट चार्ज (45 व 75 रुपये) और पांच प्रतिशत वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) समाहित है।

खानपान सामग्री का निर्धारित मूल्य (रुपये में)

चाय और काफी                 चेयर कार- 15      एग्जीक्यूटिव कार- 15

नाश्ता के साथ चाय              122                     155

भोजन प्रति थाली                  222                     244

स्नैक्स के साथ शाम की चाय   366                      105

उद्घाटन विशेष वंदे भारत की समय सारिणी

गोरखपुर से अपराह्न 03:30 बजे रवाना होकर शाम 03:52 बजे सहजनवा, 04:06 बजे खलीलाबाद, 04:30 बजे बस्ती, 04:52 बजे बभनान, 05:16 बजे मनकापुर, 05:47 बजे अयोध्या, 07:19 बजे बाराबंकी और 08:15 बजे लखनऊ जंक्शन पहुंचेगी।

ट्रेन की निर्धारित समय सारिणी

  • 22549 नंबर की ट्रेन गोरखपुर से सुबह 06:05 बजे रवाना होकर 06:52 बजे बस्ती, 08:15 बजे अयोध्या और 10:20 बजे लखनऊ पहुंचेगी।
  • 22559 नंबर की ट्रेन लखनऊ से शाम 07:15 बजे रवाना होकर रात 09:13 बजे अयोध्या, 10:30 बजे बस्ती और 11:25 बजे गोरखपुर पहुंचेगी।

प्लेटफार्म संख्या नौ से चलेगी

वंदे भारत ट्रेन का नियमित संचालन प्लेटफार्म नंबर नौ से निर्धारित समय से होगा। इससे यह ट्रेन प्लेटफार्म नंबर नौ से न्यू वाशिंग पिट तक आसानी से पहुंच जाएगी। प्लेटफार्म नंबर एक या दो पर आवाजाही में अन्य ट्रेनों का संचालन प्रभावित होगा। स्टेशन प्रबंधन ने इसके संचालन की तैयारी शुरू कर दी है।

सात स्टेशनों पर रुकेगी उद्घाटन विशेष वंदे भारत, होगा भव्य स्वागत

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सात जुलाई को गोरखपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक से अपराह्न 03:40 बजे आठ कोच वाली पूर्वोत्तर रेलवे की पहली सेमी हाईस्पीड ट्रेन वंदे भारत को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। 02549 नंबर की उद्घाटन विशेष वंदे भारत ट्रेन गोरखपुर से चलकर सहजनवा, खलीलाबाद, बस्ती, बभनान, मनकापुर, अयोध्या और बाराबंकी स्टेशन पर रुकते हुए रात 08:30 बजे लखनऊ जंक्शन पहुंचेगी। रास्ते में चिह्नित सभी रेलवे स्टेशनों पर वंदे भारत ट्रेन का भव्य स्वागत होगा। प्रधानमंत्री गोरखपुर-लखनऊ के अलावा जोधपुर-अहमदाबाद साबरमती वंदे भारत ट्रेन को भी हरी झंडी दिखाएंगे। रेलवे बोर्ड की अनुमति के बाद पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन ने उद्घाटन विशेष और नियमित चलने वाली वंदे भारत ट्रेन की अधिसूचना जारी कर दी है। रेलवे प्रशासन ने समारोह को लेकर अपनी तैयारी भी तेज कर दी है।


This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.