Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

कानपुर के लोगों के लिए खुशखबरी, अब यह सड़क होगी फोरलेन; लखनऊ और उन्नाव के लिए रास्ता हो जाएगा आसान

कानपुर के कर्बला चौराहे पर लगने वाले जाम से जल्द ही निजात मिलने वाली है। लोक निर्माण विभाग चौराहे से विकास नगर रोड को पंचशील अपार्टमेंट तक अतिक्रमण हटाकर फोरलेन करेगा। इससे पहले से ही फोरलेन रोड को जोड़ा जाएगा। इस प्रोजेक्ट के लिए छह करोड़ रुपये का बजट मांगा गया है। फोरलेन बनने से न सिर्फ जाम की समस्या खत्म होगी बल्कि दुर्घटनाओं में भी कमी आएगी।

By ritesh dwivedi Edited By: Abhishek Pandey Updated: Thu, 19 Sep 2024 08:17 AM (IST)
Hero Image
कर्बला से विकास नगर जाने वाली यही रोड बनेंगी फोर लेन। जागरण

जागरण संवाददाता, कानपुर। गंगा बैराज से शहर में प्रवेश के दौरान कर्बला चौराहे पर वाहन सवार घंटों जाम में फंसे रहते हैं लेकिन अब जल्द ही इस समस्या का निदान होगा। लोक निर्माण विभाग कर्बला चौराहे से विकास नगर रोड को पंचशील अपार्टमेंट तक अतिक्रमण हटाकर फोरलेन करेगा। इससे आगे का रोड पहले से फोरलेन है। पीडब्ल्यूडी ने निर्माण के लिए छह करोड़ का बजट मांगा है।

गुरुदेव चौराहे से चिड़ियाघर तक फोरलेन रोड बना है लेकिन इससे आगे का गंगा बैराज तक एक किमी का हिस्सा टू लेन है, जिसके चलते प्रतिदिन शाम को वाहनों का दबाव बढ़ने पर कर्बला चौराहे से गंगा बैराज रोड पर जाम लगता है। सड़क चौड़ी न होने के कारण वाहन चालकों को परेशानी होती है।

फोरलेन के लिए जारी किए थे निर्देश

करीब एक माह पहले मंडलायुक्त अमित गुप्ता ने पीडब्ल्यूडी प्रांतीय खंड दो के अधिशासी अभियंता अखंडेश्वर प्रसाद के साथ इस रोड का निरीक्षण किया था। उन्होंने चौराहे का चौड़ीकरण करने के साथ ही सड़क को फोरलेन करने के निर्देश दिए थे।

लोक निर्माण विभाग ने लगभग एक किमी सड़क को फोरलेन करने का प्रस्ताव मुख्यालय भेज दिया है। इसके लिए छह करोड़ रुपये का बजट मांगा गया है।

रोड के फोरलेन होने के बाद कर्बला चौराहे पर जाम की समस्या खत्म होने के साथ ही ब्लैक स्पाट भी खत्म हो जाएगा। अचानक मोड़ आने के कारण कई बार यहां पर दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, जिसके बाद रोड को फोरलेन करने का निर्णय लिया गया है। फोरलेन बनने से विकास नगर डिपो से उन्नाव और लखनऊ जाने वाली रोडवेज बस के यात्रियों का सफर भी आसान हो जाएगा।

अटल घाट से कर्बला चौराहे तक बनेगा डिवाइडर

गंगा बैराज पार करने के बाद रोड में कोई डिवाइडर नहीं बना है। जिसके चलते दुर्घटना होने की संभावना बनी रहती है। इन दुर्घटनाओं को रोकने के लिए अटल घाट से कर्बला चौराहे तक डिवाइडर का निर्माण भी किया जाएगा। इससे अटल घाट के पास से ब्लैक स्पाट भी खत्म हो जाएगा।

अधिशासी अभियंता प्रांतीय खंड दो अखंडेश्वर प्रसाद ने बताया- गंगा बैराज रोड में कर्बला चौराहे से विकास नगर की तरफ जाने वाले रोड को फोरलेन करने का प्रस्ताव भेजा गया है। बजट आने के बाद निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।

इसे भी पढ़ें: कानपुर में तस्करों ने फैलाई सनसनी, गांजा तस्करी के विवाद में फायरिंग और बमबाजी; इलाके में दहशत का माहौल

इसे भी पढ़ें: भाजपा में विशेष सदस्यता अभियान खत्म होते ही दावेदार पहुंचे लखनऊ, उपचुनाव के लिए कर रहे दावेदारी

आपके शहर की तथ्यपूर्ण खबरें अब आपके मोबाइल पर