Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

हाथरस में भीषण सड़क हादसा- जनरथ बस ने लोडर में मारी टक्कर, महिलाओं-बच्चों समेत 15 लोगों की मौत

आगरा-अलीगढ़ हाईवे पर हाथरस के पास एक भीषण सड़क हादसा हुआ जिसमें 15 लोगों की मौत हो गई और 18 लोग घायल हुए हैं। यह हादसा रोडवेज की जनरथ बस और टाटा मैजिक लोडर की आमने-सामने की भिड़ंत से हुआ। मृतक और घायल सभी एक ही परिवार और पड़ोसी हैं जो आगरा के खंदौली क्षेत्र के गांव सैमरा के निवासी हैं।

By Shivam Yadav Edited By: Shivam Yadav Updated: Fri, 06 Sep 2024 08:01 PM (IST)
Hero Image
पुलिस प्रशासन की ओर से राहत बचत कार्य जारी है।

जागरण संवाददाता, हाथरस। आगरा-अलीगढ़ हाईवे पर शुक्रवार की शाम बड़ा हादसा हुआ। तेज रफ्तार रोडवेज की जनरथ बस और टाटा मैजिक लोडर की आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। हादसे में लोडर में सवार 15 लोगों की मौत हाे गई। इनमें सात पुरुष, चार महिलाएं, चार बच्चे शामिल हैं। 

18 लोग गंभीर घायल हुए हैं। इनमें से ज्यादातर एक ही परिवार के हैं। कुछ पड़ोसी हैं। आठ घायलों को अलीगढ़ रेफर किया गया है। सभी आगरा के खंदौली क्षेत्र के गांव सैमरा के हैं। रिश्तेदार के यहां शोक समारोह में शामिल होकर हाथरस के कस्बा सासनी से लौट रहे थे। अलीगढ़ डिपो की यह बस देहरादून जा रही थी। इसके चालक -परिचालक भी घायल हुए हैं। हादसे का कारण ओवरटेक बताया जा रहा है। 

आमने सामने हुई भिड़ंत, झाड़ियों में जा घुसे वाहन

सासनी क्षेत्र के गांव मुकुंद खेड़ा निवासी राजुद्​दीन की ससुराल आगरा के खंदौली थाना क्षेत्र के गांव सैमरा में है। राजुद्​दीन की दादी अंगूरी का इंतकाल हो गया था। शुक्रवार को उनका 40वां था। राजुद्​दीन के ससुराल से करीब 25-30 लोग इसमें शामिल होने आए थे। सभी लोग टाटा मैजिक लोडर से वापस जा रहे थे। लोडर में करीब 35 लोग थे। 

शाम करीब साढ़े छह बजे करीब बाईपास पर मीतई गांव के पास टाटा मैजिक की सामने से आ रही जनरथ रोडवेज बस से भिड़ंत हो गई। दोनों वाहन अनियंत्रित होकर रोड के किनारे गड्ढों और झाड़ियों में जा घुसे। 

हादसे को देखकर हर कोई सहम गया। वहां जाम लग गया। क्षेत्र के लोग और राहगीर मदद के लिए दौड़ पड़े। चंदपा, हाथरस गेट, हाथरस सदर, सादाबाद, सासनी थाने की पुलिस फोर्स भी वहां पहुंच गई। पुलिस और अग्निशमन दल की टीमों ने झाड़ियों में घायलों को तलाशा। वाहनों में फंसे शवों को निकालकर अस्पताल पहुंचाया।

मृतकों के नाम

इरशाद पुत्र वेदरिया खान, मुन्ना खान पुत्र मसीम अली, मुस्कान पुत्री नूर मोहम्मद, टल्ली पुत्र चुन्ना, तबस्सुम पुत्री टली, नजमा पुत्री आविद, भोला पुत्र नूर मुहम्मद, खशबू पुत्री हाशिम, जमील पुत्र गनी मुहम्मद, छोटे पुत्र वेदरिया खान, अयान पुत्र हाशिम, सूफियान पुत्र हामिद, अल्फेज पुत्र शानू, इसरत, शोयब पुत्र हामिद। 

हाथरस में बाईपास पर ओवरटेक के कारण हादसा है। इनमें 15 लोगों की मौत हुई है। 18 लोग घायल हुए हैं। घायलों को अलीगढ़ रेफर किया गया है। अन्य का उपचार जारी है। मृतक पक्ष से जो भी तहरीर मिलेगी, उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी। 

आशीष कुमार, डीएम हाथरस

सीएम ने जताई संवेदना 

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाथरस में हुए हादसे पर दुख जाताया है। मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने घायलों को समुचित उपचार के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं। साथ ही घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की है। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक ने भी शोक जताया है। 

मृतक आश्रितों को दो लाख व घायलों को पचास हजार 

हादसे को लेकर पीएम कार्यालय ने शोक जताया है। साथ ही पीड़ित परिवारों के लिए पीएम कार्यालय ने मुआवजे की घोषणा की है। इस संबंध में एक्स पर की गई पोस्ट के अनुसार मृतकों के परिजनों को दो लाख और घायलों के परिजनों को पचास हजार रुपये देने की घोषणा की गई है। यह राशि पीएमएनआरएफ फंड से दी जाएगी।