विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Heavy Rainfall Alert: कानपुर में मानसून ने तोड़े रिकार्ड, दो दिन में 136 मिलीमीटर बारिश, जानें मौसम पूर्वानुमान

Published: Thu, 03 Sep 2026 06:16 AM (IST)

कानपुर में सितंबर की शुरुआत से मानसून फिर सक्रिय हो गया है, जिसने दो दिनों में कुल 136 मिमी वर्षा ...और पढ़ें

चावला मार्केट चौराहा पर भरा पानी । जागरण

चावला मार्केट चौराहा पर भरा पानी । जागरण

HighLights

  1. शहर से गुजर रही मानसून ट्रफ और कम दबाव के क्षेत्र से बना वर्षा का माहौल

  2. अगले पांच दिन मध्यम से घने बादल, गरज-चमक के साथ वर्षा के आसार

  3. दूसरे दिन भी 68 मिमी वर्षा, कम दबाव के क्षेत्र और सक्रिय मौसमी प्रणालियों से बना बरसात का माहौल

जागरण संवाददाता, कानपुर। सितंबर की शुरुआत में मानसून ने कानपुर में एक बार फिर जोर पकड़ लिया है। शहर में लगातार दूसरे दिन 68 मिलीमीटर वर्षा हुई। दो दिनों में कुल 136 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है। शहर से गुजर रही मुख्य मानसून ट्रफ और पूर्वोत्तर मध्य प्रदेश के ऊपर बने कम दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से वर्षा का माहौल बना हुआ है। लगातार बादल और वर्षा होने से तापमान में गिरावट आई है, जिससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली है।


मौसम विभाग के अनुसार मुख्य मानसून ट्रफ पंजाब के बठिंडा और हरियाणा के रोहतक से होते हुए हरदोई, कानपुर के रास्ते पूर्वोत्तर मध्य प्रदेश में बने कम दबाव के क्षेत्र तक बनी हुई है। इसके बाद यह द्रोणिका बिहार के दीघा होते हुए बंगाल की खाड़ी तक जा रही है। कम दबाव का क्षेत्र अगले 24 घंटे में दक्षिणी उत्तर प्रदेश और उत्तरी मध्य प्रदेश की ओर बढ़ने के आसार हैं। इसके प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में वर्षा की गतिविधियां बनी रहेंगी।

मंगलवार को अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.3 डिग्री कम रहा। न्यूनतम तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.2 डिग्री अधिक है। अधिकतम सापेक्षिक आर्द्रता 97 और न्यूनतम 84 प्रतिशत दर्ज की गई। उत्तर-पूर्व दिशा से चली हवाओं की औसत गति 3.8 किलोमीटर प्रति घंटा रही, जबकि अधिकतम गति 9.3 किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई।

शहर के ऊपर से गुजर रही ट्रफ लाइन

मौसम विशेषज्ञ डा. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि मुख्य मानसून ट्रफ लाइन पंजाब के बठिंडा और हरियाणा के रोहतक से होते हुए उत्तर प्रदेश के हरदोई और कानपुर के रास्ते पूर्वोत्तर मध्य प्रदेश के कम दबाव वाले क्षेत्र तक पहुंच रही है। इसके आगे यह पश्चिम बंगाल के दीघा से होते हुए बंगाल की खाड़ी तक फैली है। शहर के ऊपर से ट्रफ लाइन गुजरने और आसपास कम दबाव का क्षेत्र सक्रिय होने से बारिश की गतिविधियां तेज बनी हुई हैं। उन्होंने बताया कि
पूर्वोत्तर मध्य प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में बना कम दबाव का क्षेत्र अगले 24 घंटे में दक्षिणी उत्तर प्रदेश और उत्तरी मध्य प्रदेश की ओर बढ़ने की संभावना है। डा. पांडेय ने बताया कि अगले पांच दिनों तक मध्यम से घने बादल छाए रहने की संभावना है।

इधर, न जिलों में आज भारी वर्षा

मौसम विभाग के अनुसार, बांदा, चित्रकूट, फतेहपुर, कानपुर नगर एवं आसपास के इलाकों में बुधवार को भारी से बहुत भारी वर्षा के पूर्वानुमान हैं। इसके अलावा फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, उन्नाव, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर एवं आसपास के क्षेत्रों में भारी बरसात का अलर्ट जारी किया गया है।

यह भी पढ़ें- Kanpur Bullet Train: अब कानपुर से दिल्ली दूर नहीं... 1.50 घंटे में पहुंचाएगी बुलेट ट्रेन, हाईस्पीड रेल से सफर का सपना पूरा

यह भी पढ़ें- UP में श्रमिकों के लिए खुला योजनाओं का खजाना, कन्या विवाह-शिक्षा से लेकर मुफ्त स्वास्थ्य जांच तक की सुविधा, जानें पूरी योजना