Move to Jagran APP

Jalaun Murder Case: हिरासत में लिया गया छात्रा का मंगेतर, पूछताछ पर उगला हमले का रहस्य; खुद कबूला जुर्म

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई। तब तक आरोपित भाग चुके थे छात्रा के पिता ने हत्या का आरोप उसके मंगेतर पर लगाया। शाम को पुलिस ने आरोपी को हिरासत में भी ले लिया।

By shiv kumar jadonEdited By: Shivam YadavUpdated: Mon, 17 Apr 2023 11:14 PM (IST)
Jalaun Murder Case: हिरासत में लिया गया छात्रा का मंगेतर, पूछताछ पर उगला हमले का रहस्य; खुद कबूला जुर्म
शाम को पुलिस ने आरोपी को हिरासत में भी ले लिया।

जालौन, जागरण संवाददाता: जालौन के एट थाना क्षेत्र में हाईवे पुल के समीप सोमवार की दोपहर 12 बजे कोटरा रोड पर एक छात्रा की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई। तब तक आरोपित भाग चुके थे, छात्रा के पिता ने हत्या का आरोप उसके मंगेतर पर लगाया। शाम को पुलिस ने आरोपी को हिरासत में भी ले लिया। पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। हत्या में शामिल उसके एक रिश्तेदार को पुलिस तलाश कर रही है।

कस्बा एट में रामलखन डिग्री कॉलेज में स्नातक कर रही 21 वर्षीय छात्रा रोशनी पुत्री मान सिंह निवासी ऐंधा सोमवार की सुबह परीक्षा देने के लिए गई थी। परीक्षा खत्म होने के बाद दोपहर 12 बजे पैदल घर लौट रही थी। इसी दौरान कोटरा रोड हाईवे पुल के समीप बाइक सवार दो नकाबपोश हमलावर उसके समीप आए और गर्दन पर तमंचा सटाकर उसे गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। 

वारदात के बाद वहां सनसनी फैल गई। घटना के बाद आरोपी हाईवे की तरफ बाइक से भाग गए। राहगीरों द्वारा पुलिस को घटना की सूचना दी गई। 15 मिनट बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई। कॉलेज की ड्रेस में सड़क पर खून से लथपथ पड़ी छात्रा अंतिम सांसें गिन रही थी। देखते ही देखते उसने दम तोड़ दिया। स्थानीय पुलिस के अलावा एसपी डॉ. ईरज राजा मौके पर पहुंच गए और घटनास्थल का मुआयना दिया। 

छात्रा के पिता मान सिंह ने संदेह जताया कि उसकी हत्या कदौरा थाना क्षेत्र के जमरेही निवासी राजू अहिरवार ने की है। दरअसल, राजू के साथ रोशनी की शादी तय हुई थी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर राजू समेत दो लोगों के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया। बाद में राजू को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। पुलिस अधीक्षक डाॅ. ईरज राजा ने बताया कि आरोपी राजू अहिरवार ने हत्या में अपना हाथ कबूल कर लिया है।

इस वजह से अंजाम दी वारदात

स्नातक की छात्रा रोशनी अहिरवार ग्राम ऐंधा की रहने वाली है, दो साल पहले तक माता पिता के साथ वह उरई में किराए के मकान में रहती थी। इसी दौरान उसकी शादी कदौरा थाना क्षेत्र के जमरेही गांव निवासी राजू अहिरवार के साथ तय हुई थी, लेकिन बाद में किन्हीं वजहों से रिश्ता टूट गया। 

पूछताछ में राजू अहिरवार ने पुलिस को बताया कि वह रोशनी से प्यार करता था, उससे वह शादी करना चाहता था। लेकिन उसे जानकारी हुई कि रोशनी चार अन्य युवकों से भी मोबाइल पर बात करती है। जिन लड़कों से वह बात करती थी उसने उनसे संपर्क कर मना किया, लेकिन वे नहीं माने। इसके बाद उसने रोशनी को सबक का सिखाने का मन बनाते हुए उसकी हत्या करने का प्लान बनाया।

पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा का कहना है कि घटना के मुख्य आरोपी राजू को गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना में शामिल दूसरे युवक को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। आरोपी सनकी स्वभाव का है। जिन युवकों से रोशनी बात करती थी, उनके साथ भी राजू से विवाद हुआ था।