Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    UP News: बाढ़ से बिगड़े हालात तो ग्रामीणों ने शुरू किया पलायन, गंगा का पानी खतरे के निशान से 22 सेमी दूर

    Updated: Tue, 02 Sep 2025 06:26 PM (IST)

    कन्नौज में गंगा का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ की स्थिति गंभीर हो गई है। कासिमपुर और बख्सीपुर्वा के ग्रामीणों ने पलायन शुरू कर दिया है। गंगा खतरे के निशान से बस 22 सेंटीमीटर दूर है। प्रशासन ने अलर्ट जारी कर दिया है और राहत शिविरों में ग्रामीणों को सहायता दी जा रही है। भारी बारिश और बांध से पानी छोड़े जाने के कारण जलस्तर में वृद्धि हुई है।

    Hero Image
    बाढ़ से बिगड़ने लगे हालात, गंगा खतरे के निशान से 22 सेमी दूर

    जागरण संवाददाता, कन्नौज। गंगा का जलस्तर अब फिर बढ़ने लगा है। इससे तटवर्ती कटरी इलाके में बाढ़ से हालात बिगड़ने लगे हैं। ग्रामीणों ने सामान समेट कर कासिमपुर और बख्सीपुर्वा से पलायन किया है। वहीं राजस्व और फ्लड पीएसी की टीमें लगातार जलस्तर की निगरानी कर रही हैं। राहत शिविर में ग्रामीणों को भोजन-पानी मुहैया कराया जा रहा है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    पहाड़ और मैदानी क्षेत्रों में हो रही वर्षा से गंगा का जलस्तर अब फिर बढ़ने लगा है। मंगलवार को गंगा का जलस्तर 125.75 मीटर दर्ज किया गया है। इससे अब खतरे के निशान 125.97 मीटर से गंगा का जलस्तर 22 सेंटीमीटर नीचे है। उफान पर गंगा रौद्र रूप देखकर ग्रामीणों में दहशत बढ़ने लगी है।

    कासिमपुर और बख्सीपुर्वा गांव में घुटनों तक पानी भरा हुआ है। इससे नाव का सहारा लेकर ग्रामीण परिवार के साथ बाहर आ गए हैं। गंगा के अलावा काली नदी भी उफान पर है। इससे अलियापुर गांव से लेकर करीब 10 किलोमीटर दाईपुर गांव तक चारों ओर पानी भरा हुआ है।

    ग्रामीणों के सामने मवेशियों को चारा खिलाने की सबसे अधिक परेशानी है। जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने बताया कि गंगा का जलस्तर बढ़ रहा है। इससे कटरी क्षेत्र में अलर्ट है। ग्रामीणों को सुरक्षित स्थानों पर ठहरने की अपील की गई है। राजस्व और फ्लड पीएसी के अलावा कोतवाली पुलिस को तैनात किया गया है।

    छोड़ा गया पानी, बढ़ेगा जलस्तर

    लगातार वर्षा के साथ-साथ बांध से गंगा नदी में पानी छोड़ा जा रहा है। मंगलवार को नरौरा बांध से 1,61,454 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। छोड़े गए पानी का असर जिले में बुधवार दोपहर तक दिखाई देगा। इससे अनुमान लगाया गया है कि अभी गंगा का जलस्तर और बढ़ेगा।

    नाव संचालन पर लगाई गई रोक

    गंगा का रौद्र रूप देखते हुए जिलाधिकारी ने नाव संचालन पर प्रतिबंध लगाया है। कोई भी नाविक सवारियों को लेकर नौका सैर नहीं कराएगा। फिलहाल मछुआरों को मछली पकड़ने में छूट दी गई है। मेहंदी घाट चौकी पुलिस को पक्के और कच्चे घाट पर तैनात किया गया है।

    comedy show banner
    comedy show banner