Move to Jagran APP

7600 करोड़ के ड्रग्स सिंडिकेट का अहम खिलाड़ी है अखलाक, परिवार ने किया बेदखल; रोते-रोते चली गई मां की आंख

दिल्ली की स्पेशल सेल ने हापुड़ के मोहल्ला पीरबाउद्दीन के अखलाक को 2000 करोड़ रुपए की ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया है। अखलाक ड्रग्स के 7600 करोड़ वाले सिंडिकेट से जुड़ा हुआ है और उसके घर पर देश के विभिन्न प्रदेशों के संदिग्ध लोगों का आना-जाना लगा रहता था। संभावना है कि उसने ड्रग्स की सप्लाई के लिए चेन बनाई हुई थी।

By Kesav Tyagi Edited By: Pooja Tripathi Updated: Sat, 12 Oct 2024 04:29 PM (IST)
Hero Image
ड्रग्स सिंडिकेट अखलाक और उसकी मां की फाइल फोटो।

केशव त्यागी, हापुड़। दिल्ली की स्पेशल सेल द्वारा दो हजार करोड़ रुपये की ड्रग्स के साथ गिरफ्तार हुआ कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला पीरबाउद्दीन का अखलाक ड्रग्स के सिंडिकेट से जुड़ा है। इसकी भनक न जिला पुलिस को लगी न खुफिया विभाग को।

अंदेशा है कि इस सिंडिकेट का वह अहम हिस्सा है। देश के विभिन्न प्रदेशों के संदिग्ध लोगों का उसके घर आना-जाना लगा रहता था। संभवत: उसने ड्रग्स की सप्लाई के लिए चेन बनाई हुई थी।

वह चंदन की लकड़ी व प्रतिबंधित औषधि की तस्करी भी कर चुका है। इस बात से पर्दा किसी और ने नहीं बल्कि, उसके परिवारवालों ने किया है।

(दिल्ली के रमेश नगर स्थित एक दुकान से बरामद नमकीन के इसी पैकेट में कोकेन छिपाया गया था)

परिवार ने अखलाक को किया बेदखल 

करीब चार साल पहले उसे चल-अचल संपत्ति से बेदखल कर दिया था। उसकी गिरफ्तारी के बाद अब उसके स्वजन व परिचितों पर इंटेलिजेंस एजेंसी की नजर है।

रफीक नगर के शमशाद ने बताया कि उसके पिता इस्लामुद्दीन व माता अनीसा हैं। बड़ा भाई इसरार भी परिवार के साथ उसी के साथ रहता है।

अखलाक सबसे बड़ा भाई है और वह मोहल्ला पीरबाउद्दीन में पत्नी समरीन, पुत्री जूबी, जया व छह वर्षीय बच्ची के साथ रहता है। करीब दस साल पहले अखलाक चंदन की लकड़ी की खरीद-फरोख्त करता था।

मेरठ के रिठानी डिपो से माल खरीदकर वह व्यापारियों को सप्लाई करता था। इसकी आड़ में वह चोरी छिपे चंदन की लकड़ी की तस्करी करने लगा।

कई तरह के गैरकानूनी धंधे में लिप्त था अखलाक

वर्ष 2015 में चंदन की लकड़ी की खरीद-फरोख्त के लिए लिया अनुमति दस्तावेज (रवन्ना) खो गया था। जिसके बाद अखलाक समुद्री घोड़े व हिमालय पर पाई जाने वाली प्रतिबंधित औषधियों का व्यापार करने लगा।

इसके अलावा भी वह कई तरह के गैरकानूनी धंधे में लिप्त रहा है। कई बार स्वजन ने उसे समझाने का प्रयास किया लेकिन, वह सभी के साथ मारपीट करने लगा।

रोते-रोते मां की आंखों की चली गई रोशनी

शमशाद ने बताया कि वर्ष 2022 में अखलाक ने उसकी व माता की हत्या का प्रयास किया था। मामले में शिकायत करने पर अखलाक की पत्नी समरीन ने शमशाद व उसके बड़े भाई इस्लामुद्दीन पर छेड़छाड़ का आरोप लगा दिया।

काफी वर्षों से वह पूरे परिवार के साथ मारपीट करता आ रहा है। अखलाक की प्रताड़ना से परेशान होकर आए दिन रोते-रोते माता की आंखों की रोशनी चली गई। जिसके बाद माता का आपरेशन कराया गया।

दो पत्नियों को दे चुका तलाक

अखलाक की पहला निकाह 2003 में पड़ोस में रहने वाली नाजिश से हुआ था। नाजिश ने अखलाक के अवैध संबंध थे। निकाह से पहले ही वह गर्भवती हो गई थी।

उसे तलाक देने के बाद अखलाक का दूसरा निकाह जिला मेरठ के सरधना की नसरीन से हुआ। कुछ साल बाद उसने उसे भी तलाक दे दिया। 2018 में उसने मेरठ की समरीन से निकाह कर लिया।

20 दिन से पिता का खाना कर दिया था बंद

शमशाद ने बताया कि पिता इस्लामुद्दीन सिकंदर गेट चौकी के पास मेडिकल स्टोर चलाते हैं। दो साल पहले अखलाक ने मारपीट कर उसे मेडिकल स्टोर से भगा दिया। जिसके बाद पिता अखलाक के पास ही रहते आ रहे हैं। 20 दिन पहले उसने पिता को बेरहमी से पीटा और खाना तक देना बंद कर दिया था।

डेढ़ साल से संदिग्ध लोगों का घर पर था आना-जाना

पिछले डेढ़ साल से अखलाक के पास देश के विभिन्न प्रदेशों के संदिग्ध लोगों को आना जाना था। कई-कई दिनों तक वह अखलाक के घर पर ही रहते थे। 25 दिन पहले कुछ लोग अखलाक से मिलने आए थे। अखलाक भी कई-कई माह के लिए घर से बाहर रहता था। संभावना है कि जो लोग उसके पास आते थे वह साथ ड्रग्स के धंधे में लिप्त थे।

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें