Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

UP News: शादी तय होने से नाराज मौसा ने कर दी युवती की हत्या, दो साल से चल रहा था प्रेम-प्रसंग

उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में एक युवती की हत्या उसके सगे मौसा ने कर दी। दोनों के बीच दो साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इस बीच युवती की शादी तय हो जाने के कारण मौसा नाराज चल रहा था जिसके चलते उसने युवती की हत्या कर दी। पकड़े जाने के डर से आरोपी ने खुद कोतवाली पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया।

By Jagran News Edited By: Shivam Yadav Updated: Sat, 24 Aug 2024 12:32 AM (IST)
Hero Image
पुलिस हिरासत में आरोपी, मृतका का फाइल फोटो। जागरण

जागरण संवाददाता, हरदोई। मौसी के घर आई युवती की उसके सगे मौसा ने गला दबाकर हत्या कर शव को निर्माणाधीन मकान में मिट्टी के ढेर में दबा दिया था। मौसा के दो वर्ष से युवती से संबंध थे, लेकिन अब युवती की शादी तय हो गई थी। उसी से मौसा नाराज था। 

रक्षाबंधन पर पिता के साथ आई युवती को वह अपने साथ ले गया और फिर हत्या कर दी। गुरुवार को युवती के पिता ने कोतवाली में एफआईआर दर्ज कराई। पुलिस का दबाव देखकर आरोपी ने खुद कोतवाली पहुंचकर आत्मसमर्पण कर घटना का राजफाश किया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर शव भी बरामद कर लिया है।

यह है पूरा मामला

लोनार थाना क्षेत्र के मुजाहिदपुर के मणिकांत द्विवेदी, शहर की शुगर मिल कालोनी में परिवार के साथ रहते थे। कांशीराम कालोनी के पास उन्होंने पानी का प्लांट लगा रखा था। 

बेहटा गोकुल थाना क्षेत्र के बिहगावां के रामसागर पांडेय उनके साढ़ू हैं। रामसागर पांडेय की पुत्री मानसी पांडेय ने मौसा मणिकांत द्विवेदी के घर पर रहकर पढ़ाई की थी। दो बच्चों के पिता मणिकांत द्विवेदी, मानसी के नजदीक कब आ गए, कोई जान ही नहीं पाया। 

बताते हैं कि मणिकांत ने किसी तरह मानसी से संबंध बना लिए और फिर उसका शोषण करता रहा। इन दिनों मानसी अपने गांव पर रहती थी। उसकी बावन चुंगी के पास शादी भी पक्की हो गई थी, लेकिन मणिकांत नहीं चाहता था कि मानसी की शादी हो। 

जैसा कि लोगों ने बताया कि पहले उसने शादी तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हो पाया और मन ही मन में उसने इतनी बड़ी योजना बना ली, इसका किसी को अंदेशा तक नहीं था। 

घरवालों को था पहले से शक

रक्षाबंधन पर मानसी पिता के साथ मौसी के घर आई थी। पिता उसे छोड़कर लखनऊ किसी काम से चले गए। 19 तारीख को मणिकांत, मानसी को लेकर घर से निकला और उसके बाद से मानसी लापता हो गई। मणिकांत घर लौट आया, लेकिन उसने मानसी के बारे में किसी को कुछ नहीं बताया। 

उसका कहना था कि मानसी कहीं चली गई, लेकिन घरवालों को उसके ऊपर पहले से शक था, तो पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मानसी की तलाश शुरू की। मणिकांत को लगा कि उसका राज खुल जाएगा तो गुरुवार की रात उसने खुद कोतवाली पहुंचकर पूरी घटना की पुलिस को जानकारी दी। 

एसपी नीरज कुमार जादौन ने शुक्रवार को घटना के राजफाश की पूरी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हत्या का कारण प्रेम प्रसंग ही रहा और उसी में मणिकांत ने मानसी की हत्या कर दी थी। पुलिस ने पूछताछ के बाद उसे जेल भेज दिया है।

चलती बस में फेंक दिया आरोपी ने मोबाइल

प्यार में पागल आरोपित ने मानसी की हत्या के बाद बचने के लिए चालाकी दिखाई, पुलिस को भ्रमित करने के लिए चलती बस में मोबाइल फेंक दिया, लेकिन पुलिस का डर उसकी नींद उड़ाता रहा, डर से वह खुद कोतवाली पहुंचकर राज खोल दिया।

दूसरे की होते नहीं देख सकता था, इसलिए कर दी हत्या

पुलिस के अनुसार, आरोपी का युवती से दो वर्षों से नजदीकियां थीं। इधर शादी तय हो गई। दूसरे ही हाेते नहीं देख सकता था, इसलिए हत्या कर दी थी। आरोपी के कृत्य पर रिश्तेदार से लेकर परिवार वाले तक कोस रहे हैं।

मानसी का शव देखकर बेहोश हो गया मंगेतर

मानसी की शादी शहर में बावन चुंगी के रहने वाले एक युवक के साथ तय हो चुकी थी। दो माह बाद शादी होनी थी। दोनों घरों में शादी की तैयारियां चल रहीं थी। घटना की सूचना पर मानसी का मंगेतर अपने परिवार के साथ मौके पर आया। मानसी का शव देखकर वह कई बार बेहोश हुआ।

यह भी पढ़ें: कांस्टेबल भर्ती परीक्षा देने आया युवक गिरफ्तार, बनवाए थे दो-दो आधार कार्ड... बायोमेट्रिक में पता चल गई असलियत

यह भी पढ़ें: पुलिस भर्ती परीक्षा देने हरियाणा से आया युवक, डिटेक्टर लगाते ही पुलिस ने कर लिया गिरफ्तार, मिली थी संदिग्ध चीज

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर