Move to Jagran APP

अग्निवीर भर्ती के लिए दौड़ लगा रहे युवक को लोडर ने मारी टक्कर, फंसकर 10 किमी तक घिसटता रहा शव

उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में शनिवार को अग्निवीर भर्ती के लिए दौड़ लगा रहे युवक को लोडर ने टक्कर मार दी। टक्कर मारने के बाद चालक ने लोडर को रोकने के बजाए स्पीड और तेज कर दी । युवक की बेल्ट उसी में फंस गई जिससे वह 10 किलोमीटर तक घिसटता चला गया। इसी बीच युवक ने दम तोड़ दिया। ग्रामीणों ने पीछा कर शव को बाहर निकाला।

By Jagran News Edited By: Abhishek Pandey Updated: Sun, 14 Jul 2024 09:32 AM (IST)
Hero Image
अग्निवीर भर्ती के लिए दौड़ लगा रहे युवक को लोडर ने मारी टक्कर

जागरण संवाददाता, जालौन। अग्निवीर भर्ती की तैयारी के लिए दौड़ लगा रहे युवक को लोडर ने टक्कर मार दी। रुकने के बजाय चालक लोडर दौड़ाता रहा, युवक की बेल्ट उसी में फंस गई और वह 10 किलोमीटर तक घिसटता चला गया। युवक ने इस बीच दम तोड़ दिया।

घटना शनिवार रात आठ बजे हमीरपुर-जोल्हूपुर हाईवे पर हमीरपुर के सरसई गांव में हुई। ग्रामीणों ने पुलिस को बताया और लोडर का पीछा किया। वह 10 किलोमीटर दूर जालौन के कदौरा में पकड़ में आया। वहां शव को बाहर निकाला गया।

ग्रामीणों के अनुसार, टक्कर के बाद युवक की मौत नहीं हुई थी। अगर वह घिसटते न जाता तो शायद उसकी जान बच जाती। चालक के अनुसार उसे नहीं पता था कि युवक उसके वाहन में फंसा है।

दौड़ लगाने के लिए निकला था युवक

हमीरपुर के थाना कुरारा के ग्राम सरसई निवासी 22 वर्षीय प्रहलाद कुशवाहा पुत्र शिव नारायण कुशवाहा अग्निवीर भर्ती की तैयारी कर रहा था। रोजाना की तरह वह शनिवार रात को हमीरपुर-जोल्हूपुर हाईवे पर दौड़ने का अभ्यास करने निकला। कुरारा की ओर से आ रहे एक लोडर ने उसे पीछे से टक्कर मार दी।

प्रहलाद सड़क पर गिर गया और उसकी पैंट की बेल्ट लोडर की कमानी में फंस गई। चालक ने भागने के चक्कर में लोडर की रफ्तार बढ़ा दी। हमीरपुर जिले की पुलिस की सूचना पर जालौन की पुलिस सक्रिय हो गई और हाईवे पर चेकिंग लगा दी। सरसई से 10 किलोमीटर दूर कदौरा बस स्टाप के पास चालक को लोडर समेत पकड़ लिया गया। उसने बताया कि उसे शव फंसे होने की जानकारी नहीं हुई थी।

प्रभारी निरीक्षक विजय पांडेय ने बताया कि हमीरपुर की पुलिस को जानकारी दे दी गई है। आगे की कार्रवाई की जा रही है। ग्रामीणों के अनुसार लोडर की रफ्तार करीब 80 किमी प्रति घंटा की थी।

इसे भी पढ़ें: जालौन में विहिप के पूर्व जिलाध्यक्ष को बदमाशों ने मारी गोली, गंभीर रूप से घायल

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।