Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

जयमाला पर दूल्हे ने दुल्हन को किया KISS, फिर खूब चले लाठी-डंडे

थाना देहात क्षेत्र के मोहल्ला अशोकनगर में आयोजित शादी समारोह के दौरान जयमाल पर दूल्हे द्वारा दुल्हन को किस करने पर बवाल हो गया। इस दौरान दोनों पक्षों के लोगों में जमकर लाठी-डंडें व सरिया चले। इस दौरान करीब छह लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं दोनों पक्षों के सात लोगों को पकड़कर थाने भेजा गया।

By Kesav Tyagi Edited By: Geetarjun Updated: Tue, 21 May 2024 09:22 PM (IST)
Hero Image
जयमाला पर दूल्हे ने दुल्हन को किया KISS, फिर खूब चले लाठी-डंडे

जागरण संवाददाता, हापुड़। थाना देहात क्षेत्र के मोहल्ला अशोकनगर में आयोजित शादी समारोह के दौरान जयमाल पर दूल्हे द्वारा दुल्हन को किस करने पर बवाल हो गया। इस दौरान दोनों पक्षों के लोगों में जमकर लाठी-डंडें व सरिया चले। इस दौरान करीब छह लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया।

वहीं, दोनों पक्षों के सात लोगों को पकड़कर थाने भेजा गया। उधर, दुल्हन के बिना बरात लौट गई। मंगलवार को पुलिस ने पकड़े गए सात लोगों का शांतिभंग की धाराओं में चालान किया है।

दो बेटियों की थी शादी

मोहल्ला अशोक नगर के एक व्यक्ति ने बताया कि सोमवार रात उसकी दो पुत्रियों की शादी थी। बड़ी पुत्री की बरात मोहल्ला सुभाषनगर व छोटी पुत्री की बारात मोहल्ला शिवनगर से आई थी। व्यक्ति की बड़ी पुत्री की शादी पूरी धूमधाम से संपन्न हुई। इसके बाद छोटी पुत्री की शादी का आयोजन चल रहा था।

दुल्हन पक्ष हुआ आग-बबूला

जयमाल के दौरान दुल्हन बनी छोटी पुत्री को दूल्हे ने किस कर दिया। इस पर दुल्हन पक्ष के लोग आग-बबूला हो गए। इसको लेकर दोनों पक्षों के लोगों में कहासुनी हो गई। कुछ ही देर में दोनों पक्षों के लोगों ने लाठी-डंडों व सरिया से एक-दूसरे पर हमला कर दिया।

पुलिस ने किया सभी को काबू

हमले में पप्पू, पंकज, नरेश, रवि, पवन व अंकित घायल हो गए। मामले की जानकारी पर पुलिस मौके पर पहुंची और बल प्रयोग कर हालात पर काबू पाया। मौके से पुलिस ने दोनों पक्षों के छह लोगों को हिरासत में लेकर थाने भिजवाया। हमले में घायल लोगों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया।

थाना देहात प्रभारी निरीक्षक महेंद्र सिंह मामले में अभिषेक, नरेश, शिवम, पप्पू, रवि व सलेखचंद के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई की गई है। किसी भी पक्ष की तरफ से तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

दोनों पक्षों में दिनभर चलता रहा समझौते का प्रयास

किस को लेकर विवाद के बाद दुल्हन के बिना ही बारात बेरंग होकर लौट गई। बाद में दोनों पक्षों के लोग इस बात को लेकर मायूस हो गए। मंगलवार सुबह दूल्हे पक्ष के लोग दुल्हन के घर पहुंचे। जहां उन्होंने गलती स्वीकार करते हुए दुल्हन को उनके साथ भेजने की मिन्नत की। सुबह से शाम तक दोनों पक्षों के बीच समझौते को लेकर बहस होती रही लेकिन, कोई नतीजा नहीं निकल सका है।

चर्चा का विषय बन रहा दुल्हे-दुल्हन के किस का किस्सा

दूल्हे द्वारा दुल्हन को किस करने के बाद हुए विवाद को लेकर लड़की पक्ष के लोगों ही नहीं बल्कि मोहल्लेवासियों में भी मायूसी छा गई। बारात लौटने से जहां दुल्हन के चेहरे पर मायूसी थी वहीं, लोगों के बीच यह बात चर्चा का विषय बना हुआ है।

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर