Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

सैफई में योगी सरकार पर जमकर बरसे अखिलेश, कहा- UP में चल रहा रंग और नाम बदलने का फैशन

Akhilesh Yadav News समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने प्रदेश सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि इस सरकार में जितना किसान अपमानित हुआ है इतना कभी नहीं हुआ। अन्नदाता जो हमारा पेट भरता है और हमारे लिए रोटी- कपड़े का इंतजाम करता है उसको सबसे ज्यादा अपमानित किया गया।

By Shaswat GuptaEdited By: Updated: Fri, 27 Aug 2021 03:34 PM (IST)
Hero Image
सैफई में लोगों से मिलते हुए अखिलेश यादव।

इटावा, जेएनएन। Akhilesh Yadav News उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव के करीब आते ही राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। सभी पार्टियां अपनी प्रतिद्वंद्वी पार्टी की नाकामियां गिनाकर मतदाताओं को लुभाने में जुट गई हैं। कांग्रेस, सपा, बसपा और आप समेत तमाम छोटे दल भाजपा को महंगाई और बेरोजगारी दूर करने में फेल करार दे रहे हैं। इसी बीच सैफई में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व सीएम अखिलेश यादव एक आर फिर प्रदेश सरकार पर हमलवार होते नजर आए। यहां उन्होंने भाजपा पर किसान विरोधी होने का भी आरोप लगाया। रक्षाबंधन के बाद अखिलेश सैफई में गुरुवार को पहुंचे थे। उन्होंने सैफई के लोक निर्माण विभाग के गेस्ट हाउस में सपा कार्यकर्ताओं से मिलने के बाद पत्रकारों से बातचीत भी की। 

भाजपा है किसान विरोधी: अखिलेश यादव ने भाजपा पर हमला करते हुए कहा कि इस सरकार में जितना किसान अपमानित हुआ है इतना कभी नहीं हुआ। अन्नदाता जो हमारा पेट भरता है और हमारे लिए रोटी और कपड़े का इंतजाम करता है उसको सबसे ज्यादा अपमानित किया गया। किसानों को मवाली, आतंकवादी जैसे शब्दों से भी नवाजा गया है। झूठे मुकदमे लगाए गए। उन्होंने उज्ज्वला योजना पर तंज कसते हुए कहा कि लाभार्थियों को गैस सिलिंडर तो दे दिए गए, लेकिन सिलिंडर भरवाने की कीमत क्या है यह नहीं बताया गया। भाजपा के लोगों को गांव गांव जाकर माताओं-बहनों से माफी मांगनी चाहिए कि जिस तरीके से उन्होंने पेट्रोल डीजल व सिलिंडर के रेट बढ़ाए हैं। वह हर घर का बजट बिगाड़ रहे हैं। 

जनाक्रोश यात्रा को बताया सफल: अखिलेश यादव ने कहा कि जो दल समाजवादी विचारधारा से मिलते जुलते हैं और भाजपा को हराना चाहते हैं उन सभी को साथ लाया जाएगा। उन्होंने महान दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष केशव देव मौर्य को बधाई देते हुए कहा कि जनाक्रोश यात्रा उनकी शानदार रही। महानदल के कार्यकर्ता सड़कों पर आकर लोगों के बीच हैं। सपा सभी जातियों को जोड़ेगी। जातियों की आबादी के हिसाब से उनको हक और सम्मान मिलना चाहिए।

यूपी में चल रहा नाम बदलने का फैशन: सपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश में इन दिनों रंग और नाम बदलने का फैशन चल रहा है। अगर मुख्यमंत्री को मालूम पड़ जाता है कि रंग व नाम बदलने से फायदा है तो तुरंत बदल दिया जाता है। अगर आप भी गलती से लखनऊ चले गए तो आपका भी नया नाम रख दिया जाएगा। 

युवाओं से की अपील: कार्यक्रम के अंत में अखिलेश ने नौजवानों से कहा कि वे अपने भविष्य के लिए, रोजगार के लिए, नौकरी के लिए, काम के लिए समाजवादी पार्टी से जुड़ें। इस अवसर पर पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव, तेज प्रताप सिंह यादव, गोपाल यादव जिलाध्यक्ष, आशीष राजपूत, शिव किशोर यादव ब्लाक प्रमुख चकरनगर, राजवीर सिंह यादव, पारस सिंह यादव, रामबाबू यादव प्रधान, शिवराम सिंह यादव अध्यक्ष मंडी कर्मचारी कल्याण संघ मौजूद रहे।

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर