Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

होमगार्ड के कन्धे की शान बनी थ्री-नॉट-थ्री राइफल, वर्ष 2020 में कर दी गई थी रिटायर; जानें इस राइफल का इतिहास

Three Not Three Rifleपुलिस विभाग का पुलिस डे हो या फिर विभाग से जुड़ा कोई कार्यक्रम पुलिस परेड के लिए सजाये गए मैदान में थ्री नॉट थ्री राइफल सीना ताने खड़ी नजर आती थीं। यूपी पुलिस का 75 साल तक साथ देने वाली थ्री नॉट थ्री राइफल को 26 जनवरी 2020 को परेड के बाद विदाई दे दी गयी थी।

By Jagran News Edited By: riya.pandey Updated: Sat, 30 Dec 2023 11:33 AM (IST)
Hero Image
होमगार्ड के कन्धे की शान बनी थ्री-नॉट-थ्री राइफल

जागरण संवाददाता, झांसी। Three Not Three Rifle: तीन साल पहले रिटायर हो चुकीं थ्री-नॉट-थ्री राइफल आज भी होमगार्ड के कन्धे की शान बनी हुई हैं। इसके एवज में होमगार्ड को इन्सास थमाकर हाइटेक करने की तैयारी है, लेकिन जिले में थ्री-नॉट-थ्री रिटायर्ड नहीं हो सकीं और आज भी होमगार्ड के कन्धों पर नजर आ रही हैं। ट्रेनिंग न मिलने के कारण होमगार्ड को इन्सास नहीं मिल सकीं, इसलिए उन्हें थ्री-नॉट-थ्री से ही काम चलाना पड़ रहा है। 

पुलिस विभाग का पुलिस डे हो या फिर विभाग से जुड़ा कोई कार्यक्रम, पुलिस परेड के लिए सजाये गए मैदान में थ्री नॉट थ्री राइफल सीना ताने खड़ी नजर आती थीं। यूपी पुलिस का 75 साल तक साथ देने वाली थ्री नॉट थ्री राइफल को 26 जनवरी 2020 को परेड के बाद विदाई दे दी गयी थी। प्रदेश में राइफल से 26 जनवरी को अन्तिम बार फायर कर जमा कराया गया था।

प्रथम विश्व युद्ध में पहली बार हुआ था इस्तेमाल

इस राइफल का इस्तेमाल सबसे पहले 1914 में प्रथम विश्व युद्ध के दौरान किया गया था। 1945 में पहली बार थ्री नॉट थ्री राइफल यूपी पुलिस को मिली थी। इन राइफल्स का असली नाम ली एनफील्ड था। इस राइफल को सबसे पहले ब्रिटिश आर्मी ने इस्तेमाल करना शुरू किया था। 

मौजूदा समय में थ्री नॉट थ्री राइफलें पुलिस लाइन में जमा करा दी गयी थीं। हालाँकि, यह राइफल खराब नहीं हुई थी, इसलिए इस राइफल का उपयोग पुलिस विभाग की जगह होमगार्ड करता आ रहा है। थ्री नॉट थ्री राइफल धारी होमगार्ड को सुरक्षा ड्यूटी में तैनात किया। इसी बीच होमगार्ड को हाइटेक बनाकर इन्सास राइफल से लैस कराने की तैयारी शुरू कर दी गयी, लेकिन जिले में अधिकांश होमगार्ड ट्रेनिंग नहीं ले सके और अब तक उनको इन्सास नहीं मिल सकी। 

ज्यादा लम्बी होने की वजह से हटाई गई

थ्री नॉट थ्री राइफल करीब 44.5 इंच (साढे़ तीन फीट से ज्यादा) लम्बी होती हैं। इसमें बैरल की लम्बाई करीब 25 इंच होती है। थ्री नॉट थ्री की मारक क्षमता दो किलोमीटर तक की होती है। इनकी जगह अब इन्सास राइफल लेने लगी है। इन्सास राइफल की लम्बाई करीब 37.8 इंच और इसकी बैरल की लम्बाई 18.3 इंच होती है। इसकी मारक क्षमता करीब 400 मीटर होती है। यूपी पुलिस के पास इन्सास के अलावा 23 हजार एसएलआर राइफल भी हैं।

झांसी मंडलीय कमांडेंट होमगार्ड विशम्भर प्रसाद मिश्र के अनुसार, थ्री नॉट थ्री राइफल की जगह इन्सास राइफल दी जा रही है। ट्रेनिंग के बाद यह होमगार्ड को दे दी जायेगी, जिसकी तैयारी चल रही है। 

WhatsApp पर हमसे जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.

यह भी पढ़ें:

मेला घूमने गए युवक ने मां को फोन पर बोला- 'खाना बनाओ, घर आ रहा हूं'... लेकिन बीच रास्ते में बस में रौंदा

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें