Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

कंगना रनौत के बयान को लेकर धरना-प्रदर्शन; जाम से जूझता रहा UP का यह शहर, AC में बैठे रहे अफसर

भाजपा सांसद कंगना रनौत के किसानों पर विवादित बयान के खिलाफ हापुड़ में भारतीय किसान यूनियन (लोकहित) के कार्यकर्ताओं ने धरना-प्रदर्शन किया। करीब एक घंटे तक चले जाम से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बाद में पुलिस के समझाने पर कार्यकर्ता सड़क से हटे। हालांकि उन्होंने दोबारा तहसील चौराहा पर पहुंचकर पुतला जलाने की कोशिश की लेकिन पुलिस ने पुतला छीन लिया।

By Kesav Tyagi Edited By: Sonu Suman Updated: Wed, 28 Aug 2024 04:53 PM (IST)
Hero Image
कंगना रनौत के बयान को लेकर हापुड़ में धरना-प्रदर्शन।

केशव त्यागी, हापुड़। भाजपा सांसद कंगना रनौत के विवादित बयान के आक्रोशित भाकियू (लोकहित) के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने बुधवार दोपहर नगर पालिका गेट के सामने सड़क पर धरना देकर करीब एक घंटे तक जाम लगाया। जिसके चलते लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी। एक घंटे बाद सीओ सिटी के पहुंचने पर कार्यकर्ता वहां से हट गए। 

कुछ देर बाद दोबारा मार्च निकलते हुए कार्यकर्ता अतरपुरा चौपला से पैदल ही नारेबाजी करते हुए तहसील चौराहा पहुंचे। यहां उन्होंने पुतला जलाने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने पुतला छीन लिया। कार्यकर्ताओं उन्होंने अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन कोतवाली प्रभारी निरीक्षक को सौंपा और घर लौट गए।

50 से अधिक कार्यकर्ताओं ने शुरू किया धरना

भाकियू (लोकहित) का राष्ट्रीय प्रवक्ता हरीश हूण व जिलाध्यक्ष देवेंद्र बाना के नेतृत्व में 50 से अधिक कार्यकर्ता मंगलवार सुबह करीब 11 बजे नगर पालिका स्थित गांधी पार्क में धरने पर बैठ गए। यहां से कार्यकर्ताओं ने 12 बजकर 18 मिनट पर कंगना रणौत का पुतला फूंकने के लिए पैदल ही तहसील चौपला पर पहुंचने के लिए कूच कर दिया। 

मामले की भनक लगने पर नगर पालिका के गेट पर पुलिस ने कार्यकर्ता की कार में रखे पुतले को छीन लिया। इससे सभी में आक्रोश व्याप्त हो गया और वह नपा के मुख्य गेट के सामने सड़क पर धरने पर बैठ गए। कार्यकर्ताओं ने वाहनों का आवागमन बंद कर दिया। इस कारण काफी लंबा जाम लग गया। जाम में फंसे लोगों का बुरा हाल हो गया जिसके चलते पुलिस ने रूट डायवर्ट कर वाहनों को निकालना शुरू कर दिया।

एक घंटे तक पुतला वापस करने की मांग करते रहे कार्यकर्ता

धरने पर बैठे कार्यकर्ता एक घंटे तक पुलिस से छीना गया पुतला वापस करने की मांग करते रहे। पुलिस के समझाने पर वह नहीं माने। करीब सवा बजे सीओ सिटी वरुण मिश्रा मौके पर पहुंचे। काफी देर तक उन्होंने कार्यकर्ताओं को समझाया। जिसके बाद कार्यकर्ता सड़क से हटे और यातायात सुचारू हो सका। मामले की गंभीरता को अनदेखा कर पुलिस व प्रशासन के उच्चाधिकारियों ने मौके पर पहुंचने की जरूरत नहीं समझी।

दोबारा पुतला लेकर तहसील चौपला पहुंचे कार्यकर्ता

धरने से उठने के बाद कार्यकर्ता दोबारा कार में पुतला रखकर अतरपुरा चौपला के पास पहुंचे। यहां से पैदल मार्च करते हुए सभी तहसील चौपला पर पहुंचे। चौराहा पर कार्यकर्ताओं ने कार से पुतला निकालकर उसमें आग लगाने का प्रयास किया। इस दौरान कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रघुराज सिंह समेत अन्य पुलिसकर्मियों व कार्यकर्ताओं के बीच पुतला छीनने को लेकर नोकझोंक होती रही। पुलिस ने किसी तरह पुतला छीना। जिसके बाद कार्यकर्ताओं ने कुछ देर नारेबाजी की। जिसके बाद उन्होंने कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रघुराज सिंह को ज्ञापन सौंपा।

पार्टी से कंगना रनौत को बर्खास्त करने की मांग

भाकियू (लोकहित) का राष्ट्रीय प्रवक्ता हरीश हूण ने बताया कि एक टीवी पर हुए साक्षात्कार में कंगना रनौत ने देश के अन्नदाता किसान को अपशब्द कहकर अपमानित किया है। उनकी मांगे हैं कि भाजपा सरकार कंगना रनौत को पार्टी से बर्खास्त करे। कंगना रनौत सार्वजनिक तौर पर किसानों से माफी मांगे। किसानों को अपशब्द कहने पर कंगना रनौत के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की जानी चाहिए।

अपनी मांगों को लेकर भाकियू (लोकहित) के पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी के नाम लिखे ज्ञापन को उन्हें सौंपा है। इस संबंध में उच्चाधिकारियों को सूचना दे दी गई है। रघुराज सिंह, प्रभारी निरीक्षक, कोतवाली हापुड़ नगर

यह भी पढ़ेंः अब केला खाकर मरेंगी मक्खियां, फलों-सब्जियों की खेती को मिलेगा बढ़ावा, किसान होंगे मालामाल

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर