Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

रिश्ते का खून: भूमि विवाद में भाई व पिता ने पीटकर उतारा मौत के घाट, मां समेत 14 पर मुकदमा दर्ज

भूमि विवाद में एक परिवार ने मिलकर अपने ही सदस्य विनोद शुक्ला (47) की पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना के पीछे पुश्तैनी घर में बने मकान के निर्माण कार्य को रोकने का विवाद बताया जा रहा है। पुलिस ने विनोद की पत्नी की तहरीर पर उनके पिता पांच भाइयों और मां सहित 14 लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

By Amardeep Srivastava Edited By: Shivam Yadav Updated: Fri, 27 Sep 2024 07:36 PM (IST)
Hero Image
विनोद शुक्ला। फाइल फोटो स्रोत - परिजन

संवाद सूत्र, जौनपुर। क्षेत्र के खरगापुर (खोइरी) गांव में गुरुवार की रात भूमि विवाद में 47 वर्षीय विनोद शुक्ल की पिता व भाइयों ने पीटकर हत्या कर दी। विनोद की पत्नी सुमन की तहरीर पर पुलिस ने पांच भाइयों, पिता व मां सहित अन्य घरवालों पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घर में पूजा के बहाने बुलाकर घटना को अंजाम दिया गया। घटना के बाद से सभी फरार हैं, फिलहाल अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।

यह है पूरा मामला

गांव निवासी कैलाश शुक्ल के छह पुत्र हैं। आपसी विवाद की वजह से दो वर्ष पहले विनोद शुक्ल पुश्तैनी घर से लगभग एक किलोमीटर दूर मकान बनवा रहते थे। कुछ हिस्सा बना उसके बाद पिता ने काम रुकवा दिया। परिवार वहीं रहता था और विनोद मुंबई में। 

काम रुकने के बाद से पिता के अलावा भाइयों से भी विनोद का विवाद गहरा गया। कैलाश शुक्ल को पितृपक्ष में गया श्राद्ध के लिए जाना था। इसके लिए घर में पूजा थी। गुरुवार की शाम सात बजे भाइयों ने विनोद को आपसी विवाद सुलझाने के लिए घर पर बुलाया था। 

बातचीत के दौरान ही मारपीट हो गई। आरोप है कि विनोद को पांच भाइयों मनोज, प्रदीप, प्रमोद उर्फ नेता, आनंद व संदीप के अलावा पिता कैलाश व मां धर्मशीला ने धारदार हथियार व लाठी-डंडे से मार-पीटकर घायल करने के बाद कमरे में बंद कर दिया। 

एक घंटे बाद पति के घर न पहुंचने पर पत्नी सुमन जब खोजते हुए पहुंची तो उसे घर के भीतर नहीं जाने दिया गया। इसके बाद उसने मुंबई में रह रहे अपने भाई नीलेश दुबे को फोन कर घटना की जानकारी दी। 

भाई ने फौरन बरसठी थानाध्यक्ष कश्यप कुमार सिंह को बताया। मौके पर पहुंची पुलिस ने कमरे में बंद घायल विनोद को इलाज के लिए सीएचसी पहुंचाया, जहां से डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। रात लगभग नौ बजे जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। 

पत्नी सुमन की तहरीर पर पुलिस ने भाई मनोज, प्रदीप, प्रमोद उर्फ नेता, आनंद व संदीप के साथ पिता कैलाश व मां धर्मशीला के अलावा मनोज की पुत्री खुशी, पुत्र रिशु व पत्नी कुसुम, प्रमोद की पत्नी नीतू, बहन निधि तिवारी, बुआ रेखा मिश्र व सरोजा मिश्रा सहित 14 के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।

घर में पूजा में बैठने के दौरान मारपीट हुई। महिलाओं व पुरुषों ने घर में बंद कर विनोद की पिटाई की। सीएचसी पहुंचाने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहां पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इस मामले में 14 के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।

-विवेक सिंह, क्षेत्राधिकारी, मड़ियाहूं

यह भी पढ़ें: Jaunpur Accident: तेज रफ्तार इनोवा ने दिव्यांग सहित दो युवकों को रौंदा, मौत; 400 मीटर तक घसीटती रही गाड़ी

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें