Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Kannauj News: नवाब सिंह यादव के भाइयों के होटल पर ध्वस्तीकरण की तैयारी, नोटिस जारी

कन्नौज में नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी पूर्व ब्लॉक प्रमुख भाइयों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। प्रशासन ने उनके सांई होटल को ध्वस्त करने का नोटिस जारी किया है। तीन दिन में अवैध निर्माण हटाने के निर्देश दिए गए हैं अन्यथा प्रशासन कार्रवाई करेगा। प्रशासन का दावा है कि सरकारी तालाब की जमीन पर कब्जा कर होटल का निर्माण किया गया है।

By amit kuswaha Edited By: Abhishek Pandey Updated: Tue, 24 Sep 2024 03:23 PM (IST)
Hero Image
नवाब सिंह यादव के भाइयों के होटल पर ध्वस्तीकरण की तैयारी

जागरण संवाददाता, कन्नौज। किशोरी से दुष्कर्म कांड में आरोपित पूर्व ब्लाक प्रमुख भाइयों की अब मुश्किलें और बढ़नी शुरू हो गई हैं। प्रशासन ने दोनों भाइयों के सांई होटल के ध्वस्तीकरण की तैयार कर ली है। इसके लिए प्रशासन ने नोटिस जारी किया है। इस नोटिस में तीन दिन में स्वयं अवैध निर्माण हटाने को कहा है। ऐसा न करने पर प्रशासन की ओर से ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी। होटल तालाब की भूमि पर बना है।

11 अगस्त की रात पुलिस ने पूर्व ब्लाक प्रमुख नवाब सिंह यादव को 15 वर्षीय किशोरी से दुष्कर्म के आरोप में उसके डिग्री कालेज से गिरफ्तार किया था। पीड़िता अपनी बुआ के साथ नवाब सिंह के पास पहुंची थी। पुलिस की जांच में सामने आया था कि किशोरी से दुष्कर्म में उसकी बुआ भी शामिल है। इससे 22 अगस्त की रात पुलिस ने बुआ को गिरफ्तार किया था।

वहीं बुआ ने पुलिस को बताया था कि नवाब सिंह के छोटे भाई पूर्व ब्लाक प्रमुख नीलू ने मेडिकल परीक्षण न कराने और कोर्ट में बयान बदलने के लिए उसे चार लाख रुपये दिए थे। इससे पुलिस ने इस मामले में नीलू को भी आरोपी बनाया है। शासन के निर्देश पर राजस्व टीमें नवाब सिंह और नीलू व उसके करीबियों के नाम की संपत्तियों की जांच कर रही हैं। इस दौरान पाया गया कि शहर के सरामीरा में जीटी रोड किनारे नवाब सिंह यादव की मां मूला देवी के नाम से सांई होटल संचालित है।

प्रशासन का दावा है कि सरकारी तालाब की जमीन पर कब्जा कर होटल का निर्माण किया गया है। मौजूदा समय में नीलू यादव का करीबी किराये पर होटल का संचालन कर रहा है। सदर तहसीलदार की ओर से सोमवार को मूला देवी के नाम से नोटिस जारी किया गया है। इसमें कहा गया है कि तालाब की भूमि पर होटल का निर्माण है। इससे बुधवार तक स्वयं अवैध कब्जे को हटा लिया जाए, अन्यथा प्रशासन की ओर से ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी।

तहसीलदार प्रभारी नायब तहसीलदार हिमांशु प्रभाकर ने बताया कि शासन के निर्देश पर पैमाइश के बाद नोटिस जारी किया गया है। निर्धारित समय के बाद ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी।

2021 में जारी हुए आदेश के आधार पर होगी कार्रवाई

वर्ष 2021 में 31 मार्च को तहसीलदार कोर्ट ने तालाब की सुरक्षित जमीन पर अवैध कब्जा हटाने का आदेश जारी किया था। पूर्व ब्लाक प्रमुख भाइयों की मां मूला देवी ने सिविल कोर्ट से इस आदेश के खिलाफ स्टे लिया था। कोर्ट के आदेश के अनुसार इस दौरान ध्वस्तीकरण की कार्रवाई नहीं हुई थी। इससे अब प्रशासन ने इसी आदेश को बहाल करते हुए ध्वस्तीकरण कार्रवाई के लिए नोटिस जारी किया है।

डेढ़ माह पूर्व मां का हुआ था निधन

पूर्व ब्लाक प्रमुख नवाब सिंह यादव की मां मूला देवी का करीब डेढ़ माह पूर्व निधन हो गया। यह होटल उसकी मां के नाम पर है। इससे प्रशासन ने मूला देवी की संपत्तियों के वारिस हकदारों का भी जिक्र किया है।

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें