Move to Jagran APP

फतेहपुर की डीएम की बीमार गाय के लिए लगाई सात पशु चिकित्सकों की फौज, सीवीओ ने रोजाना तय की ड्यूटी

फतेहपुर में जिलाधिकारी आवास के कर्मचारियों की देखरेख में गाय पालन किया जा रहा है इसमें पिछले 15 दिनों से एक गाय बीमार है। उसकी देखरेख के लिए सीवीओ ने पशु चिकित्सकों की सप्ताह में दिनवार ड्यटी लगा दी है।

By Abhishek AgnihotriEdited By: Updated: Sun, 12 Jun 2022 03:06 PM (IST)
Hero Image
डीएम आवास में गाय के उपचार के लिए सात पशु चिकित्सक लगाए।

फतेहपुर, जागरण संवाददाता। किसी से छिपा नहीं है कि गौशाला में न जाने कितने गोवंशी बीमारी के चलते दम तोड़ रहे हैं, इतना ही नहीं गोशाला संचालक भी पशु चिकित्सक न मिलने की भी शिकायतें करते रहते हैं। लेकिन, जिले में डीएम की गाय के लिए सीवीओ ने पशु चिकित्सकों की पूरी फौज लगा दी है। सप्ताह के सातों दिन अलग अलग पशु चिकित्सकों की ड्यूटी दिनवार तय कर दी है। सीवीओ के जारी आदेश की कॉपी इंटरनेट मीडिया के सोशल प्लेटफार्म पर वायरल हो रही है।

डीएम आवास में दूध व घी जरूरत को पूरा करने के लिए कर्मचारियों की देखरेख में गाय पालन होता है, इसमें एक गाय पिछले 15 दिनों से बीमार है। गाय के उपचार और देखरेख के लिए प्रभारी पशु मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. एसके तिवारी ने सात डाक्टरों की ड्यूटी लगा दी है। यह डाक्टर सप्ताह में एक-एक दिन स्वास्थ्य परीक्षण करेंगे और गाय के स्वास्थ्य की निगरानी रखेंगे, इस आशय के आदेश दिए गए हैं। 

पशु मुख्य चिकित्सा अधिकारी का आदेश पत्र इंटरनेट मीडिया के सोशल प्लेटफार्म पर वायरल हो रहा है। इतना ही नहीं उसपर तरह-तरह के कमेंट भी आने शुरूहो गए हैं। आदेश पत्र में लिखा है- जिलाधिकारी महोदया की गाय की चिकित्सा करने हेतु निम्नांकित पशु चिकित्साधिकारी की प्रतिदिन सुबह-शाम की ड्यूटी लगायी जाती है। और साथ ही डा. दिनेश कुमार अतिद्ध पशु चिकित्साधिकारी सनगांव संबंधित पशु चिकित्साधिकारी से समन्वय स्थापित कर प्रतिदिन सुबह शाम देखने की सूचना अधोहस्ताक्षरी के कार्यालय में शाम 6:00 बजे तक दूरभाष के माध्यम से अवगत कराएंगे। 

नोट-किसी भी पशु चिकित्साधिकारी की अनुपस्थिति में उस दिन का कार्य डा. सुरेश कुमार कन्नौजिया दमापुर पशु चिकित्साधिकारी करेंगे। उक्त कार्य में शिथिलता अक्षम्य है। 

इस तरह लगायी ड्यूटी

डॉ. मणीष अवस्थी पशु चिकित्साधिकारी भिटौरा- सोमवार

डॉ. भुवनेश कुमार पशु चिकित्साधिकारी ऐरायां- मंगलवार

डॉ. अनिल कुमार पशु चिकित्साधिकारी उकाथू- बुधवार

डॉ. अजय कुमार दुबे पशु चिकित्साधिकारी गाजीपुर- गुरुवार

डॉ. शिवस्वरूप पशु चिकित्साधिकारी मलवां- शुक्रवार

डॉ. प्रदीप कुमार पशु चिकित्साधिकारी असोथर- शनिवार

डॉ. अतुल कुमार पशु चिकित्साधिकारी हसवा- रविवार

इस बारे में पशु मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि डीएम बंगले की गाय थनैला रोग की शिकार हो गई थी। नियमित उपचार से रोग नियंत्रण में हैं, लेकिन गाय के थन में घाव हो गये हैं। किसी एक डाक्टर की ड्यूटी लगाने चिकित्सक रोज जाने में दिक्कत महसूस करते हैं और उनका अन्य काम भी प्रभावित होता है। इस कारण सप्ताह में अलग अलग डाक्टर को देखभाल के लिए समय तय किया गया है। गाय को राहत मिलते ही ड्यूटी खत्म कर दी जाएगी।

गोशाला में कराहते गोवंशी : जिलाधिकारी आवास की गाय बीमार हुई तो पशु विभाग ने सात चिकित्सकों की ड्यूटी लिखापढी में लगा दी गई । गोवंशी के प्रति विभाग की यह सजगता  सराहनीय है, लेकिन गोशालाओं में दर्जनॊं की संख्या बीमारी से कराह रहे गोवंशी का दर्द जिम्मेदारों को क्यों नहीं दिख रहा। विभाग सभी मवेशियों के प्रति ऎसे सजग हो जाए तो न जाने कितने मवेशियों की जान बचाई जा सकती है।

-बीमार गाय के इलाज के लिए सीवीओ से कहा था, सात डाक्टरों की ड्यूटी लगाने का  आदेश किसने जारी किया है, यह उनकी जानकारी में नहीं है। -अपूर्वा दुबे, जिलाधिकारी फतेहपुर

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें