Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

बकरीद के लिए लौट रहे थे हरदोई, गाजियाबाद में हुआ भयंकर हादसा; एक परिवार के पांच लोगों समेत छह की मौत

बकरीद पर गांव लौट रहा परिवार शनिवार की रात हादसे का शिकार हो गया। गाजियाबाद में हुई घटना में बुजुर्ग महिला की उसके पुत्र बहू और पौत्री व दामाद के साथ मौत हो गई। वहीं गांव की एक अन्य महिला की भी जान चली गई। परिवार केे पांच लोगों समेत छह की मौत की खबर पहुंचते ही गांव शोक में डूब गया।

By Pankaj Mishra Edited By: Aysha Sheikh Updated: Sun, 16 Jun 2024 05:48 PM (IST)
Hero Image
मृतक के घर रोते बिलखतीं महिलाएं - जागरण

संवाद सूत्र, मझिला (हरदोई)। हरियाणा से बकरीद पर गांव लौट रहा परिवार शनिवार की रात हादसे का शिकार हो गया। गाजियाबाद में हुई घटना में बुजुर्ग महिला की उसके पुत्र, बहू और पौत्री व दामाद के साथ मौत हो गई। वहीं गांव की एक अन्य महिला की भी जान चली गई। परिवार केे पांच लोगों समेत छह की मौत की खबर पहुंचते ही गांव शोक में डूब गया और गांव के काफी संख्या में लोग रविवार की सुबह ही गाजियाबाद रवाना हो गई।

मझिला थाना क्षेत्र के कुम्हारुआ निवासी नजूमन अपने पुत्र इरशाद और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ हरियाणा में रहती थीं। इरशाद वहीं पर परिवार के अन्य पुरुषों केे साथ एक ईंंट भट्ठे पर काम करता था। बकरीद पर घर आने के लिए भट्ठा मालिक ने उन सभी को एक डीसीएम से भेज दिया। बताते हैं कि शनिवार की रात गाजियाबाद में एक कंटेनर ने डीसीएम में टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी तेज थी कि डीसीेएम सवार सभी लोग कुचल से गए, जिसमें नजूमन के साथ ही उनके पुत्र इरशाद के साथ ही छोटी बहू सबीना और दो वर्षीय पौत्री फलक के साथ ही शाहजहांपुर के तिलहर निवासी दामाद चुन्नू की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उनके गांव की ही एक अन्य महिला मायावती की मौत हो गई।

इरशाद की पत्नी समेत अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने उनके पास मिले अभिलेखों से पहचान कर घरवालों को सूचना दी और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। इस हादसे की खबर जिसने सुनी सन्न रह गया। थाना प्रभारी सुब्रत तिवारी ने बताया कि शव गांव लाए जा रहे हैं।

मातम में बदलीं त्योहार की खुशियां

इरशाद आठ माह पहले ही घर से रोजी रोटी की तलाश में हरियाणा गया था। वह लोग हर वर्ष जाते थे और भट्ठा पर काम खत्म होने पर गांव लौटते थे। अब बकरीद के चलतेे सभी लोग खुशी खुशी घर लौट रहे थे। उन्हें क्या पता था कि रास्ते में काल उनका इंतजार कर रहा है और त्योहार की खुशियां मातम में बदल जाएंगी।