Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

UP 112 में तैनात सिपाही ने महिला से की छेड़छाड़, एसपी ने कर दिया बर्खास्त

कन्नौज में शराब के नशे में घर में घुसकर महिला से छेड़छाड़ करने वाले यूपी 112 के सिपाही उमेश चंद्र को पुलिस अधीक्षक ने बर्खास्त कर दिया है। महिला के पति को झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर सिपाही ने उसके साथ मारपीट भी की थी। मामले की जांच में महिला के आरोप सही पाए गए जिसके बाद आरोपी सिपाही को पुलिस सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है।

By amit kuswaha Edited By: Abhishek Pandey Updated: Wed, 09 Oct 2024 08:15 AM (IST)
Hero Image
प्रस्तुति के लिए इस्तेमाल की गई तस्वीर

संवाद सूत्र, जागरण, तालग्राम (कन्नौज)। शराब के नशे में घर में घुसकर महिला के छेड़छाड़ करने वाले सिपाही को एसपी ने पुलिस सेवा से बर्खास्त कर दिया है। मारपीट में सिर व सीने में चोट लगने से घायल हुआ सिपाही लखनऊ के प्राइवेट अस्पताल में भर्ती है। वहां उसकी हालत में सुधार बताया जा रहा है।

थाना तालग्राम क्षेत्र में यूपी 112 में तैनात सिपाही उमेश चंद्र रविवार रात शराब के नशे में कस्बे के ही एक मुहल्ले में रहने वाली महिला के घर में घुस गया था। महिला दो बच्चों के साथ घर में थी। उसके पति को झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर महिला से सिपाही छेड़छाड़ करने लगा था।

विरोध पर सिपाही ने महिला से की मारपीट

विरोध करने पर सिपाही ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी थी। महिला के शोर मचाने पर मुहल्ले में स्थापित देवी पंडाल से लोग दौड़कर पहुंच गए थे। उन्होंने सिपाही की हरकतों का विरोध किया। इस पर सिपाही लोगों के साथ अभद्रता करने लगा था। इससे लोगों ने सिपाही के साथ मारपीट कर दी थी। लोगों से बचने के लिए सिपाही भागा। इस दौरान चबूतरे से गिरकर वह घायल हो गया था।

मामला पुलिस अधीक्षक अमित कुमार आनंद के पास पहुंचा। इस पर उन्होंने पूरे घटनाक्रम की जांच कराई। पुलिस जांच में महिला की ओर से सिपाही उमेश चंद्र पर लगाए गए आरोप सही साबित हुए। इसके बाद एसपी ने कार्रवाई करते हुए आरोपित सिपाही उमेश चंद्र को पुलिस सेवा से बर्खास्त कर दिया।

एसपी अमित कुमार आनंद ने बताया कि जांच में महिला की ओर से लगाए गए आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए। इस पर आरक्षी को बर्खास्त कर दिया गया है। मामले में विधिक कार्रवाई भी की जा रही है।

सीओ सदर ने महिला के दर्ज किए बयान

मंगलवार को सीओ सदर कमलेश कुमार थाना तालग्राम पहुंचे। सीओ ने पीड़िता को बुलवाया। महिला सिपाहियों की मौजूदगी में पीड़िता से घटना के बारे में जानकारी की। सभी बिंदुओं पर जानकारी करने के साथ ही महिला के बयान भी दर्ज किए गए।

महिला अब नहीं चाहती कार्रवाई

पीड़िता का कहना है की आरोपित सिपाही के खिलाफ कार्रवाई हो गई है। इसलिए अब वह अपनी तरफ से कोई कार्रवाई नहीं चाहती है। दूसरी तरफ मुहल्ले के लोगों ने बताया कि यह सिपाही इस मुहल्ले में घटना वाली रात से पहले कभी नहीं देखा गया। महिला के यहां जाने से पहले सिपाही ने मुहल्ले के एक युवक के साथ परचून की दुकान से सिगरेट की डब्बी ली थी। इसके बाद वहां पर दो युवक आपस में बातचीत कर रहे थे। उन्हें झगड़ न करने की बात कहकर हड़काया था। सिपाही ने युवकों को झगड़ा करने पर जेल भेज देने की हिदायत दी थी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सिपाही ने कहा था कि आज से पहले इतनी कभी नहीं पी है। वहां पर लोगों से कहा अब मुहल्ले में चलकर लोगों की ऐसी तैसी करेंगे। इसके बाद सिपाही वहां से चला गया। चर्चा है कि उस समय सिपाही वर्दी में भी नहीं था।

घायल अवस्था में सीएचसी पहुंचा था सिपाही

सिपाही घायल अवस्था में कस्बा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचा था। उस समय उसके सिर व शरीर पर काफी चोटें थी। उसका प्राथमिक उपचार किया गया। इसके बाद तत्काल ही जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया था।

दो लोगों से की थी पूछताछ

लोगों से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस ने रात में मुहल्ले के दो लोगों को पूछताछ के लिए उठाया था। जब सुबह सिपाही बर्खास्त कर दिया गया पुलिस ने दोनों को छोड़ दिया गया। दूसरी तरफ पुलिस इस संबंध में इन्कार कर रही है।

इसे भी पढ़ें: आंगनबाड़ी में टॉयलेट क्लीनर पीने से तीन साल के मासूम की मौत, गुस्साए लोगों ने किया हंगामा

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें