Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Kanpur में गंगा किनारे से आनंदेश्वर मंदिर तक बनेगा एलीवेटेड रास्ता, स्नान के बाद सीधा आरती करने जा सकेंगे भक्त

कानपुर के आनंदेश्वर मंदिर में काशी विश्वनाथ मंदिर की तरह कारिडोर विकसित किया जा रहा है। सांसद सत्यदेव पचौरी ने अधिकारियों के साथ मंदिर व गंगा घाट का निरीक्षण किया है। इस कारिडोर का काम तीन चरणों में होना है।

By Jagran NewsEdited By: Abhishek AgnihotriUpdated: Mon, 07 Nov 2022 06:46 AM (IST)
Hero Image
कानपुर के आनंदेश्वर मंदिर में विकसित किया जा रहा कारिडोर।

कानपुर, जागरण संवाददाता। काशी विश्वनाथ मंदिर कारिडोर की तर्ज पर आनंदेश्वर मंदिर धाम कारिडोर विकसित किया जा रहा है। यहां गंगा के किनारे से मंदिर तक एलीवेटेड रास्ता बनाया जाएगा, ताकि श्रद्धालु गंगा स्नान कर सीधे आरती करने पहुंच सकें। इस संबंध में रविवार को भाजपा सांसद सत्यदेव पचौरी ने जिलाधिकारी विशाख जी, मुख्य विकास अधिकारी सुधीर कुमार, नगर आयुक्त शिवशरणप्पा जीएन के साथ मंदिर व गंगा घाट का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान चर्चा हुई कि पुलिस चौकी के सामने बने दरबार के मुख्य गेट से दाहिने होते हुए गंगा से मंदिर तक एक एलीवेटेड रास्ता बनाया जाएगा। यह आरसीसी के खंभों पर बनेगा। रोज की आरती के लिए अलग से एक स्थल बनाया जाएगा। वर्ष 2010 में जो बाढ़ आई थी, उसमें जलस्तर अधिकतम था। इसलिए आरती स्थल उससे ऊंचा बनाया जाएगा। बाबा आनंदेश्वर कारिडोर में तीन चरणों में काम होना है।

पहले चरण में छह करोड़ रुपये से अभी काम हो रहा है। इसमें मार्ग को सुगम बनाने के साथ पार्किंग स्थल बनाया जा रहा है। इसके साथ ही वीआइपी रोड से मंदिर तक सड़क बन रही है और उसे 40 फीट चौड़ा किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान सांसद ने बताया कि गंगा तट से बनने वाले वैकल्पिक मार्ग में अवरोधक अतिक्रमण हटाया जाएगा। 

तीन चरणों में होंगे ये काम 

पहला चरण : पार्किंग स्थल, मार्ग चौड़ीकरण व सुंदरीकरण। 

दूसरा चरण : मंदिर तक पहुंचने का नया रास्ता। सेल्फी प्वाइंट, आरती स्थल का सुंदरीकरण। 

तीसरा चरण : मुख्य मार्ग का सुंदरीकरण। मुख्य गेट से त्रिशूल गेट तक का रास्ता दुरुस्त होगा। दुकानें हटाकर मार्ग चौड़ा होगा।

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें