Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Jhansi News: नवोदय विद्यालय में 9वीं की छात्रा ने की आत्महत्या, सीनियर्स पर परेशान करने का आरोप

झाँसी के नवोदय विद्यालय में कक्षा 9 की एक छात्रा ने शनिवार की रात हॉस्टल की सीढ़ियों पर दुपट्टे के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। छात्रा के पिता ने आरोप लगाया है कि हॉस्टल की दो सीनियर छात्राएँ उनकी बेटी को परेशान करती थीं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जाँच कर रही है।

By Jagran News Edited By: Vivek Shukla Updated: Sun, 29 Sep 2024 11:37 AM (IST)
Hero Image
अनुष्का की फाइल फोटो, मेडिकल कॉलिज में रोती मां को संभालते परिजन। जागरण

जागरण संवाददाता, बरुआसागर (झाँसी)। नवोदय विद्यालय में शनिवार की रात उस समय हड़कंप मच गया, जब कक्षा 9 की छात्रा का शव हॉस्टल की सीढ़ियों पर दुपट्टे के सहारे फांसी के फंदे पर लटका मिला। छात्रा का शव मिलने से नवोदय विद्यालय प्रशासन में अफरा-तफरी मच गयी। सूचना पाकर पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई।

पुलिस ने जांच-पड़ताल के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिये भेज दिया। मृतका के पिता ने आरोप लगाया कि हॉस्टल की 2 सीनियर छात्राएं उनकी बेटी को परेशान करती थीं, इससे क्षुब्ध होकर बेटी ने यह आत्मघाती कदम उठा लिया।

गुरसराय निवासी जय हिन्द पटेल की 14 वर्षीय पुत्री अनुष्का पटेल नवादेय विद्यालय में कक्षा 9 की छात्रा थी। वह कक्षा 4 से नवोदय विद्यालय में पढ़ रही थी। शनिवार की रात लगभग 8.30 बजे अनुष्का का शव हॉस्टल की सीढ़ियों पर दुपट्टे के सहारे फांसी के फंदे पर लटका मिला। छात्रा का शव मिलने से विद्यालय में हड़कंप मच गया।

सूचना पाकर एसडीएम (सदर) परमानन्द सिंह, सीओ (सिटि) श्वेता तिवारी, सीओ (टहरौली) अजय कुमार, बरुआसागर थाना प्रभारी सरिता मिश्रा समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने जांच-पड़ताल के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिये भेजा।

इसे भी पढ़ें-BHU के 11 विज्ञानियों पर भारत बायोटेक ने पांच करोड़ की मानहानि का किया दावा

मृतका के पिता जय हिन्द का आरोप है कि हॉस्टल की सीनियर छात्राएं उनकी बेटी को परेशान करती थीं। बेटी ने फोन पर उन्हें बताया था कि हॉस्टल की सीनियर 2 छात्राएं उसे परेशान करती हैं। इस पर उन्होंने बेटी को समझाया था कि हिलमिल कर रहो, लेकिन उक्त छात्राएं उनकी बेटी को आये दिन परेशान कर रही थी।

मृतका ने अपनी माँ को भी फोन पर सीनियर छात्राओं के द्वारा उसे परेशान किये जाने की बात कही थी। मृतका ने मां को बताया था कि सीनियर छात्राएं उससे खाना लेकर आने के लिये कहती थी। कहती थीं कि कम नंबर आने की टेंशन नहीं लेना, वह लोग संभाल लेंगी।

मृतका के पिता ने बताया कि उन्हें रात 9 बजे विद्यालय से फोन आया कि अनुष्का की तबीयत खराब है, जल्दी आ जाओ। आनन-फानन वह लोग पहुँचे। तो पता चला कि अनुष्का ने फांसी लगा ली है और उसकी मौत हो चुकी है।

इधर, घटना की जानकारी होते ही अपर जिलाधिकारी अरुण सिंह, पुलिस अधीक्षक (नगर) ज्ञानेन्द्र कुमार सिंह, नवाबाद थाना प्रभारी जितेन्द्र कुमार सिंह मेडिकल कॉलिज पहुँचे और घटनाक्रम की जानकारी ली।

फॉरेन्सिक टीम ने एकत्र किये साक्ष्य

नवोदय विद्यालय में छात्रा के खुदकुशी करने के मामले पर पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया। मौके पर फॉरेन्सिक टीम को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किये।

इसे भी पढ़ें-दोस्‍तों से बंधवाए हाथ-पैर, फ‍िर अपने ही पिता से मांगे 25 लाख

गिनती में बच्चों की संख्या कम मिलने पर हुई घटना की जानकारी

नवोदय विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चों की हर रोज गिनती होती है। आज भी बच्चों की गिनती की गयी तो एक छात्रा की संख्या कम मिली। इस पर विद्यालय प्रशासन में भी हड़कम्प मच गया। छानबीन की तो देखा कि हॉस्टल की सीढ़ियों पर दुपट्टे के सहारे अनुष्का का शव देख सभी के होश उड़ गये।

अनुष्का ने कभी नहीं बताया कि उसे परेशान किया जा रहा : प्रधानाचार्य

नवोदय विद्यालय के प्रधानाचार्य रामप्रसाद तिवारी ने बताया कि अनुष्का ने कभी नहीं बताया कि हॉस्टल में उसे परेशान किया जा रहा है। यदि इस प्रकार की शिकायत अनुष्का करती तो कार्यवाही की जाती।

माता-पिता व भाई का है रो-रोकर बुरा हाल

जय हिन्द की 2 संतान हैं। 14 साल की अनुष्का बड़ी बेटी थी। एक 10 साल का छोटा बेटा है। अनुष्का पढ़ाई में काफी होशियार थी। बेटी के मौत की खबर सुनकर माता-पिता बेसुध हो गये। भाई का भी रो-रोकर बुरा हाल था। परिवार के लोग अनुष्का की माँ को बार-बार सँभाल रहे थे।

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें